कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का कोटद्वार आगमन, सुवेनियर शॉप्स एंड स्टडी सेंटर का हुआ उद्घाटन

कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री उत्तराखंड सरकार सुबोध उनियाल के कोटद्वार-पाखरौ आगमन पर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने संयुक्त रूप से “सुवेनियर शॉप्स एंड स्टडी सेंटर” का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के समक्ष कोटद्वार क्षेत्र से जुड़ी वन विभाग संबंधी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार का वन क्षेत्र पर्यटन एवं रोजगार की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके समुचित विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

ऋतु खण्डूडी भूषण ने विशेष रूप से कोटद्वार से जंगल सफारी को शीघ्र प्रारंभ किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जंगल सफारी शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा कोटद्वार की पहचान एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगी।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार वन संरक्षण एवं पर्यटन विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए जनहित में आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंत्री सुबोध उनियाल का कोटद्वार आगमन पर आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र के विकास हेतु उनके सहयोग की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी में डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का किया लोकार्पण

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान जनपद मुख्यालय स्थित श्रीनगर रोड पर जिला प्रशासन द्वारा विकसित डॉ. अंबेडकर   जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास एवं 5 योजनाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर रोड स्थित जिला विज्ञान संग्रहालय का विधिवत लोकार्पण किया तथा संग्रहालय में विकसित की गयी विज्ञान आधारित गतिविधियों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने संग्रहालय का भ्रमण कर विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित इंटरएक्टिव मॉडलों, वैज्ञानिक प्रदर्शनों, एवं आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संग्रहालय में स्थापित वैज्ञानिक प्रदर्शनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान बच्चे उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी कई प्रदर्शनियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विज्ञान, अंतरिक्ष, ऊर्जा, पर्यावरण एवं तकनीकी नवाचारों से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन करते हुए कहा कि ऐसे विज्ञान संग्रहालय बच्चों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला विज्ञान संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संग्रहालय जनपद के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा वैज्ञानिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मुख्यमंत्री ने इसके बाद कंडोलिया मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान पहुंचकर कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किये जाने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है। आज जनपद के विकास में एक नया अध्याय जुड़ा है। इस अवसर पर लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है तथा अब तक लाखों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाना है और इसी सोच के साथ हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार तथा होमस्टे योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सनातन संस्कृति, मूल स्वरूप और सामाजिक सौहार्द की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक तथा खेल अवस्थापना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी और रोजगार व पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ाएंगी।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी एवं अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

एमडीडीए कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग
  • रक्तदान शिविर में किया गया 40 यूनिट रक्त संग्रहित, एक यूनिट रक्त से बच सकती हैं 3 जिंदगियां

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय परिसर में आज कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी व मान्या चैरेटेबिल ब्लड सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पित इस पहल में प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर के दौरान लगभग 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में सहायता मिल सकती है। ऐसे में इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में मरीजों को जीवनदान देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है। शिविर में रक्तदाताओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए गए।

रक्तदान करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी काफी उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई जाएगी। शिविर के सफल आयोजन के लिए कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया गया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा— “रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध हो जाना उसके लिए नया जीवन साबित हो सकता है। एमडीडीए केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। मुझे प्रसन्नता है कि प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस शिविर में उत्साह के साथ रक्तदान किया। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। भविष्य में भी एमडीडीए जनहित और समाज कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा।”

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा— “रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिसके माध्यम से किसी अजनबी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। आज आयोजित शिविर में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। लगभग 40 यूनिट रक्त संग्रहित होना इस अभियान की सफलता को दर्शाता है। मैं सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम तथा आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देता हूं। इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

पौड़ी गढ़वाल : जिले में 7799 अपात्र राशन कार्ड निरस्त, 31 हजार से अधिक यूनिटें समाप्त

पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अपात्र, मृतक, स्थानांतरित तथा अन्य श्रेणियों के लाभार्थियों की पहचान कर अब तक कुल 7,799 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं, जिनसे संबंधित 31,268 यूनिट भी समाप्त कर दी गयी हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में निरंतर सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके दौरान अंत्योदय अन्न योजना के 609 राशन कार्ड एवं 2,038 यूनिट, प्राथमिक परिवार श्रेणी के 3,997 राशन कार्ड एवं 18,110 यूनिट तथा राज्य खाद्य योजना के 3,193 राशन कार्ड एवं 11,120 यूनिट निरस्त किए गए हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 7,799 राशन कार्डों तथा उनसे संबद्ध 31,268 यूनिटों को समाप्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में सबसे अधिक कार्रवाई की गयी है, जहां अंत्योदय अन्न योजना के 135 राशन कार्ड एवं 624 यूनिट, प्राथमिक परिवार श्रेणी के 1,516 राशन कार्ड एवं 7,740 यूनिट तथा राज्य खाद्य योजना के 1,652 राशन कार्ड एवं 6,440 यूनिट निरस्त किए गए हैं। इस क्षेत्र में कुल 3,303 राशन कार्ड एवं 14,804 यूनिट समाप्त की गयी हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सितंबर 2025 से राशन कार्ड सत्यापन अभियान के तहत अपात्र, मृतक, स्थानांतरित एवं अन्य अयोग्य लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं, वहीं पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए नए राशन कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। जनपद में उक्त माह से अब तक कुल 3,347 नए राशन कार्ड स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें अंत्योदय अन्न योजना के 243, राज्य खाद्य योजना के 1,958 तथा प्राथमिक परिवार श्रेणी के 1,146 राशन कार्ड शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग द्वारा राशन कार्डों का नियमित सत्यापन किया जा रहा है ताकि खाद्यान्न का लाभ केवल वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंचे। अपात्र एवं निष्क्रिय राशन कार्डों को लगातार चिन्हित कर निरस्त करने तथा पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई से सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी बन रही है।

 

 

कम प्रगति वाले बूथों की विशेष निगरानी एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश

पौड़ी : जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ आर चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारियों (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी), तहसीलदारों (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी।

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप गणना प्रपत्रों का वितरण हर हाल में पूर्ण किया जाए। जिन विधानसभा क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान संचालित कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा दैनिक स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गयी। अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां इसे तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य दोनों को समान गति से आगे बढ़ाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।

अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित समीक्षा, प्रभावी समन्वय एवं सतत निगरानी के माध्यम से निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

 

 

NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा फैसला : भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, मैसेज एडिट फीचर भी होगा बंद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध 22 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा।

एनटीए के मुताबिक 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इसके अलावा सरकार ने टेलीग्राम को भारत में अपने मैसेज एडिट फीचर को भी 30 जून तक निष्क्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। इसका अर्थ है कि पहले से भेजे गए संदेशों में किसी प्रकार का संशोधन या नई फाइल जोड़ने की सुविधा निर्धारित अवधि तक उपलब्ध नहीं होगी।

फर्जी पेपर लीक दावों पर रोक लगाने की कोशिश

एनटीए का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में टेलीग्राम पर कई ऐसे चैनल, ग्रुप और बॉट सक्रिय पाए गए, जो NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के झूठे दावे कर रहे थे। कुछ लोग परीक्षा के बाद प्रश्नपत्रों को पुराने संदेशों में जोड़कर यह दिखाने की कोशिश करते थे कि पेपर पहले ही लीक हो चुका था।

एजेंसी के अनुसार टेलीग्राम का एडिट फीचर इस प्रकार की गतिविधियों को आसान बना रहा था। इसी वजह से सरकार ने परीक्षा समाप्त होने के बाद भी कुछ समय तक इस सुविधा को बंद रखने का निर्णय लिया है।

कई फर्जी चैनलों पर कार्रवाई

इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने हाल के दिनों में टेलीग्राम पर संचालित कई संदिग्ध चैनलों और समूहों को हटवाया है। इनमें “Paper Leaked NEET”, “Re-NEET 2026” और “NEET Mafia” जैसे नामों से चल रहे चैनल शामिल थे।

एनटीए के अनुसार ये चैनल अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को गुमराह कर रहे थे और कथित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये की मांग कर रहे थे। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी पाए गए हैं।

साइबर ठगी गिरोह का भी खुलासा

गुजरात की अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने हाल ही में ऐसे एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो टेलीग्राम के माध्यम से छात्रों को पेपर उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी कर रहा था।

जांच में सामने आया कि गिरोह ने फर्जी बैंक खातों के जरिए लगभग 1.5 करोड़ रुपये का लेनदेन किया। पुलिस के अनुसार एक महीने के भीतर करीब एक हजार छात्रों और अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें परीक्षा में सफलता दिलाने और प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर ठगा गया।

इस मामले में राजस्थान और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियां गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं।

बिहार और अन्य राज्यों ने भी जारी की चेतावनी

परीक्षा से पहले विभिन्न राज्यों की पुलिस एजेंसियों ने भी अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने 9 जून को सार्वजनिक चेतावनी जारी कर कहा था कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक के नाम पर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार से सावधान रहें।

पुलिस का कहना है कि अधिकांश मामलों में छात्रों को ठगी का शिकार बनाया जाता है और कोई वास्तविक प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराया जाता।

लाखों उपयोगकर्ता होंगे प्रभावित

एनटीए ने स्वीकार किया है कि टेलीग्राम पर अस्थायी रोक से देशभर में लाखों उपयोगकर्ता प्रभावित होंगे। बड़ी संख्या में छात्र, नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी, शिक्षण संस्थान, कारोबारी और आम नागरिक संचार एवं अध्ययन सामग्री साझा करने के लिए इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं।

एजेंसी ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

री-एग्जाम के लिए बदले नियम

इस बीच एनटीए ने NEET-UG पुनर्परीक्षा के लिए कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी किए हैं। नई गाइडलाइंस के अनुसार परीक्षा अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। साथ ही अभ्यर्थियों को रफ वर्क के लिए अतिरिक्त शीट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रश्न हल करने में सुविधा मिल सके।

पेपर लीक विवाद के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई राज्यों से प्रश्नपत्र लीक होने और कुछ अभ्यर्थियों को पहले से पेपर उपलब्ध कराए जाने के आरोप सामने आए थे।

जांच एजेंसियों द्वारा प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार, एनटीए और संबंधित एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

मेडिकल प्रवेश की सबसे बड़ी परीक्षा

NEET-UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है। इसके माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष, नर्सिंग और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों, साथ ही AIIMS और JIPMER जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में दाखिले के लिए इसी परीक्षा का स्कोर मान्य होता है।

हर वर्ष लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं और चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखते हैं। ऐसे में परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार और परीक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

अभ्यर्थियों के लिए सलाह

एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, परीक्षा में सहायता दिलाने या किसी अन्य प्रकार का लालच देकर संपर्क करता है तो उसकी सूचना तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।

एजेंसी ने दोहराया है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें।

विवाद के बाद सिख समुदाय के लोगों ने किया धारदार हथियार से हमला, कई घायल

गोपेश्वर (चमोली)। कर्णप्रयाग में निहंग सिख समुदाय के लोगों के साथ स्थानीय लोगों की किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि निहंग सिख समुदाय के तीर्थयात्रियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। घटना में एक निहंग सिख समुदाय का युवक भी घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली विवाद ने इस कदर बड़ा कि निहंग सिख समुदाय के लोगों ने धारदार हथियार का प्रयोग शुरू कर दिया। इसमें स्थानीय लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस प्रशाासन की ओर से यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ही रोक दिया गया।

घटना में स्थानीय निवासी कर्णप्रयाग निवासी 26 वर्षीय प्रकाश रावत, नैनीसैण कंडारा निवासी 55 वर्षीय सुदर्शन कंडारी व 50 वर्षीय गजपाल सिंह, देवतोली निवासी 42 वर्षीय हरेंद्र सिंह पंवार शामिल है। जबकि मोहाली पंजाब निवासी 21 वर्षीय मनप्रीत सिंह भी घटना में घायल बताए जा रहे हैं।

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। इससे हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तराखंड अपनी शांति, भाईचारे और अतिथि सत्कार की परंपरा के लिए जाना जाता है। यहां पर किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विवाद गहराने पर जिलाधिकारी गौरव कुमार व पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाते हुए घटना की पूरी छानबीन करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम को खोला गया।

 

अधिकारियों पर बरसे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, बोले- बजट मिल रहा, काम नहीं हो रहा

पिथौरागढ़। उत्तराखंड में भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के साथ-साथ अब पार्टी के वरिष्ठ नेता भी सवाल उठाने लगे हैं। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने पिथौरागढ़ में विभिन्न सरकारी विभागों, विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि सरकार विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करा रही है, लेकिन धरातल पर उसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा है।

जिला मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान सुरेश जोशी ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई के समक्ष सड़क, सीवर लाइन और नगर की अन्य बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई जनहित से जुड़े मामले वर्षों से लंबित पड़े हैं और संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण जनता परेशान है। जोशी ने ऐंचोली-बड़ाबे सड़क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि करीब ढाई वर्ष पहले सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में प्रस्तावित सर्किट हाउस का निर्माण भी ठेकेदारों के आपसी विवाद और न्यायालयी प्रक्रिया के चलते अधर में लटका हुआ है।

उन्होंने नगर में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीवरेज परियोजना पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद आज तक आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल सका है, जबकि हर वर्ष इसके रखरखाव के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की जा रही है। उन्होंने ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और वेतन कटौती की मांग की।

ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरेश जोशी ने कहा कि कई मार्गों पर झाड़ियां उग आई हैं और जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिथौरागढ़ में लोनिवि और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग पूरी तरह निष्क्रिय बने हुए हैं।

नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तिराहों और चौराहों पर कुत्तों के झुंड लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं। आए दिन लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का भी पालन नहीं हो रहा है। सुरेश जोशी ने नगर के कई वार्डों में खराब रास्तों और मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इन समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगा।

गौरतलब है कि यह पहला अवसर है जब भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने सार्वजनिक रूप से अपनी ही सरकार के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले विधायक अरविंद पांडे, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा विधायक बिशन सिंह चुफाल भी अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा नेताओं की बढ़ती नाराजगी विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का नया अवसर दे सकती है।

देहरादून में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 19 को मुख्यमंत्री की अगुवाई में होगी ‘रन फॉर योग’

देहरादून : योग दिवस के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

जनपद देहरादून में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। योग दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को पुलिस लाइन, रेसकोर्स देहरादून में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेयर सौरभ थपलियाल, आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे तथा जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित करीब 770 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर योग’ का शुभारंभ पुलिस मैदान, रेसकोर्स से होगा। यह दौड़ त्यागी रोड होते हुए पुनः पुलिस मैदान में आकर संपन्न होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों लाखामंडल और हनोल में भी कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अपर जिलाधिकारी ने योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर देते हुए पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल विभाग सहित सभी संबंधित विभागों से आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा। साथ ही नागरिकों से भी ‘रन फॉर योग’ एवं योगाभ्यास कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की गई।

पटेलनगर क्षेत्र में हुयी अधिवक्ता की हत्या का 10 घंटे के अन्दर दून पुलिस ने किया खुलासा, युवक की हत्या करने वाले उसके छोटे भाई को किया गिरफ्तार

देहरादून। दिनांक 14/06/2026 की रात्रि कोतवाली पटेलनगर को सूचना प्राप्त हुयी कि भुड्डी गांव में एक युवक को अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर गोली मार दी, जिसे उसके परिजनों व आसपास के लोगो द्वारा नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। उक्त सूचना से उच्चाधिकारी गणों को अवगत कराते हुये प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर मय पुलिस बल के तत्काल मौके पर पहुँचे। मौके पर मृतक युवक की पहचान सोहेल हारून पुत्र अब्दुल हारून निवासी ग्राम भुड्डी, कोतवाली पटेलनगर के रूप मे हुयी, मृतक के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक अपने माता पिता तथा अन्य भाइयों के साथ उक्त घर में रहता था। 20-25 दिन पूर्व मृतक के माता पिता हज पर गये थे तथा मृतक अपने छोटे भाई शाहिद के साथ घर पर अकेला था।

घटना के सम्बन्ध में सूचना देने वाले युवक सुहान पुत्र फुरकान से जानकारी करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसके ताऊ का लड़का वसीम, जो ड्राइवर का काम करता है, उसके द्वारा उसे फोन कर जानकारी दी कि सोहेल के घर के पास गाड़ी को बैक करते समय उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी, जिस पर सुहान तत्काल सोहेल के घर गया, जहाँ उसके छोटे भाई ने उसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर उसके भाई सोहेल को गोली मारने की बात बतायी गयी थी, जिसके बाद वे सोहेल को लेकर नजदीकी अस्पताल गये थे। मृतक के भाई से जानकारी में भी उसके द्वारा अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारना बताया गया। मौके पर फील्ड यूनिट तथा फोरेन्सिक टीम को बुलाकर घटना स्थल की फोटोग्राफी वीडियोग्राफी करते हुये आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी। घटना के सम्बन्ध में मृतक के चाचा सय्याद हसन पुत्र स्व0 अमीर हसन द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर पर मु0अ0सं0-366/26, धारा 103(1)/331(8) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना के अनावरण तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु कोतवाली पटेलनगर पर अलग-अलग टीमों की गठन किया गया।

गठित टीमों द्वारा मृतक के घर व उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किये गये तो मृतक सोहेल के घर के कैमरो का चालू होना पर उसमे से रिकार्डिग को हटाना पाया गया तथा आसपास के कैमरों की फुटेजों में घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति का घर के अन्दर न आना प्रकाश में आया। घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गयी एक देशी पिस्टल बरामद हुयी, जिसके सम्बन्ध में मृतक के छोटे भाई से जानकारी करने पर वह कोई स्पष्ट जबाब नही दे पाया। मौके से प्राप्त परिस्थिति जन्य साक्ष्यों एवं घटना के सम्बन्ध में मृतक के भाई द्वारा लगातार दी जा रही अस्पष्ट जानकारियों पर संदिग्धता प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा मृतक के छोटे भाई को शाहिद को पूछताछ हेतु हिरासत में लेते हुये थाने लाया गया, जहां उससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा घर से बरामद देशी पिस्टल से अपने भाई सोहेल को गोली मारकर उसकी हत्या करना स्वीकार किया गया तथा पुलिस से बचने के लिये अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके भाई को गोली मारने की झूठी जानकारी देना बताया गया, जिस पर अभियुक्त शाहिद को पुलिस टीम द्वारा मौके से गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्त द्वारा पुलिस को गुमराह करने के लिये अपने परिजनों व आसपास के लोगो को भी घटना के सम्बन्ध में झूठी जानकारी देकर उकसाया गया तथा उनके साथ मिलकर अपने भाई सोहेल के शव को देहरादून पोन्टा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर सड़क को जाम किया गया जिससे आमजन को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ा उक्त सम्बन्ध में भी अभियुक्त शाहिद व अन्य नामजद व अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध कोतवाली पटेलनगर पर मु0अ0सं0- 367/26, धारा 126 (2)/191(2)/221/3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पूछताछ का विवरणः-

गिरफ्तार अभियुक्त शाहिद नशे का आदी है तथा अक्सर अपने महंगे शोको को पूरा करने तथा दोस्तों के बीच रौब झाड़ने के लिये वह अपने घर वालो तथा बड़े भाई सोहेल से पैसे लिया करता था, उसकी गलत आदतों की वजह से उसका बड़ा भाई सोहेल उसे अक्सर टोकता रहता था तथा कई बार उसके द्वारा उस पर हाथ भी उठाया था। कुछ दिन पूर्व उनके माता पिता के हज पर जाने के बाद सोहेल को जानकारी हुयी कि उसके पिता का एटीएम, जो सोहेल के पास रहता था, उसे अभियुक्त द्वारा चोरी कर अपने पास रख लिया था तथा एटीएम के माध्यम से लगभग 10 लाख रूपये अपने पिता के खाते से निकालते हुये उसे अपनी अय्यासी में खर्च कर दिये थे। इस बात को लेकर सोहेल का अभियुक्त से विवाद हो गया था तथा सोहेल ने उसके ऊपर हाथ उठाते हुये उसके साथ मारपीट कर दी थी।

मारपीट से क्षुब्ध होकर अभियुक्त ने सोहेल की हत्या की योजना बनायी तथा घटना को अंजाम देने के लिये पिछले 02 दिनों से घर के सारे कैमरों की रिकार्डिग को बन्द कर कैमरों को लाइव मोड पर रख दिया। योजना के मुताबिक अभियुक्त द्वारा मौका देखकर दिनांक- 14/06/2026 की रात्रि में अपने पास रखी देशी पिस्टल से अपने भाई को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी तथा घटना के बाद उक्त देशी पिस्टल को घर के बाथरूम में छिपाकर रख दिया। इस दौरान अचानक घर पर उनके गांव के रहने वाले एक युवक सुहान के आ जाने पर अभियुक्त ने उसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारने की बात बताई गयी, तथा दिखावे के लिये उसके साथ अपने भाई के शव को नजदीकी अस्पताल ले गया।

घटना के बाद अभियुक्त द्वारा गांव के अन्य लोगो को उकसाते हुये उनके साथ मिलकर अपने भाई के शव को देहरादून पोन्टा हाईवे में रखकर सड़क को जाम करते हुये पुलिस का ध्यान भटकाने तथा स्वंय को पीड़ित दर्शाने का प्रयास किया गया, जिससे कोई उस पर आसानी से शक न कर सके।

नाम पता गिरफ्तार अभियुक्तः-

1- शाहिद हारून पुत्र अब्दुल हारून, निवासी ग्राम भुड्डी, पोस्ट कारबारी, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र- 21 वर्ष।

बरामदगीः-

1- देशी पिस्टल 32 बोर (घटना में प्रयुक्त)

पुलिस टीम : –

1- व०उ०नि० प्रमोद शाह, कोतवाली पटेलनगर
2- उ०नि० रफत अली, चौकी प्रभारी नयागांव
3- उ०नि० प्रवीण पुंडीर, चौकी प्रभारी बाजार
4- उ०नि० जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी
5- उ०नि० विनय मित्तल
6- उ०नि० बिजेंद्र सिंह कुमांई
7- हे०का० मनोज कुमार
8- हे०का० सुमित
9- का० बृजमोहन
10- का० नरेंद्र पुरी
11-का० कैलाश
12- का० आबिद
13- का० अरुण
14- का० अनिल सालार
15- का० चमन
16- का० जय सिंह

एसओजी टीम:-

1- उ०नि० संदीप लोहान, प्रभारी SOG नगर
2- हे०का० चमन
3- हे०का० किरण
4- का० देवेंद्र
5- का० आशीष राठी