एलआईयू इंस्पेक्टर सचिन चौहान का टिहरी तबादला, विदाई

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के अभिसूचना इकाई के निरीक्षक सचिन चैहान तथा कोतवाली गोपेश्वर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के तबादले पर भावपूर्ण विदाई दी गई। अभिसूचना इकाई के निरीक्षक सचिन चैहान का तबादला टिहरी गढ़वाल तो प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर का तबादला देहरादून हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई दी।

एसपी ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने मौजूदा चुनौतिपूर्ण समय में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन किया है। उन्होंने दोनों को नई जिम्मेदारी पर शुभकामनाएं दी। कहा कि चमोली में दोनों का कार्यकाल सराहनीय रहा। उन्होंने भावुक क्षणों के बीच दोनों अधिकारियों को जनपद में तैनाती के दौरान काम करने को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि उनका सहयोग सभी के लिए अविस्मरणीय रहा है।

इस दौरान कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा तथा चमोली के  पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने भी दोनों अधिकारियों की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता तथा प्रभावी पुलिसिंग की सराहना करते हुए अनुभव साझा कर दोनों को नई तैनाती की शुभकामानाएं दी। इस अवसर जनपद के सभी थाना प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने “आसरा गौशाला” का किया उद्घाटन, गौ संरक्षण को बताया सामाजिक दायित्व

कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने संकल्प फाउंडेशन द्वारा स्थापित “आसरा गौशाला” का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके उपरांत अतिथियों ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की।

मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि गौशालाएं केवल पशुओं के संरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सेवा भावना का जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि “आसरा गौशाला” जैसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। बेसहारा एवं निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय प्रदान करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में समाज की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की पहल न केवल गौवंश की रक्षा करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैविक संतुलन में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

कार्यक्रम के अंत में संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी गौ सेवा एवं सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेंद्र अंथवाल, संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत रावत, मंडल अध्यक्ष भाजपा आशीष रावत, आकांक्षा रावत, स्वामी ईश्वर दास, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, पार्षद रजनीश बेबनी, पार्षद जे.पी. बहुखंडी, पार्षद सुखपाल शाह, पूर्व प्रधान मंगत राम, धर्मवीर गुसाईं, विनोद धूलिया, आनंद घिल्डियाल, कांता सैलवाल, गणेश धूलिया, सुषमा जखमोला एवं स्वामी अनन्ता नन्द।

देवाल में रोटरी क्लब ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, 1015 लोगों की जांच

गोपेश्वर (चमोली)। देवाल के संगम मैदान में आयोजित निशुल्क मल्टी स्पेशिलिटी स्वास्थ्य शिविर में 1015 लोगों की स्वास्थ्य की जांच व दवाइयां दी गई। शिविर में बेस अस्पताल श्रीनगर, मैक्स अस्पताल देहरादून व सयुंक्त चिकित्सालय श्रीनगर के 25 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की। महिला मंगल दल तलौर की महिलाओं ने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे चिकित्सकों व रोटरी क्लब का जोरदार स्वागत किया।

रोटरी क्लब श्रीनगर के सहयोग से पूर्व ब्लॉक प्रमुख डाॅ. दर्शन दानू ने संगम मैदान में निशुल्क मल्टी स्पेशिलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में विकासखंड के 47 ग्राम पंचायतों से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट ने दीप प्रज्जवलित कर किया। छात्र नेता वीरेंद्र बिष्ट व पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल ने कहा कि इस शिविर में 1015 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। उन्होंने इसके लिए रोटरी क्लब श्रीनगर यहां पहुंचे चिकित्सकों का विशेष आभार व्यक्त किया। शिविर में रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु अग्रवाल, सचिव संजय रावत, कोषाध्यक्ष मनीष कोठियाल, समन्वयक डॉ. केके गुप्ता, राहुल कपूर, सीईओ आकाश सारस्वत, वीरेंद्र बिष्ट, डॉ. दर्शन मेहरा, इद्र सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

राजकीय महाविद्यालय नंदानगर में वार्षिक खेल दिवस का आगाज, विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाया दमखम

नंदानगर : शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नंदानगर, चमोली में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। नंदानगर के डेनबगढ़ फील्ड में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चमोली जिले के शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नंदानगर में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। नंदानगर स्थित डेनबगढ़ फील्ड में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

महिला 100 मीटर दौड़ में दीक्षा ने प्रथम स्थान, बबीता ने द्वितीय स्थान और भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 200 मीटर महिला दौड़ में दीक्षा पहले, भावना दूसरे और करीना तीसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर महिला दौड़ में बबीता ने प्रथम, उर्मिला ने द्वितीय और अनिशा ने तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में रोहित ने प्रथम, भुवन ने द्वितीय और नितिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष 200 मीटर दौड़ में नैन सिंह पहले, रोहित दूसरे और भुवन तीसरे स्थान पर रहे।

लंबी कूद प्रतियोगिता में महिला वर्ग में दीक्षा ने प्रथम, कनिका ने द्वितीय और बबीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की लंबी कूद में नैन सिंह ने प्रथम, नितिश ने द्वितीय और प्रेम सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिला हाई जंप में दीक्षा ने पहला स्थान, अनिशा ने दूसरा और बबीता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष हाई जंप में नैन सिंह पहले, भुवन दूसरे और नितिश तीसरे स्थान पर रहे।

महिला गोला फेंक प्रतियोगिता में दीप्ति ने प्रथम, अनिशा ने द्वितीय और दीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष गोला फेंक में प्रेम सिंह पहले, नैन सिंह दूसरे और रोहित तीसरे स्थान पर रहे। भाला फेंक प्रतियोगिता में महिला वर्ग में अनिशा और पुरुष वर्ग में रोहित ने प्रथम स्थान हासिल किया। रिले रेस प्रतियोगिता में दीक्षा, करीना, नैन और संदीप की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विद्याशंकर शर्मा के निर्देशन में खेल दिवस का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. दीपक कुमार, डॉ. दीपा, डॉ. आशु रॉलेट, योगा ट्रेनर नीलम तथा अन्य कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ। महाविद्यालय के छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से खेल प्रतियोगिता का माहौल जीवंत बना रहा।

ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आयुष मंत्री मदन कौशिक से की शिष्टाचार भेंट, कॉलेज समस्याओं पर कराया ध्यान आकर्षित

हरिद्वार : ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन, हरिद्वार के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड सरकार में नव नियुक्त आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक से उनके हरिद्वार स्थित आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने मंत्री का अभिनंदन करते हुए आयुष विभाग के विकास को लेकर विश्वास जताया और ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन, हरिद्वार के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड शासन में नव नियुक्त आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक से उनके हरिद्वार स्थित आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का पुष्पगुच्छ और मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें एसोसिएशन का अंग वस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री मदन कौशिक के संरक्षण और नेतृत्व में राज्य में आयुष विभाग का सर्वांगीण विकास होगा और आयुर्वेदिक शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।

भेंटवार्ता के दौरान प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज, हरिद्वार में नवीन छात्रावास निर्माण की आवश्यकता तथा कॉलेज से जुड़ी अन्य समस्याओं का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री मदन कौशिक ने आश्वासन दिया कि ऋषिकुल और गुरुकुल दोनों आयुर्वेदिक कॉलेजों से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल में डॉ. देवेन्द्र शर्मा (संरक्षक, चमोली), प्रो. (डॉ.) विनीत कुमार अग्निहोत्री (अध्यक्ष), डॉ. उदय नारायण पांडेय, डॉ. वेद भूषण शर्मा (सचिव), डॉ. श्रवण कुमार त्रिपाठी, डॉ. पारुल शर्मा (उपसचिव-महिला) तथा डॉ. अवनीश उपाध्याय शामिल रहे।

51 साल बाद निकली सती शिरोमणी मां अनसूया की रथ डोली, गोपेश्वर में श्रद्धालुओं को दे रही आशीष

19 अप्रैल से खल्ला गांव में होगा हवन और यज्ञ

गोपेश्वर (चमोली)। दशोली ब्लाॅक के खल्ला गांव की सती शिरोमणी अनसूया देवी रथ डोली ने श्रद्धालुओं को आशीष दिया। बताते चलें कि 51 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद खल्ला गांव की अनसूया देवी की रथ डोली छह माह के देवरा यात्रा में निकली है। इसके तहत रथ डोली इन दिनों जिला मुख्यालय गोपेश्वर के प्रवास पर होने के चलते श्रद्धालुओं को आशीष दे रही है। प्रवास के दौरान देवडोली श्रद्धालुओं के घरों में रह रही है। इसके तहत जगह-जगह पूजा अर्चना का दौर भी चल रहा है। कहा जा सकता है कि गोपेश्वर का धार्मिक वातावरण अनसूयामय बना हुआ है। पंडित राकेश तिवारी, प्रेम प्रकाश तथा गौरव तिवारी पूजा अर्चना की धार्मिक क्रियाओं का निर्वहन कर रहे हैं। गोपेश्वर की महिलाएं जगह-जगह मां अनसूया की कीर्तन भजन आदि  में उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहे हैं।

ग्राम धर्मस्व समिति खल्ला के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी ने  बताया कि अभी कुछ दिनों रथ डोली गोपेश्वर के भ्रमण पर रहेगी। इसके बाद गंगोलगांव, सगर, ग्वाड़ तथा देवलधार गांवों में देवडोली का प्रवास रहेगा। इन गांवों के प्रवास के पश्चात देवडोली खल्ला गांव पहुंचेगी। खल्ला गांव में 19 अप्रैल हवन यज्ञ का आयोजन होगा। इसके बाद देवडोली गर्भगृह में प्रतिष्ठापित होगी। देवरा यात्रा में बुद्धि प्रसाद त्रिपाठी, जयप्रकाश तिवारी, सचिन बिष्ट, राहुल बिष्ट, अंकुर बिष्ट, दीपक, हेमंत, शुभम, प्रशांत, प्रांजल, अंशुमान, सूरज, आशीष, ढोल वादक संतोष, गौरव आदि साथ चल रहे हैं।

चारधाम यात्रा को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

सतेन्द्र बुटोला व भूपेन्द्र सिंह को मैन आफ द मंथ का खिताब

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा है कि अब चारधाम यात्रा पर पुलिस का खास फोकस रहेगा। गोपेश्वर में आयोजित अपराध गोष्ठी में बोलते हुए एसपी पंवार ने कहा कि चारधाम यात्रा सिर पर है। इसलिए अब सभी पुलिसकर्मियों को फोकस चारधाम यात्रा तैयारियों पर रहेगा। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आवश्यकता अनुसार नए पार्किंग स्थलों का चिह्निकरण कर जाम से बचने के लिए अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। चारधाम यात्रा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए यात्रा मार्गो पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पुलिस बैरियर, पार्किंग एवं होल्डिंग प्वाइंट्स की व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। होटल, टैक्सी एवं अन्य यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बैठकों के जरिए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर बल दिया। 

एसपी पंवार ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को यात्रा मार्ग पर चिह्नित बॉटलनेक्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करते हुए वायरलेस सेट के माध्यम से प्रभावी यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दूरसंचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रभारी दूरसंचार को समय से समस्त व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया। साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम गठित करने पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों को टीमें भेज कर अपराधियों की धर पकड़ होनी चाहिए। फायर सीजन को देखते हुए सभी थाना एवं स्टेशन प्रभारियों को आपदा उपकरणों के साथ पुलिस बल को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सर्किलवार लंबित विवेचनाओं तथा जांचों की गहन समीक्षा करते हुए सभी का समयबद्ध निस्तारण करने पर बल दिया।

इस दौरान एसीएमओ भगवती प्रसाद पुरोहित ने मेडिको-लीगल विषयों पर व्याख्यान दिए। उन्होंने कहा कि इससे अपराधिक मामलों में चिकित्सीय परीक्षण तथा साक्ष्यों की प्रमाणिकता में मदद मिलेगी। इस अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दौरान संचार तंत्र को निर्वाध बनाए रखने तथा सुरक्षा इकाईयों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर चमोली पुलिस के हेड कांस्टेबल अभिषेक राणा को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्राप्त महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। बीते माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला व अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। विधानसभा बजट सत्र व विगत माह में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। 

इस दौरानद चमोली के पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा समेत थाना प्रभारी एवं अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

कांग्रेस के संगठनात्मक सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को दी जिम्मेदारी

पोखरी (चमोली)। पोखरी में कांग्रेस पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनावों के मध्यनजर संगठन को मजबूत करने के लिए संगठनात्मक सम्मेलन आयोजित किया गया। विकास खंड सभागार में पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी  और विधायक लखपत बुटोली की मौजूदगी में आयोजित सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष रवींद्र नेगी को दोबारा ब्लाॅक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।  कल्पना बत्र्वाल को महिला मोर्चा की ब्लाॅक अध्यक्ष, सुनीता देवी को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस मौके पर विधायक लखपत बुटोला ने कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स भी दिए। कहा कि हर प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव जाकर युवाओं, महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बना होगा ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को विजय दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए यह कहा जा सकता है आने वाला विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ सत्ता में काबिज होगी।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रवींद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, जेष्ठ प्रमुख ऊषा देवी, पूर्व प्रमुख प्रीति भंडारी, कुंवर सिंह चैधरी, समुद्रा देवी, श्रवण सती समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदेश के नारी निकेतनों में होगी मनोचिकित्सकों की नियुक्ति : रेखा आर्या
  • विभागीय सचिव को प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में रखने के निर्देश दिए
  • नारी निकेतन में संवासिनी की आत्महत्या की घटना के बाद मंत्री ने किया निरीक्षण

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के केदारपुर स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या की घटना की गंभीरता से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नारी निकेतन की अधीक्षिका, अन्य कर्मचारियों तथा शव बरामद करने वाली चौकीदार से विस्तृत पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नारी निकेतन प्रशासन को परिसर के सभी हिस्सों को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित करने, उनकी नियमित लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि जांच में नारी निकेतन का कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके से ही एसएसपी देहरादून से फोन पर वार्ता कर पुलिस जांच की प्रगति की जानकारी ली और जांच को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इस पूरे प्रकरण के बीच मंत्री रेखा आर्या ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी नारी निकेतनों में महिलाओं के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। साथ ही मानसिक रूप से अस्वस्थ संवासिनियों की समुचित देखभाल के लिए मनोचिकित्सकों की नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

अग्निवीर व JCO/OR भर्ती : पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी, 10 अप्रैल तक करें आवेदन

देहरादून। भारतीय सेना ने अग्निवीर और JCO/OR भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 10 अप्रैल 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत हरिद्वार, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के मूल निवासी अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र हैं। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का आयोजन 1 जून से 15 जून 2026 के बीच किया जाएगा। यह परीक्षा अग्निवीर के विभिन्न पदों तथा जूनियर कमीशंड ऑफिसर/अन्य रैंक (JCO/OR) भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है।

भारतीय सेना ने पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करते हुए सलाह दी है कि आवेदन पत्र भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें और आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें। अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती के लिए आवेदन करते हैं। ऐसे में पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अवसर मिलने की उम्मीद है।

सेना ने यह भी स्पष्ट किया है कि 10 अप्रैल 2026 के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन करें और वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें, ताकि एडमिट कार्ड, परीक्षा कार्यक्रम और आगे की चयन प्रक्रिया—जैसे शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन—की जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।