देहरादून : उत्तराखण्ड में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव और तापमान में बढ़ोतरी को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम निर्देशक सी.एस. तोमर ने बताया कि राज्य के मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम दिखाई दे रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की सलाह दी जा रही है।
राज्य के कई इलाकों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना के चलते प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।