गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बरसात में जल भराव से होने वाली समस्याओं की रोकथाम को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आहूत की

पौड़ी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने मानसून सीजन से पूर्व नगर निकाय क्षेत्रों में संभावित जलभराव की समस्याओं एवं उनकी रोकथाम को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निकायों तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने सभी नगर निकायों को जलभराव संभावित स्थलों का चिन्हीकरण कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित जल निकासी के लिए पंपों एवं आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुक्त ने सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का प्रतिवर्ष विद्युत ऑडिट कराने, नालों एवं नालियों की व्यापक सफाई समय से पूर्ण करने तथा मानसून पूर्व स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, विद्युत सुरक्षा, आंतरिक सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

आयुक्त ने चारधाम यात्रा मार्ग एवं अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े नगर निकायों को प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड एवं पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त नालियों एवं जल निकासी संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत, पार्किंग स्थलों की नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण तथा स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने को कहा।

बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) उत्तम सिंह चौहान, विभिन्न जिलों के अपर जिलाधिकारी, नगर निगमों के आयुक्त, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *