एसबीएस यूनिवर्सिटी के छात्रों ने पुसा कृषि विज्ञान मेले में सीखी आधुनिक कृषि तकनीक

एसबीएस यूनिवर्सिटी के छात्रों ने पुसा कृषि विज्ञान मेले में सीखी आधुनिक कृषि तकनीक

देहरादून। सरदार भगवान सिंह (एसबीएस) यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड फॉरेस्ट्री के छात्रों ने 25 से 27 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित पुसा कृषि विज्ञान मेले का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह दौरा छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी साबित हुआ। मेले का मुख्य विषय विकसित कृषि – आत्मनिर्भर भारत तथा अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष रहा।

इस दौरान छात्रों ने मेले में लगे 300 से अधिक स्टॉलों का अवलोकन किया, जिनमें बहुराष्ट्रीय कंपनियों और देश की अग्रणी कृषि कंपनियों ने आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया। यहां कृषि और बागवानी से जुड़े उत्पादों, बीजों, उर्वरकों और भारी कृषि मशीनरी की जानकारी छात्रों को प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त हुई।

छात्रों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के 50 से अधिक अनुसंधान संस्थानों के पवेलियनों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें पौध आनुवंशिक संसाधनों और जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में नेशनल ब्यूरो ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेज की गतिविधियों की जानकारी मिली। साथ ही अनार अनुसंधान केंद्र और भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान के विशेषज्ञों से भी संवाद किया। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन और सीएसआईआर की पांच प्रयोगशालाओं द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे वैज्ञानिक कार्यों को भी छात्रों ने नजदीक से समझा।

मेले में छात्रों ने हाई-टेक डेमोंस्ट्रेशन प्लॉट्स का अवलोकन कर निर्यात योग्य फसलों और अनाज की उन्नत खेती की तकनीकों को देखा। इससे उन्हें आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स को कृषि क्षेत्र में अपनाने की प्रेरणा मिली।

यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. कुमार के मार्गदर्शन, विश्वविद्यालय प्रबंधन और डिप्टी रजिस्ट्रार प्रशासन कर्नल जुग्रान के सहयोग से संभव हो पाया। इस दौरान डॉ. अनामिता और सुश्री प्रिया रावत ने छात्रों का मार्गदर्शन किया और उन्हें कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीन तकनीकी बदलावों से अवगत कराया।

विश्वविद्यालय के छात्रों ने इस अनुभव को अपने शैक्षणिक और व्यावहारिक ज्ञान के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *