पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट ने मतदाता गणना प्रपत्र भर किया एसआईआर का आगाज
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में शुरू हुई मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित चंडी प्रसाद भट्ट ने भी गणना प्रपत्र भर कर जनसहभागिता का आह्वान किया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार के नेतृत्व में चमोली जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण कार्य का आगाज किया। डीएम ने बताया कि आज से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। बताया कि एसआईआर के तहत कुल 592 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य कर रहे हैं। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 210, थराली में 203 तथा कर्णप्रयाग में 179 बीएलओ तैनात किए गए हैं। अभियान के पहले दिन बूथ लेबल अधिकारियों ने बदरीनाथ में 1,353, थराली में 1,916 तथा कर्णप्रयाग में 1,600 गणना प्रपत्र घर-घर जाकर वितरित किए। जनपद में कुल 2,95,623 गणना प्रपत्र मतदाताओं से भरवाए जाने हैं।
सोमवार को बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के गोपेश्वर गांव स्थित भाग संख्या-97 के बीएलओ सूरत सिंह असवाल ने प्रख्यात पर्यावरणविद एवं गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित चंडी प्रसाद भट्ट समेत तमाम लोगों के गणना प्रपत्र भरे। इस अवसर पर भट्ट ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराए जाने की अपील की।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा। इसके उपरांत 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

