स्वास्थ्य सेवा संघ का भव्य शपथ ग्रहण अधिवेशन, 150 चिकित्सक सम्मानित

स्वास्थ्य सेवा संघ का भव्य शपथ ग्रहण अधिवेशन, 150 चिकित्सक सम्मानित

सरकार ने सुरक्षा व सुविधाओं पर दिए बड़े आश्वासन

देहरादून। देहरादून में प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ, उत्तराखंड के शपथ ग्रहण अधिवेशन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों की शपथ ली। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों की सुरक्षा, पदोन्नति और सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सुबोध उनियाल एवं महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों पर संगठन को नई दिशा देने और समाज सेवा को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि डीपीसी, एसडीएसपी सहित सेवा से जुड़े लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित किया जाएगा तथा सेवा में एक बार छूट प्रदान करने की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही सभी जिला एवं उप जिला चिकित्सालयों में चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने और दूरदराज क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों के लिए डॉक्टर्स कॉलोनी विकसित करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने चिकित्सकों की पोस्टिंग उनके कार्यप्रदर्शन के आधार पर करने और सुगम-दुर्गम क्षेत्रों का चयन राज्य स्तर पर तय करने पर भी जोर दिया तथा चिकित्सकों की सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। अधिवेशन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 150 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया तथा चिकित्सकों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। अधिवेशन के दौरान डॉ. रमेश कुंवर ने अध्यक्ष पद एवं डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली, जबकि अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने पद की गरिमा बनाए रखने, ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक दायित्वों तथा जनहित से जुड़े कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीएमएस/सीएमएस सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में महासचिव डॉ. यशपाल तोमर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *