SIR की शुरुआत, सोमवार से मतदाताओं को BLO घर-घर बांटेंगे गणना फार्म

देहरादून : उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के समस्त मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11733 बीएलओ के पास गणना फार्म पंहुचा दिए गए हैं। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक एक माह के समय में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा।

मतदाता ”बुक ए कॉल” फीचर का ले सकते हैं लाभ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे ”बुक ए कॉल विद BLO” के फीचर से एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-Net मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं। कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे और बीएलओ घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे, मतदाताओं द्वारा बीएलओ से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भरा जा सकता है।

मतदाता एक पासपोर्ट फोटो रखें तैयार

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज नही ने होंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि उन्होंने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं इसके बाद मतदाता इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के दौरान अपर कोई भी पात्र व्यक्ति, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं तो वे अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म 6 भर सकते हैं। जिसके बाद दावे आपत्तियों के निस्तारण के समय उनके फार्मों पर विचार किया जाएगा।

आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन की छात्रा ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव

लैंसडाउन : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन की छात्रा परिधि गुसाईं (कक्षा 10) ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से विद्यालय एवं अपने अभिभावकों का नाम गौरवान्वित किया है। परिधि ने अमर उजाला द्वारा आयोजित नेशनल ओलंपियाड 2025-26 में अंग्रेज़ी विषय एवं तार्किक क्षमता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान तथा जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।

इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में कोटद्वार में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि, उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खंडूरी भूषण द्वारा परिधि गुसाईं को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि हजारों प्रतिभागियों के मध्य राज्य एवं जिला स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करना अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने परिधि, उसके अभिभावकों तथा विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंदरियाल ने विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ की ओर से परिधि को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि परिधि विद्यालय की एक अनुशासित, दृढ़संकल्पित एवं प्रतिभाशाली छात्रा है, जो शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती है। उसकी यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

 

देहरादून पॉलिटेक्निक कॉलेज में मारपीट विवाद मामले में एसएसपी देहरादून की कार्रवाई, सब इंस्पेक्टर सस्पेंड

देहरादून : राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में परीक्षा के दौरान नकल पकड़ने को लेकर उपजा विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले में एसएसपी देहरादून ने संज्ञान लेते हुए दरोगा को निलम्बित कर दिया है।

मामले के अनुसार, 4 जून को राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में SI महेश कंडवाल के बेटे कबीर कंडवाल को कथित तौर पर परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया था, अगले दिन (5 जून) SI महेश कंडवाल अपने कुछ साथियों के साथ कॉलेज पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कॉलेज स्टाफ के साथ गाली-गलौज और गंभीर मारपीट करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

जिसके बाद अब घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस दूरसंचार शाखा में नियुक्त उ0नि0, पुलिस दूरसंचार महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया।

मांगों को लेकर देहरादून में गरजे जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक

देहरादून। प्रदेशभर से जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने देहरादून पहुंचकर गर्जना रैली निकालकर अपनी 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा के नेतृत्व में निकली रैली के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही और यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

रैली परेड ग्राउंड से शुरू होकर बुद्धा चैक, घंटाघर, राजपुर रोड और सेंट जोसेफ स्कूल चैक होते हुए सचिवालय की ओर बढ़ी। सचिवालय पहुंचने से पहले आयकर भवन तिराहे पर भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और नोकझोंक होती रही। बाद में सचिवालय प्रशासन की ओर से शिक्षक प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया गया। प्रतिनिधिमंडल को सचिव स्तर से लिखित आश्वासन दिया गया कि शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के सचिवों के साथ संगठन की वार्ता जल्द करवाई जाएगी। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में टीईटी अनिवार्यता से छूट, त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था, 17140 वेतनमान की वसूली पर रोक, तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करना, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण व्यवस्था लागू करना, पुरानी पेंशन बहाली, सीपीएड शिक्षकों का समायोजन, बोनस भुगतान और गोल्डन कार्ड के तहत ओपीडी सहित निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करना शामिल है। शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

आंदोलन को अखिल भारतीय शिक्षक संघ, पर्वतीय कर्मचारी संघ, मिनिस्ट्रियल कर्मचारी फेडरेशन, अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति, लोक निर्माण विभाग संगठन तथा उत्तराखंड एससी-एसटी शिक्षक संगठन समेत कई संगठनों ने अपना समर्थन दिया। चमोली से जिलाध्यक्ष उपेंद्र सती के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा टिहरी से शेर सिंह पंवार, अल्मोड़ा से पंकज पाण्डेय, बागेश्वर से रमेश रावत, उत्तरकाशी से भगत महर, पौड़ी से भगत भंडारी, हरिद्वार से पवन सैनी, रुद्रप्रयाग से लखपत लिंगवाल, ऊधमसिंह नगर से कुंवर पाल, नैनीताल से देवेंद्र कुमार तथा चम्पावत से रमेश देव, प्रदेश महामंत्री जगवीर खरोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश चैहान, कोषाध्यक्ष मनोज शाह, वरिष्ठ संयुक्त मंत्री सुरेश भट्ट, मीडिया प्रभारी विपिन मेहता आदि मौजूद रहे।

 

चारधाम यात्रा मार्गों पर एमआरपी से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं, होगी सख्त कार्रवाई – आयुक्त आनंद स्वरूप

पौड़ी : गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल मंडल के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में चारधाम यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा, मूल्य नियंत्रण तथा प्रवर्तन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित सभी दुकानों, होटल-ढाबों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्रियों को निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एमआरपी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने वाले दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने चारधाम यात्रा प्रारंभ होने के बाद अब तक की गई प्रवर्तन एवं निरीक्षण संबंधी कार्रवाइयों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य में निरीक्षण, सैंपलिंग तथा प्रवर्तन संबंधी समस्त सूचनाएं प्रतिदिन गूगल शीट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे प्रभावी निगरानी और त्वरित समीक्षा सुनिश्चित हो सके।

आयुक्त ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े निरीक्षणों एवं जांच अभियानों को और अधिक सघन बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

बैठक में चारधाम यात्रा की सुगमता के लिए स्थापित ट्रांजिट कैंपों में खाद्य पदार्थों के लिए अधिक मूल्य वसूले जाने संबंधी प्राप्त फीडबैक का भी संज्ञान लिया गया। इस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रवर्तन दल गठित करने तथा नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि यात्रियों के हितों की रक्षा, उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में मंडल के सभी जनपदों के खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

 

 

श्रीनगर में 4.94 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

श्रीनगर : “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पौड़ी पुलिस नशा तस्करों की कमर तोड़ने के अभियान में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशों पर जनपदभर में नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक नेटवर्क को चिन्हित कर उसके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के उद्देश्य से पुलिस टीमों द्वारा दिन-रात सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 7 जून को क्षेत्राधिकारी सदर/श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप  सिंह के नेतृत्व में श्रीनगर पुलिस द्वारा चैकिग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए नर्सरी रोड स्थित रेलवे पुल के समीप एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक सितेश कश्यप उर्फ लकी, निवासी श्रीनगर के कब्जे से 4.94 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वयं को नशे का आदी बताते हुए आर्थिक लाभ के लिए स्मैक की खरीद-फरोख्त में संलिप्त होना बताया गया। युवक से स्मैक बरामदगी के आधार पर उसके विरुद्ध कोतवाली श्रीनगर में मु0अ0सं0-39/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 पंजीकृत अभियोग

  •  मु0अ0सं0- 39/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट।

 नाम पता अभियुक्त

  • सितेश कश्यप उर्फ लकी, निवासी- श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल।
नैनीताल : नियमित वर्कचार्ज कर्मचारियों की बैठक संपन्न, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

नैनीताल : नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संगठन नैनीताल की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से कर्मचारियों के हितों से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र समाधान हेतु शासन एवं संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।

बैठक में प्रमुख रूप से शासनादेश के अनुसार कर्मचारियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं, जैसे ग्रीष्मकालीन वर्दी, छाता, बरसाती आदि सामग्री को 15 जुलाई तक उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के ग्रेच्युटी, जीपीएफ एवं पेंशन संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किए जाने पर भी जोर दिया गया।

कर्मचारियों ने यह मुद्दा भी उठाया कि अनेक सरकारी आवासों में वर्षों से सेवानिवृत्त कर्मचारी निवास कर रहे हैं, जिनके कारण वर्तमान कर्मचारियों को आवास संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। राजभवन, धोबीघाट एवं अन्य स्थानों पर स्थित ऐसे सरकारी आवासों को नियमानुसार शीघ्र खाली कराए जाने की मांग की गई।

बैठक में कार्यस्थलों के निरीक्षण एवं विभागीय कार्यों के संपादन हेतु कर्मचारियों को 60 से 70 किलोमीटर तक की यात्रा अपने निजी संसाधनों से करनी पड़ने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। कर्मचारियों ने पूर्व की भांति वाहन भत्ता पुनः लागू किए जाने की मांग की।

बैठक के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। चुनाव प्रक्रिया राज्य संयुक्त परिषद के अध्यक्ष असलम अली, पेंशनर्स एसोसिएशन कर्मचारी परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी बहादुर सिंह बिष्ट तथा जनपद महासचिव गोधन सिंह नेगी की उपस्थिति एवं देखरेख में संपन्न कराई गई।

चुनाव में महेंद्र सिंह बिष्ट को लगातार चौथी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त हरीश सिंह कोठ्याल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजेंद्र सिंह अधिकारी को सचिव तथा पान सिंह को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। संगठन के सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

चुनाव संपन्न होने के उपरांत उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती एवं संगठनात्मक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट ने संगठन के प्रति विश्वास व्यक्त करने पर सभी कर्मचारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन कर्मचारियों की प्रत्येक समस्या एवं मांग के समाधान के लिए सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा तथा उनके हितों की रक्षा हेतु निरंतर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए हर स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन मुख्य संयोजक गिरीश जोशी द्वारा किया गया। अंत में जोशी ने सभी उपस्थित कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन की मजबूती एवं कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

पौड़ी गढ़वाल : भू-कानून उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 27.5 नाली भूमि राज्य सरकार में निहित

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में भू-कानून के प्रभावी अनुपालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धुमाकोट तहसील के ग्राम ल्वींठा मल्ला में भू-कानून के उल्लंघन से जुड़े एक प्रकरण में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लगभग 27.5 नाली भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उस पर कब्जा प्राप्त कर लिया है।

उपजिलाधिकारी धुमाकोट ने बताया कि संबंधित प्रकरण में बाहरी व्यक्तियों द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि क्रय किए जाने का मामला संज्ञान में आया था। मामले की जांच, राजस्व अभिलेखों के परीक्षण तथा जिलाधिकारी न्यायालय में सुनवाई की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके तहत भूमि को राज्य सरकार में निहित किए जाने के आदेश पारित किए गए, जिसके अनुपालन में राजस्व विभाग ने भूमि पर कब्जा प्राप्त कर लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सभी तहसीलों में भू-कानून से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि भूमि जिस उद्देश्य के लिए क्रय अथवा स्वीकृत की गई है, उसका उपयोग उसी प्रयोजन के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाए तथा शर्तों के उल्लंघन के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भू-कानून के प्रावधानों के उल्लंघन, स्वीकृत शर्तों के विपरीत भूमि उपयोग, अवैध खरीद-फरोख्त तथा सरकारी एवं राजस्व भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार त्वरित जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भू-कानून के उल्लंघन से संबंधित मामलों के विरुद्ध प्रशासन का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।