गोपेश्वर (चमोली)। नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज बह गया। पुल बहने से नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से निर्मित वैली ब्रिज अत्यधिक जलप्रवाह की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है।
तमक नाले में जलस्तर बढ़ने से अलकनंदा नदी का जलस्तर भी बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। पुलिस की ओर से मुनादी कर लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है।
