भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष परमार्थ निकेतन ऋषिकेश गंगा आरती में हुए शामिल
  • गंगा तट पर गूंजे आध्यात्म और संस्कृति के स्वर, मुख्यमंत्री धामी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने की भव्य गंगा आरती
  • गंगा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की जीवंत धारा : नितिन नबीन

देहरादून/ पौड़ी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार 29 मई को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर विधिवत गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मां गंगा से देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की अलौकिक छटा के बीच मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मां गंगा की आराधना कर प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण एवं विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उपस्थित संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मां गंगा के पावन तट पर आना सदैव आत्मीय एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है।

उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हर कठिन और विपरीत परिस्थिति में समाज को दिशा देने का कार्य किया है। जब-जब देश सामाजिक, सांस्कृतिक या वैचारिक चुनौतियों से गुजरा, तब संतों और ऋषियों ने अपने तप, त्याग और ज्ञान के माध्यम से समाज को नई ऊर्जा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भारत की तपस्या, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों की परंपरा सदियों से जनमानस में जीवित रही है और संत समाज ने इस महान विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं मानव सेवा के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर निरंतर नयी ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है तथा राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों से देश की प्रतिष्ठा विश्वभर में बढ़ी है।

इस अवसर पर जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद जी गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित विभिन्न अधिकारी, संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कोटद्वार : अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही, खनन सामग्री से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

कोटद्वार : जनपद पौड़ी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन सामग्री के साथ पकड़ा गया।

29 मई को कोतवाली कोटद्वार पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से उपखनिज (पत्थर/बोल्डर) का परिवहन किया जाना पाया गया। वाहन चालक से खनन सामग्री के संबंध में वैध अभिलेख एवं रॉयल्टी प्रपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। 

उक्त वाहन द्वारा अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन किया जाना पाए जाने पर नियमानुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई तथा अग्रिम कार्यवाही हेतु संबंधित विभाग को भी अवगत कराया जा रहा है।

कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, गहरी खाई में गिरा युवक

चमोली : खतरनाक स्थानों पर सेल्फी का शौक एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बचा। 29 मई को रवि जोशी निवासी बिंदुखत्ता, थाना-लालकुआं नैनीताल द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गयी कि उसका दोस्त कुशाल सिंह भंडारी निवासी उपरोक्त सेल्फी लेते समय अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा है। 

सूचना मिलते ही थाना पोखरी पुलिस के अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह एवं हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह मय आपदा उपकरणों के तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर दुर्गम खाई में उतरते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खड़ी चट्टान एवं गहरी खाई के बीच कड़ी मशक्कत और अथक प्रयासों के बाद घायल युवक को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया।

जिसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। युवक के मुंह एवं सिर पर हल्की चोटें आई हैं। 

समय रहते पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से युवक की जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता और जोखिम भरे रेस्क्यू अभियान की सराहना करते हुए पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

चमोली पुलिस की पर्यटकों एवं यात्रियों से अपील है कि खतरनाक स्थानों, गहरी खाइयों, नदी किनारों एवं पहाड़ी क्षेत्रों में सेल्फी लेने से बचें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। यात्रा के दौरान अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें, पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा का आनंद लें।

कोटद्वार : औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों और कल्याणकारी योजनाओं की दी गयी जानकारी
कोटद्वार : जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा औद्योगिक आस्थान स्थित औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों के लिए श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और श्रम कानूनों पर आधारित जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों और श्रमिकों को श्रम संबंधी प्रावधानों, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रमिक कल्याण कार्यक्रमों, कार्यस्थल सुरक्षा मानकों तथा श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही श्रमिकों एवं नियोक्ताओं को उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

अधिकारियों ने कहा कि श्रम कानूनों का अनुपालन न केवल श्रमिकों के हितों की रक्षा करता है, बल्कि उद्योगों में बेहतर कार्य वातावरण और उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक होता है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए योजनाओं के व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में औद्योगिक आस्थान की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सुरक्षित कार्यस्थल के निर्माण तथा उद्योगों में श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिभागियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को उद्योगों और श्रमिकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए जिला उद्योग केंद्र एवं श्रम विभाग के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक उपासना सिंह, आर.पी. आर्य, सिडकुल के सचिव विवेक चौहान, सिडकुल अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सिताबपुर औद्योगिक आस्थान अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, श्रम विभाग से कुलदीप सिंह एवं रणजीत सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, 50 बीघा से अधिक क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, मसूरी रोड पर अवैध निर्माण सील

देहरादून : मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग अभियान चलाया। संयुक्त सचिव प्रत्यूस सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में करीब 50 बीघा से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया, जबकि मसूरी रोड स्थित एक अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने तपोवन एनक्लेव क्रॉस-11 रोड, देहरादून में गिरी द्वारा लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि पर विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। जिसे ध्वस्त कर दिया गया इसके बाद सहस्त्रधारा रोड स्थित ब्राह्मणवाला खाला क्षेत्र के मन्दाकिनी विहार में बरुण खन्ना, बडोला एवं अन्य लोगों द्वारा करीब 20 से 25 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग से संबंधित संरचनाओं और विकास कार्यों को हटाते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।

वहीं गल्जवाड़ी, मसूरी रोड क्षेत्र में सुरेन्द्र पाण्डेय द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को नियमों के विपरीत पाए जाने पर सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित निर्माण के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में अनधिकृत कॉलोनियों तथा बिना स्वीकृति निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राधिकरण ने आमजन से भूमि खरीदने अथवा निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी वैधानिक अनुमतियों की जांच करने की अपील की है। यह कार्रवाई सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता उमेश वर्मा, विदिता कुमारी, गौरव तोमर एवं पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।

नियमों के विरुद्ध निर्माण करने वालों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई – बंशीधर तिवारी

“मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण और अवैध प्लॉटिंग न केवल विकास मानकों का उल्लंघन हैं, बल्कि भविष्य में नागरिक सुविधाओं और शहरी व्यवस्थाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। प्राधिकरण को विभिन्न क्षेत्रों में अनधिकृत गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनके सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। हम नागरिकों से अपील करते हैं कि किसी भी भूमि या संपत्ति में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें। अवैध कॉलोनियों और निर्माण गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

अवैध निर्माण/ प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है – मोहन सिंह बर्निया

“प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जिन मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। नागरिक किसी भी निर्माण से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें।”

धामी सरकार की झीलों को नई पहचान देने की तैयारी, भीमताल – नौकुचियाताल और कमलताल के सौंदर्यीकरण पर 46 करोड़ से अधिक खर्च, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

नैनीताल/देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में नैनीताल जिले में झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के डॉ. आर राजेश कुमार द्वारा शनिवार को जनपद नैनीताल में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान झीलों के पुनर्विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु संचालित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया।

भीमताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए व्यापक कार्ययोजना

भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु लगभग ₹25.67 करोड़ की डीपीआर तैयार की गई है। इस योजना के अंतर्गत झील के आसपास स्थित प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, दीनदयाल पार्क के समीप बोटिंग डॉक का विकास, झील किनारे 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग एवं स्ट्रीट फर्नीचर की स्थापना जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। निरीक्षण के दौरान सचिव द्वारा इन सभी कार्यों को प्रस्तावित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

नौकुचियाताल में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार

नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग ₹20.97 करोड़ की योजना के अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय एवं टिकट काउंटर, पार्किंग सुविधा, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, गज़ीबो निर्माण, व्यूपॉइंट्स, लैंडस्केपिंग एवं सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान इन कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

कमलताल क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विकास

कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग सेंटर (प्लाज़ा), 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सोलर लाइटिंग एवं लैंडस्केपिंग जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। यह क्षेत्र भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित किया जाएगा।

भवाली में मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉम्प्लेक्स निर्माण

भवाली में लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना में बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल एवं प्रथम तल पर लगभग 40 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। कार्य की प्रगति लगभग 96 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है और पूर्ण होने पर यहां 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

नैनीताल शहर में पार्किंग व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में सरोवर पार्किंग निर्माण हेतु लगभग ₹42.77 करोड़ की परियोजना स्वीकृत है, जिसके अंतर्गत 605 चार पहिया एवं 202 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका भूमि पर ऑटोमेटेड पार्किंग हेतु ₹30.43 करोड़ की परियोजना प्रस्तावित है, जिससे 202 चार पहिया एवं 96 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।

लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सचिव द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किया जाए। जहां कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, वहां शीघ्र कार्य प्रारंभ करने तथा आवश्यकता होने पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं में परिवर्तन करने के भी निर्देश दिए गए।

अशोक पार्किंग स्थल के उपयोग पर निर्देश

नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया गया कि पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग करते हुए पार्किंग निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

पर्यटन और यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम

यह निरीक्षण जनपद नैनीताल में पर्यटन विकास, झीलों के संरक्षण एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटकों के लिए भी बेहतर अनुभव सुनिश्चित होगा।

स्थल निरीक्षण के दौरान सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, संदीप सिंह रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, दिवाकर बडोनी, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग, नैनीताल, कमलेश जोशी, प्रोजेक्ट सेल ऑफिसर, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल, अनिल कुमार तड़ागी, सहायक अभियंता, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल, शिवम धीमान, अभिषेक कुमार तथा अवर अभियंता, अभिषेक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

गंगा तट पर गूंजे आध्यात्म और संस्कृति के स्वर, मुख्यमंत्री धामी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने की भव्य गंगा आरती
  • परमार्थ निकेतन में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विश्व शांति की कामना
  • गंगा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की जीवंत धारा : नितिन नबीन

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर विधिवत गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मां गंगा से देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की अलौकिक छटा के बीच मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मां गंगा की आराधना कर प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण एवं विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उपस्थित संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मां गंगा के पावन तट पर आना सदैव आत्मीय एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है।

उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हर कठिन और विपरीत परिस्थिति में समाज को दिशा देने का कार्य किया है। जब-जब देश सामाजिक, सांस्कृतिक या वैचारिक चुनौतियों से गुजरा, तब संतों और ऋषियों ने अपने तप, त्याग और ज्ञान के माध्यम से समाज को नई ऊर्जा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भारत की तपस्या, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों की परंपरा सदियों से जनमानस में जीवित रही है और संत समाज ने इस महान विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज भी भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक चेतना विश्व को आकर्षित कर रही है। उत्तराखंड जैसी देवभूमि हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा है, जहां से पूरे देश को आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि गंगा, संत परंपरा और भारतीय संस्कृति का संरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।

परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं मानव सेवा के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर निरंतर नयी ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है तथा राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों से देश की प्रतिष्ठा विश्वभर में बढ़ी है। उन्होंने उत्तराखंड को दिव्यता, संयम और संगम की धरती बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने गंगा एवं भारतीय संस्कृति के वैश्विक महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद जी गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित विभिन्न अधिकारी, संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ग्रीन कुंभ की ओर बढ़ता हरिद्वार, मेलाधिकारी सोनिका ने किया रुद्राक्ष का पौधारोपण
  • ‘हरित हरिद्वार’ अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन
  • कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार को हरा-भरा बनाने के लिए लोगों में बढ़ रहा उत्साह
  • मेलाधिकारी ने श्याम लोक कॉलोनी पार्क में रोपा रुद्राक्ष का पौधा

हरिद्वार : आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन द्वारा एचआरडीए के सहयोग से प्रारंभ किया गया “हरित हरिद्वार अभियान” को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

इस अभियान से जुड़े स्थानीय निवासियों के आग्रह पर मेलाधिकारी एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की उपाध्यक्ष सोनिका ने शुक्रवार को भूपतवाला स्थित श्याम लोक कॉलोनी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर अभियान में जनसहभागिता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से “हरित हरिद्वार अभियान” में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी सक्रिय और प्रत्यक्ष भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला केवल आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का भी महत्वपूर्ण अवसर है। हरिद्वार की पहचान उसकी आध्यात्मिकता के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में “ग्रीन कुंभ” की परिकल्पना को साकार करने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।

श्याम लोक कॉलोनी पार्क में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मेला अधिकारी ने कॉलोनीवासियों से संवाद कर अभियान के संबंध में उनका फीडबैक लिया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की। स्थानीय नागरिकों ने हरिद्वार को हरा-भरा बनाने की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान में निरंतर सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

मेलाधिकारी सोनिका की पहल पर शुरू किए गए “हरित हरिद्वार अभियान” के तहत अब तक हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों से 1000 से अधिक पौधों के रोपण के की मांग प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में अभियान की प्रारंभिक तैयारियां की जा रही हैं तथा आगामी मानसून सत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रमुख मार्गों, घाट क्षेत्रों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, प्रवेश मार्गों एवं मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के दीर्घकालिक संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देने, शहर की सौंदर्यता में वृद्धि करने तथा कुंभ मेला-2027 को “ग्रीन कुंभ” के रूप में स्थापित करना भी है। अभियान के माध्यम से आमजन, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।

“हरित हरिद्वार अभियान” की एक प्रमुख विशेषता इसका जनसहभागिता आधारित स्वरूप है। इस अभियान में इच्छुक व्यक्ति, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, शिक्षण संस्थान, धार्मिक संगठन एवं व्यापारिक समुदाय सक्रिय रूप से भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी ऐसे स्थानों का चयन कर सकते हैं, जहां वे पौधारोपण कराना चाहते हैं। चयनित स्थलों की सूचना हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) को उपलब्ध कराने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

  • अभियान से जुड़ने अथवा अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें – मोबाइल : 9084700675, 9084700674

सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने रुद्रपुर में आवास, ट्रांसपोर्ट नगर और कॉमर्शियल हब परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कहा – बागवाला में बने 1872 प्रधानमंत्री आवास जल्द होंगे लाभार्थियों को आवंटित
  • मुख्यमंत्री धामी के विजन को मिल रही गति, बागवाला में बने 1872 प्रधानमंत्री आवास जल्द होंगे लाभार्थियों को आवंटित
  • रुद्रपुर में आवास, ट्रांसपोर्ट नगर और कॉमर्शियल हब परियोजनाओं का निरीक्षण, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश

रुद्रपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आवासीय एवं शहरी विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने उधमसिंहनगर जनपद के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर विकास प्राधिकरण की विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इन आवासों का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन लाभार्थियों द्वारा अभी तक निर्धारित अंशदान जमा नहीं किया गया है, उनसे शीघ्र धनराशि जमा कराकर आवंटन प्रक्रिया को गति दी जाए।

उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति आवास 3 लाख रुपये की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है, जबकि 3 लाख रुपये लाभार्थी को जमा करने होते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 185 लाभार्थियों द्वारा पूरी धनराशि जमा की जा चुकी है, जबकि 222 लाभार्थियों को पत्र एवं दूरभाष के माध्यम से भुगतान हेतु सूचित किया गया है।

सचिव जिला विकास प्राधिकरण ने जानकारी दी कि आवास परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं पौधारोपण का कार्य तेजी से चल रहा है। परिसर में निर्मित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए भी उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने त्रिशूल चौक के समीप लोक निर्माण विभाग की 6.5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया, जहां प्रस्तावित ‘कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर’ बहुमंजिला परियोजना विकसित की जानी है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा तथा इसकी प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है।

सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ आर राजेश कुमार ने रामपुर रोड स्थित प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार 48 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की 72 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर शासन को प्रेषित की गई है। सचिव ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर बनने से परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

इसके उपरांत उन्होंने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आम नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 1872 आवास लगभग तैयार हैं और हमारी प्राथमिकता है कि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिले। सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, ट्रांसपोर्ट नगर और कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के समग्र शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।

भीड़ में गंगा घाटों पर टप्पेबाजी करने वाले एक और गैंग को पौड़ी पुलिस ने किया बेनकाब

लक्ष्मणझूला : बीती 27 मई को नरेश कुमार वर्मा, निवासी- दिल्ली द्वारा कोतवाली लक्ष्मणझूला पर एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया जिसमें उनके द्वारा अंकित किया गया कि गीता भवन के पास गंगा घाट पर स्नान करते समय किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमारा बैग चोरी कर लिया जिसमें 14 से 15 हजार रु0 नगदी, आई फोन, कीमती घड़ी तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे। इस संबंध में तत्काल कोतवाली लक्ष्मणझूला में मु0अ0सं0- 16/2026, धारा- 303 (2) BNS-23 बनाम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण एवं संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

उक्त निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर/श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लक्ष्णझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच, स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन तथा लगातार सुरागरसी-पतारसी की कार्रवाई की गई। लगातार निगरानी एवं सघन चेकिंग, तलाशी एवं टीमवर्क के परिणामस्वरूप उक्त चोरी/टप्पेबाजी की घटना को अंजाम देने वाले 03 अभियुक्तों की पहचान परेश अमरसिंह शालुंके, विनोद प्रदीप शालुंके, विक्रान्त अनिल परमाल निवासी- अहमदनगर महाराष्ट्र के रूप में हुई। जिस पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तीनों अभियुक्तों को दिनांक 28 मई को बाईपास तिराह लक्ष्मणझूला से गिरफ्तार किया गया साथ ही अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किये गये माल की बरामदी की गयी।  गिरफ्तारशुदा तीनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही हैं एवं अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पंजीकृत अभियोग का विवरण

  • मु0अ0सं0- 16/2026, धारा- 303 (2) BNS-23 बनाम अज्ञात
  • बढोतरी धारा- 317(2) BNS-2023

बरामदगी

  • धनराशि ₹ 14050/- नगद
  • आधार कार्ड नरेश कुमार वर्मा, आधार कार्ड उषा वर्मा व एक डीएल-नरेश कुमार वर्मा

अभियुक्तो का विवरण

  • परेश अमरसिंह शालुंके (उम्र 40 वर्ष) पुत्र अमरसिंह शालुंके, निवासी- मुम्बई सुबरवन महाराष्ट्र 
  • विनोद प्रदीप शालुंके (उम्र 47 वर्ष) पुत्र प्रदीप शालुंके, निवासी- जामखेड़ा जिला अहमदनगर महाराष्ट्र 
  • विक्रान्त अनिल परमाल (उम्र 38 वर्ष) पुत्र अनिल परमाल, निवासी- जामखेड़ा, जिला- अहमदनगर महाराष्ट्र