सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने चंबा ई-लाइब्रेरी एवं समूह आउटलेट का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

  • ई-लाइब्रेरी से स्थानीय विद्यार्थियों को मिल रही सुविधा, समूह उत्पादों को मिलेगा बाजार

टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने शुक्रवार को विकास खंड चंबा में स्थापित ई-लाइब्रेरी एवं स्वयं सहायता समूह के आउटलेट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी से स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल रहा है, जबकि समूह आउटलेट ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों की आजीविका सशक्त करने में अहम भूमिका निभाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ई-लाइब्रेरी को विद्यार्थियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 46 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें प्रतिदिन लगभग 35 से 40 छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं। लाइब्रेरी का संचालन सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक किया जा रहा है। यहां इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा जल्द ही प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की सुविधाएं युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करेंगी। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप संसाधन बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद सीडीओ ने स्वयं सहायता समूह के आउटलेट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आउटलेट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध होगा और समूहों की आय में वृद्धि होगी। इससे स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी शाकिर हुसैन, एलडीएम मनीष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *