काशीपुर चैती मेले में मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा-अर्चना, मां बाल सुंदरी मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा

काशीपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर में मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के चहुंमुखी विकास और सुख-शांति की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चैती मेला कोष की धनराशि से मां बाल सुंदरी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं मंदिर परिसर के विकास की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने चैती मेले में सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए मां बाल सुंदरी से सभी की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मेले का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत महोत्सव है। इस मेले में हमारे पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस मेले को और भी अधिक आकर्षक बनाती हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि चैती मेले का यह भव्य आयोजन क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और स्थानीय विकास को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारा राज्य विकास और समृद्धि के नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में सरकार काशीपुर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के माध्यम से तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है। इसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है, जो आने वाले समय में युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा। इसी प्रकार, काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में उन्नत करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही यहां 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि 4 करोड़ रुपये की लागत से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण भी किया गया है और 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा भी प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर में पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना तथा 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण कार्य भी जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए भी तेजी से कार्य कर रही है। क्योंकि हमारा लक्ष्य है कि काशीपुर औद्योगिक नगर के साथ-साथ आस्था और श्रद्धा की नगरी के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की पहचान, संस्कृति और सामाजिक संतुलन की रक्षा करना भी है और इस दिशा में हम लगातार ठोस कदम उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं। ऑपरेशन कालनेमि के तहत राज्य में सनातन धर्म को बदनाम करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की है। आज उत्तराखंड को यह गौरव प्राप्त है कि यह देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी सरकार सिर्फ बातें नहीं करती, बल्कि कड़े “एक्शन” भी लेती है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हमने “देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून” लागू किया और इसी का परिणाम है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जो पिछली सरकारों के मुकाबले चार गुना से भी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार काशीपुर में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए ओवरब्रिज बना रही है, सड़कों का चौड़ीकरण कर रही है और उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार कर रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट/जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, बलराज पासी, विनय रुहेला, फरजाना बेगम, शंकर कोरंगा, मंजीत सिंह राजू, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, ऊषा चौधरी, सतीश भट्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व जनता मौजूद थे।

काशीपुर से सड़क मार्ग से खटीमा पहुंचे सीएम धामी, बुलडोजर से हुआ भव्य स्वागत, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब!
  • यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री धामी का जगह-जगह ऐतिहासिक स्वागत, भारी संख्या में लोग अपने मुख्यसेवक के इंतजार में सड़कों पर डटे रहे

खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को सड़क मार्ग से काशीपुर से खटीमा पहुंचे। इस दौरान यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य एवं अभूतपूर्व स्वागत किया गया। कई स्थानों पर बुलडोजर के माध्यम से भी स्वागत कर जनता ने अपना उत्साह और समर्थन प्रदर्शित किया।

यात्रा के दौरान काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, दिनेशपुर, किच्छा,सितारगंज सहित कई स्थानों पर भारी संख्या में लोग अपने लोकप्रिय नेता के इंतजार में सड़कों के किनारे खड़े रहे। युवाओं, माताओं-बहनों एवं बुजुर्गों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। हर जगह जनसैलाब उमड़ा और लोगों ने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी दिखाई।

जगह-जगह आयोजित स्वागत कार्यक्रमों ने यह स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता राज्य सरकार की विकास नीतियों और जनहितकारी निर्णयों के साथ मजबूती से खड़ी है और इस विकास यात्रा की सक्रिय सहभागी बन रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के लिए और अधिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समग्र और संतुलित विकास के लिए संकल्पबद्ध है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।
























डीएम स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख़्त, जनपदभर में किया औचक निरीक्षण, 112 प्रतिष्ठानों की जांच, अनियमितता मिलने पर दो का कटा चालान

पौड़ी : जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 112 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें 7 गैस गोदाम, 2 पेट्रोल पंप और 103 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। निरीक्षण के तहत कोटद्वार क्षेत्र में 1 गैस गोदाम और 6 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जबकि दुगड्डा में 4 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कोट-खोलाचौरी में 12, चेलूसैंण में 4 और पाबौ में 15 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। पाबौ में घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर 2300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसी प्रकार लैंसडाउन में 4, धुमाकोट में 5 और नौगांवखाल में 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। लक्ष्मणझूला में 1 गैस गोदाम, थलीसैंण में 1 गैस गोदाम और 1 पेट्रोल पंप तथा उफरैंखाल में 1 गैस गोदाम और 4 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। चाकीसैंण क्षेत्र में 1 पेट्रोल पंप और 12 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जबकि पौड़ी में 15 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान एक मामले में 2300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं श्रीनगर गैस गोदाम में कार्रवाई के दौरान 9 सिलेंडर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने पर जब्त किए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। जहां भी गड़बड़ी मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख़्ती जारी रहेगी।

डीएम स्वाति एस. भदौरिया की सख्ती का असर, श्रीनगर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर शिकंजा, वितरण वाहन में मिले 9 भरे सिलेंडर
  • सिलेंडरों को अवैध रूप से बेचने की आशंका पर गैस प्रबंधक ने खाद्य पूर्ति विभाग से की शिकायत
  • खाद्य पूर्ति विभाग ने वाहन से सिलेंडरों को जब्त कर प्रबंधक को किया सुपुर्द

पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की सख्ती का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य पूर्ति विभाग ने श्रीनगर स्थित गैस गोदाम में जांच के दौरान वितरण वाहन से 9 भरे सिलेंडर बरामद किए, जिनकी अवैध बिक्री की आशंका जताई जा रही है।

जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की सख्ती का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। डीएम के निर्देश पर खाद्य पूर्ति विभाग लगातार जांच और कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में श्रीनगर स्थित गैस गोदाम में की गई जांच के दौरान वितरण वाहन से 9 भरे गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनके अवैध रूप से बेचे जाने की आशंका जताई जा रही है।

खाद्य निरीक्षक विजय कुमार कैंत्यूरा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीनगर इंडेन गैस के प्रबंधक द्वारा विभाग को शिकायत दी गई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि गैस गोदाम में कार्यरत कुछ मजदूर वितरण प्रक्रिया में गड़बड़ी कर सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य पूर्ति विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह सामने आया कि वितरण के लिए कुल 202 गैस सिलेंडर वाहन में लोड किए गए थे। हालांकि, निर्धारित स्थानों पर आपूर्ति के बाद भी 9 भरे सिलेंडर वाहन में ही मौजूद पाए गए। विभागीय टीम ने इन सिलेंडरों को कब्जे में लेकर गैस गोदाम प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया।

प्राथमिक जांच में यह आशंका जतायी जा रही है कि उक्त सिलेंडरों को अवैध रूप से बेचने की मंशा थी। इस संबंध में गैस प्रबंधक द्वारा संबंधित मजदूरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम उपभोक्ताओं के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की ओर से गैस वितरण प्रणाली पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि गैस गोदामों, वितरण वाहनों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और एजेंसियों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि कालाबाजारी और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि उन्हें गैस वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी या कालाबाजारी की जानकारी मिलती है, तो तत्काल इसकी सूचना विभाग को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

एलआईयू इंस्पेक्टर सचिन चौहान का टिहरी तबादला, विदाई

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के अभिसूचना इकाई के निरीक्षक सचिन चैहान तथा कोतवाली गोपेश्वर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के तबादले पर भावपूर्ण विदाई दी गई। अभिसूचना इकाई के निरीक्षक सचिन चैहान का तबादला टिहरी गढ़वाल तो प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर का तबादला देहरादून हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई दी।

एसपी ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने मौजूदा चुनौतिपूर्ण समय में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन किया है। उन्होंने दोनों को नई जिम्मेदारी पर शुभकामनाएं दी। कहा कि चमोली में दोनों का कार्यकाल सराहनीय रहा। उन्होंने भावुक क्षणों के बीच दोनों अधिकारियों को जनपद में तैनाती के दौरान काम करने को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि उनका सहयोग सभी के लिए अविस्मरणीय रहा है।

इस दौरान कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा तथा चमोली के  पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने भी दोनों अधिकारियों की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता तथा प्रभावी पुलिसिंग की सराहना करते हुए अनुभव साझा कर दोनों को नई तैनाती की शुभकामानाएं दी। इस अवसर जनपद के सभी थाना प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने “आसरा गौशाला” का किया उद्घाटन, गौ संरक्षण को बताया सामाजिक दायित्व

कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने संकल्प फाउंडेशन द्वारा स्थापित “आसरा गौशाला” का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके उपरांत अतिथियों ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की।

मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि गौशालाएं केवल पशुओं के संरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सेवा भावना का जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि “आसरा गौशाला” जैसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। बेसहारा एवं निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय प्रदान करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में समाज की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की पहल न केवल गौवंश की रक्षा करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैविक संतुलन में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

कार्यक्रम के अंत में संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी गौ सेवा एवं सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेंद्र अंथवाल, संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत रावत, मंडल अध्यक्ष भाजपा आशीष रावत, आकांक्षा रावत, स्वामी ईश्वर दास, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, पार्षद रजनीश बेबनी, पार्षद जे.पी. बहुखंडी, पार्षद सुखपाल शाह, पूर्व प्रधान मंगत राम, धर्मवीर गुसाईं, विनोद धूलिया, आनंद घिल्डियाल, कांता सैलवाल, गणेश धूलिया, सुषमा जखमोला एवं स्वामी अनन्ता नन्द।

देवाल में रोटरी क्लब ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, 1015 लोगों की जांच

गोपेश्वर (चमोली)। देवाल के संगम मैदान में आयोजित निशुल्क मल्टी स्पेशिलिटी स्वास्थ्य शिविर में 1015 लोगों की स्वास्थ्य की जांच व दवाइयां दी गई। शिविर में बेस अस्पताल श्रीनगर, मैक्स अस्पताल देहरादून व सयुंक्त चिकित्सालय श्रीनगर के 25 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की। महिला मंगल दल तलौर की महिलाओं ने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे चिकित्सकों व रोटरी क्लब का जोरदार स्वागत किया।

रोटरी क्लब श्रीनगर के सहयोग से पूर्व ब्लॉक प्रमुख डाॅ. दर्शन दानू ने संगम मैदान में निशुल्क मल्टी स्पेशिलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में विकासखंड के 47 ग्राम पंचायतों से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट ने दीप प्रज्जवलित कर किया। छात्र नेता वीरेंद्र बिष्ट व पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल ने कहा कि इस शिविर में 1015 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। उन्होंने इसके लिए रोटरी क्लब श्रीनगर यहां पहुंचे चिकित्सकों का विशेष आभार व्यक्त किया। शिविर में रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु अग्रवाल, सचिव संजय रावत, कोषाध्यक्ष मनीष कोठियाल, समन्वयक डॉ. केके गुप्ता, राहुल कपूर, सीईओ आकाश सारस्वत, वीरेंद्र बिष्ट, डॉ. दर्शन मेहरा, इद्र सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

राजकीय महाविद्यालय नंदानगर में वार्षिक खेल दिवस का आगाज, विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाया दमखम

नंदानगर : शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नंदानगर, चमोली में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। नंदानगर के डेनबगढ़ फील्ड में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चमोली जिले के शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नंदानगर में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। नंदानगर स्थित डेनबगढ़ फील्ड में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

महिला 100 मीटर दौड़ में दीक्षा ने प्रथम स्थान, बबीता ने द्वितीय स्थान और भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 200 मीटर महिला दौड़ में दीक्षा पहले, भावना दूसरे और करीना तीसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर महिला दौड़ में बबीता ने प्रथम, उर्मिला ने द्वितीय और अनिशा ने तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में रोहित ने प्रथम, भुवन ने द्वितीय और नितिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष 200 मीटर दौड़ में नैन सिंह पहले, रोहित दूसरे और भुवन तीसरे स्थान पर रहे।

लंबी कूद प्रतियोगिता में महिला वर्ग में दीक्षा ने प्रथम, कनिका ने द्वितीय और बबीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की लंबी कूद में नैन सिंह ने प्रथम, नितिश ने द्वितीय और प्रेम सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिला हाई जंप में दीक्षा ने पहला स्थान, अनिशा ने दूसरा और बबीता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष हाई जंप में नैन सिंह पहले, भुवन दूसरे और नितिश तीसरे स्थान पर रहे।

महिला गोला फेंक प्रतियोगिता में दीप्ति ने प्रथम, अनिशा ने द्वितीय और दीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष गोला फेंक में प्रेम सिंह पहले, नैन सिंह दूसरे और रोहित तीसरे स्थान पर रहे। भाला फेंक प्रतियोगिता में महिला वर्ग में अनिशा और पुरुष वर्ग में रोहित ने प्रथम स्थान हासिल किया। रिले रेस प्रतियोगिता में दीक्षा, करीना, नैन और संदीप की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विद्याशंकर शर्मा के निर्देशन में खेल दिवस का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. दीपक कुमार, डॉ. दीपा, डॉ. आशु रॉलेट, योगा ट्रेनर नीलम तथा अन्य कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ। महाविद्यालय के छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से खेल प्रतियोगिता का माहौल जीवंत बना रहा।

ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आयुष मंत्री मदन कौशिक से की शिष्टाचार भेंट, कॉलेज समस्याओं पर कराया ध्यान आकर्षित

हरिद्वार : ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन, हरिद्वार के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड सरकार में नव नियुक्त आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक से उनके हरिद्वार स्थित आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने मंत्री का अभिनंदन करते हुए आयुष विभाग के विकास को लेकर विश्वास जताया और ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन, हरिद्वार के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड शासन में नव नियुक्त आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक से उनके हरिद्वार स्थित आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का पुष्पगुच्छ और मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें एसोसिएशन का अंग वस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री मदन कौशिक के संरक्षण और नेतृत्व में राज्य में आयुष विभाग का सर्वांगीण विकास होगा और आयुर्वेदिक शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।

भेंटवार्ता के दौरान प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज, हरिद्वार में नवीन छात्रावास निर्माण की आवश्यकता तथा कॉलेज से जुड़ी अन्य समस्याओं का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री मदन कौशिक ने आश्वासन दिया कि ऋषिकुल और गुरुकुल दोनों आयुर्वेदिक कॉलेजों से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल में डॉ. देवेन्द्र शर्मा (संरक्षक, चमोली), प्रो. (डॉ.) विनीत कुमार अग्निहोत्री (अध्यक्ष), डॉ. उदय नारायण पांडेय, डॉ. वेद भूषण शर्मा (सचिव), डॉ. श्रवण कुमार त्रिपाठी, डॉ. पारुल शर्मा (उपसचिव-महिला) तथा डॉ. अवनीश उपाध्याय शामिल रहे।

51 साल बाद निकली सती शिरोमणी मां अनसूया की रथ डोली, गोपेश्वर में श्रद्धालुओं को दे रही आशीष

19 अप्रैल से खल्ला गांव में होगा हवन और यज्ञ

गोपेश्वर (चमोली)। दशोली ब्लाॅक के खल्ला गांव की सती शिरोमणी अनसूया देवी रथ डोली ने श्रद्धालुओं को आशीष दिया। बताते चलें कि 51 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद खल्ला गांव की अनसूया देवी की रथ डोली छह माह के देवरा यात्रा में निकली है। इसके तहत रथ डोली इन दिनों जिला मुख्यालय गोपेश्वर के प्रवास पर होने के चलते श्रद्धालुओं को आशीष दे रही है। प्रवास के दौरान देवडोली श्रद्धालुओं के घरों में रह रही है। इसके तहत जगह-जगह पूजा अर्चना का दौर भी चल रहा है। कहा जा सकता है कि गोपेश्वर का धार्मिक वातावरण अनसूयामय बना हुआ है। पंडित राकेश तिवारी, प्रेम प्रकाश तथा गौरव तिवारी पूजा अर्चना की धार्मिक क्रियाओं का निर्वहन कर रहे हैं। गोपेश्वर की महिलाएं जगह-जगह मां अनसूया की कीर्तन भजन आदि  में उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहे हैं।

ग्राम धर्मस्व समिति खल्ला के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी ने  बताया कि अभी कुछ दिनों रथ डोली गोपेश्वर के भ्रमण पर रहेगी। इसके बाद गंगोलगांव, सगर, ग्वाड़ तथा देवलधार गांवों में देवडोली का प्रवास रहेगा। इन गांवों के प्रवास के पश्चात देवडोली खल्ला गांव पहुंचेगी। खल्ला गांव में 19 अप्रैल हवन यज्ञ का आयोजन होगा। इसके बाद देवडोली गर्भगृह में प्रतिष्ठापित होगी। देवरा यात्रा में बुद्धि प्रसाद त्रिपाठी, जयप्रकाश तिवारी, सचिन बिष्ट, राहुल बिष्ट, अंकुर बिष्ट, दीपक, हेमंत, शुभम, प्रशांत, प्रांजल, अंशुमान, सूरज, आशीष, ढोल वादक संतोष, गौरव आदि साथ चल रहे हैं।