एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी का सख्त निर्णय, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर होटल संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले होटल संचालक के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई करते हुए M/S Haut Monde Hill Stream Resort, कोकियालगांव, तहसील धनोल्टी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है।

प्रकरण के अनुसार वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी टिहरी द्वारा 25 जुलाई 2025 को होटल परिसर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान होटल में खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन पाए गए। जांच में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग, अस्वच्छ खाद्य भंडारण, खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं उपयोग तिथि अंकित न होना, कीटों की मौजूदगी, खाद्य लाइसेंस की प्रति उपलब्ध न होना समेत कई अनियमितताएं सामने आईं।

मामले में अभिलेखों एवं तथ्यों के परीक्षण के बाद न्यायालय ने होटल के पर्सन इंचार्ज ऑफ ऑपरेशन को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन का दोषी माना।

न्याय निर्णायक अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने संबंधित पक्ष पर कुल एक लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर धनराशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तय समय सीमा में जुर्माना जमा न करने पर नियमानुसार वसूली की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति रोकना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री धामी की पहल से पेंशनरों को बड़ी राहत, घर बैठे हो रहा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सत्यापन
  • मुख्यमंत्री धामी की पहल से पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण का सत्यापन करना हुआ आसान
  • डिजिटल व्यवस्था से घर बैठे मिल रही सुविधा, बुजुर्गों को बड़ी राहत
  • पेंशनरों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की पहल, पेंशनर फैसिलिटेशन हाल में जीवन प्रमाण पत्र पर विशेष प्रशिक्षण जारी
  • पेंशनर फैसिलिटेशन हाल में डीएलसी के माध्यम से अब तक 1लाख 84 हज़ार से अधिक लोगो का हुआ सत्यापन
  • पेंशनरों को भा रही डिजिटल व्यवस्था, दून में 22 हजार से अधिक लाभार्थी
  • आईएफएमएस ऐप से घर बैठे आसानी से डाउनलोड करें पेंशन स्टेटमेंट्स

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेश के पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) का सत्यापन अब पहले से कहीं अधिक सरल और पारदर्शी हो गया है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से पेंशनर अब घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन सत्यापित कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1.5 लाख पेंशनर हैं, जबकि देहरादून में 22 हजार से अधिक पेंशनर निवास करते हैं। इन सभी के सत्यापन को सुगम बनाने के लिए “जीवन प्रमाण” ऐप और “आधार फेस आरडी” तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से पेंशनर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) आसानी से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

देहरादून कचहरी स्थित मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय में स्थापित पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल में भी डीएलसी के माध्यम से लगातार सत्यापन किया जा रहा है। यहां पेंशनरों को आधार अपग्रेडेशन के साथ-साथ डिजिटल प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 2024 से अब तक इस केंद्र में 1 लाख 84 हजार से अधिक पेंशनरों का डिजिटल सत्यापन किया जा चुका है।

जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने देहरादून जनपद में कार्यभार संभालने के दिन ही कोषागार का निरीक्षण करते हुए अधिक से अधिक पेंशनरों का डिजिटल माध्यम से सत्यापन कराने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि विरिष्ठ पेंशनरों को घर बैठे ही सुविधा का लाभ मिल सकें।

पेंशनर “जीवन प्रमाण” ऐप के माध्यम से ऑपरेटर आईडी बनाकर घर बैठे भी अपना सत्यापन कर सकते हैं। इसके लिए आधार का अपडेट होना तथा आधार नंबर का मोबाइल नंबर और कोषागार से लिंक होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त आईएफएमएस (इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) ऐप के जरिए पेंशनर अपनी सत्यापन स्थिति (एक्टिव/इनएक्टिव) ऑनलाइन देख सकते हैं और पेंशन स्टेटमेंट भी डाउनलोड कर सकते हैं।

पेंशनरों की सहायता के लिए निदेशालय कोषागार द्वारा 8899890000 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जबकि अधिक जानकारी के लिए treas-fdc-uk@nic.in पर संपर्क किया जा सकता है। इस डिजिटल पहल से बुजुर्ग पेंशनरों को लंबी कतारों से मुक्ति मिली है और वे सुरक्षित, सरल एवं सुविधाजनक तरीके से घर बैठे सत्यापन कर पा रहे हैं।

दून निवासी पेंशनर श्रीकांत उपाध्याय ने बताया कि उन्हें पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे अब वे भविष्य में घर बैठे आसानी से अपना लाइफ सर्टिफिकेट नवीनीकरण कर सकेंगे। उन्होंने इस व्यवस्था को वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी बताया।

मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी ने बताया कि पेंशनरों की सुविधा के लिए कोषागार में पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल स्थापित किया गया है, जहां उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने बताया कि अन्य जनपदों के पेंशनर भी, जो वर्तमान में देहरादून में निवास कर रहे हैं, इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने पेंशनरों से अपील की कि ऑनलाइन सत्यापन के दौरान आधार से प्राप्त ओटीपी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय ऑपरेटर को ही अपनी जानकारी दें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका का किया विमोचन

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में काउंसिल ऑन एनर्जी, इन्वायरमेन्ट एण्ड वॉटर (CEEW) द्वारा तैयार की गई ‘सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल एक स्मारिका पुस्तिका का विमोचन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के उज्ज्वल, आत्मनिर्भर एवं हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संकट एवं पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में सौर ऊर्जा केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत उत्तराखण्ड ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं, जो देश के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का अपना प्रारंभिक लक्ष्य निर्धारित समय से पूर्व प्राप्त कर लिया है तथा निर्धारित संयंत्रों के लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखण्ड आज देश में शीर्ष राज्यों की श्रेणी में पहुँच चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक मात्र दो वर्षों में राज्य ने सौर ऊर्जा क्षमता में लगभग 10 गुना वृद्धि दर्ज की है। उत्तराखण्ड लगभग 290 मेगावाट क्षमता के रेजिडेंशियल रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।मुख्यमंत्री ने यूपीसीएल, ऊरेडा, क्षेत्रीय अधिकारियों तथा इस अभियान से जुड़े सभी विभागों एवं संस्थाओं के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता टीम उत्तराखण्ड की सामूहिक प्रतिबद्धता और समर्पण का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित सौर कौथिग व्यापक जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं अधिकारियों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने प्रदेश में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता का वातावरण तैयार किया है। उन्होंने CEEW की टीम के सहयोग एवं उल्लेखनीय योगदान की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल सोलर संयंत्र स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से आम नागरिकों के विद्युत व्यय में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित भविष्य प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तराखण्ड नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश के समक्ष एक प्रेरणादायक एवं आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव विनय शंकर पांडेय, CEEW के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुणाभ घोष, पिटकुल के प्रबंध निदेशक डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक जी. एस बुदियाल एवं संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

पोखड़ा में लगा बहुउद्देशीय शिविर, मंत्री सतपाल महाराज ने दी करोड़ों की योजनाओं की सौगात

पोखड़ा : चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पोखड़ा विकासखंड मुख्यालय में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में 20 दिव्यांगों को प्रमाण पत्र वितरित करने के साथ-साथ 150 मरीजों की स्वास्थ्य जांच भी की गयी। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य किये गये हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकारी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सड़क, सिंचाई, पर्यटन, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बरसुंडा देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के 40 गांवों एवं तोकों को लाभ मिलेगा। योजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। 

वहीं जल जीवन मिशन के तहत 44 गांवों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 29 करोड़ 60 लाख 80 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल निगम द्वारा 7 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से 31 गांवों एवं तोकों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। इसके अलावा विकासखंड में 23 ग्राम पंचायत भवनों का निर्माण दो करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से कराया गया, जबकि 21 पंचायत भवनों के मरम्मत कार्यों के लिए 84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कई मोटर मार्गों के निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य कराए गए हैं। दस मोटर मार्गों पर 22 करोड़ 35 लाख 53 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिनमें अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। जिला योजना के अंतर्गत 20 योजनाओं पर 3 करोड़ 58 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। वहीं एसडीआरएफ मद से 36 योजनाओं के लिए 1 करोड़ 71 लाख 81 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिन पर कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा तीन मोटर मार्गों का निर्माण 4 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य पर सीआरआईएफ मद से 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए चौबट्टाखाल में 24 शैय्याओं (बेड) वाले पर्यटक आवास गृह का निर्माण 3 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जो शीघ्र पूर्ण होने वाला है। पोखड़ा विकासखंड में पर्यटन से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी 70 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के अंतर्गत बाढ़ सुरक्षा, नहर मरम्मत एवं अन्य 34 योजनाओं के लिए 4 करोड़ 19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं लघु सिंचाई विभाग द्वारा नाबार्ड एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 42 योजनाओं पर 3 करोड़ 14 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। देवराड़ी मल्ली में 1 करोड़ 36 लाख 94 हजार रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों की चारदीवारी, भवन निर्माण एवं शौचालय निर्माण के लिए 3 करोड़ 86 लाख 71 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राजकीय डिग्री कॉलेज चौबट्टाखाल में बहुउद्देशीय हॉल एवं पुस्तकालय भवन निर्माण हेतु 2 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को स्वास्थ्य संवर्द्धन, स्वावलंबन एवं प्रोत्साहन योजनाओं के तहत 30 लाख रुपये से अधिक की सहायता दी गयी है। 

पोखड़ा में मिनी स्टेडियम का निर्माण 1 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से कराया गया है तथा इसके विस्तार के लिए अतिरिक्त 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से क्षेत्र में अनेक छोटी-बड़ी विकास योजनाएं संचालित की गई हैं। सभी इंटर कॉलेजों में ई-लर्निंग सेट उपलब्ध कराए गए हैं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। कहा कि ग्राम्य विकास विभाग से इस वर्ष 19 किलोमीटर लंबे तीन मोटर मार्गों को स्वीकृति मिल गई है, जिसका कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। 

बहुउद्देशीय शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोक गायिका पूनम सती, महिमा उनियाल, लोक गायक सौरव मैठाणी, चक्रव्यूह महाभारत (अभिमन्यु लीला) ब्रह्म कमल सांस्कृतिक दल, देव क्रिएशन ग्रुप, स्थानीय कलाकार श्यामलाल एवं सोनिया ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से स्थानीय लोगों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, भाजपा युवा नेता सुरेश रावत, मोहिना रावत, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रभु शरण बुडाकोटी, बीकेटीसी सदस्य नीलम पुरी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा को दी ₹138 करोड़ की सौगात

अल्मोड़ा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा में लगभग ₹138 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास एवं ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य के साथ प्रदेश भर में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था एवं पेयजल योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से जनपदवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, कुलपति सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, डीएम अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के सहित जनप्रतिनिधि, विवि प्रशासन के अधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों के ट्रांजेक्शन मामले में पिरान कलियर से युवती गिरफ्तार

हरिद्वार : जिले के पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया। युवती पर पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन में शामिल होने का आरोप है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र की पुलिस ने कुछ दिन पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन करता था। इसी दौरान उसने हरिद्वार के आसफनगर निवासी एक युवती का नाम भी बताया।

इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली पुलिस से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर गांव में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान होने के बाद पुलिस ने युवती सोनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

लंबी पूछताछ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल कर युवती को अपने साथ ले गई। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन मामला करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है।

अचानक हुई इस कार्रवाई से परिजन और आसपास के लोग भी हैरान रह गए। क्षेत्र में चर्चा है कि युवती लंबे समय से पाकिस्तान के जरिए संदिग्ध नकदी ट्रांजेक्शन में शामिल थी। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

पिरान कलियर के एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज केस से संबंधित है। स्थानीय पुलिस ने केवल आवश्यक सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और संदिग्ध लेन-देन के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

उत्तराखण्ड में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देहरादून : उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जनपदों में आगामी दिनों में वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 27 मई को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई को जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 कि.मी. प्रति घंटा से बढ़कर 60 कि.मी. प्रति घंटा तक की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके अतिरिक्त राज्य के शेष जनपदों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40-50 कि.मी. प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

29 मई को राज्य के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 कि.मी. प्रति घंटा से बढ़कर 60 कि.मी. प्रति घंटा तक की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना के साथ आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की भी संभावना व्यक्त की गई है।

30 मई तथा 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा संबंधित जनपदों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड में रखने तथा त्वरित कार्रवाई हेतु सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा आकाशीय बिजली एवं तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

केदारनाथ यात्रा में खच्चर के चारे में छुपाकर ले जाई जा रही थी ₹3.5 लाख की अवैध शराब, आरोपी गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग : श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और नशामुक्त संचालित कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा जनपद के सभी कोतवाली व चौकी प्रभारियों को यात्रा मार्ग पर अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और तस्करी करने वाले असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और उनके खिलाफ कठोरतम कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

​इसी क्रम में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी फाटा (कोतवाली गुप्तकाशी) और एसओजी (SOG) रुद्रप्रयाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी श्री केदारनाथ धाम यात्रा की आड़ में खच्चरों के चारे के नीचे छुपाकर भारी मात्रा में अवैध शराब ले जा रहा था।

चारे की आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल, आरोपी के मंसूबों पर पुलिस ने फेरा पानी- 

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक पिकअप वाहन (संख्या: UK 12 CA 0723) को रोका। प्रथम दृष्टया वाहन में खच्चरों का चारा लदा हुआ दिखाई दे रहा था, लेकिन जब पुलिस टीम ने बारीकी से तलाशी ली, तो चारे के अन्दर छुपाकर रखी गई 494 बोतल मैकडॉवल्स (McDowells) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शराब की खेप को जब्त कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को सीज कर दिया है। बरामद की गई शराब का अनुमानित मूल्य ₹3.5 लाख है।

​आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।  

अभियुक्त का विवरण- गुलजार अहमद पुत्र मो० मोहसीन निवासी बिजनौर, कोतवाली देहात बिजनौर, उत्तर प्रदेश हाल पता भक्तियाना, श्रीनगर

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम का विवरण- 

​1- ​उपनिरीक्षक दिनेश सती (चौकी प्रभारी फाटा)

2- आरक्षी जयप्रकाश (चौकी फाटा)

3- ​आरक्षी अंकित (चौकी फाटा)

4- ​आरक्षी जगदीश (चौकी फाटा)

5- ​आरक्षी रविन्द्र सिंह रावत (एसओजी रुद्रप्रयाग)

6- ​आरक्षी देवेन्द्र सिंह (एसओजी रुद्रप्रयाग)

 

रुद्रप्रयाग पुलिस की अपील – श्री केदारनाथ धाम की पवित्र यात्रा की मर्यादा को भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

घंटाकर्ण मंदिर तक रोपवे, डांडाचली में बनाएंगे ईको पार्क – सीएम धामी

टिहरी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 के अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इसके साथ ही नगर पंचायत गजा क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण एवं मंच निर्माण की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोटेश्वर झील के विकास तथा डांडाचली में ईको पार्क निर्माण की घोषणा की। साथ ही पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने की भी घोषणा की गई। उन्होंने दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गाँव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग की स्वीकृति देने की घोषणा भी की।

स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने चाका महिला अस्पताल को PHC में परिवर्तित कर उसके उच्चीकरण तथा चाका में सामुदायिक भवन के सुदृढ़ीकरण की घोषणा की। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गाँव को इंटर स्तर पर उच्चीकृत करने तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर पर उच्चीकृत किए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों/कार्यक्रमों की स्वीकृति देने की घोषणा भी की। इसके अतिरिक्त हेंवल नदी में झील निर्माण तथा गजा बगीद के 33 KV सब स्टेशन की स्वीकृति प्रदान किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा, टिहरी गढ़वाल पहुंचकर “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गजा स्थित प्राचीन घंटाकर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही उन्होंने राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं धार्मिक आस्थाओं को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में स्कूली बच्चोंद्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की । उन्होंने कहा कि गजा महोत्सव निरंतर विराट स्वरूप ग्रहण कर रहा है तथा इसका विस्तार तेजी से हो रहा है। इस वर्ष का आयोजन पहले की अपेक्षा अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राज्य सरकार उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला, मिनी स्टेडियम, क्रिकेट छात्रावास एवं विभिन्न पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण किए गए हैं तथा कई योजनाएं प्रगति पर हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके और युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभना धनौला, नगर पंचायत अध्यक्ष मुनि की रेती विनीता बिष्ट, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मीना खाती, हुकुम सिंह भंडारी, जसवंत सिंह, खेम चौहान, राजेश रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

दर्दनाक सड़क हादसा : गहरी खाई में गिरा पानी का टैंकर, चालक की मौत

देहरादून : जिले के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के पास पानी से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला गया और तत्काल सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई स्थानों पर तीखे मोड़, संकरी सड़क और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर क्रैश बैरियर लगाने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।