रायपुर स्थित शिक्षा निदेशालय में हंगामा: चार आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के रायपुर क्षेत्र में स्थित प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय में हुए मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 21 फरवरी 2026 को एक प्रकरण को लेकर विधायक उमेश शर्मा काउ अपने समर्थकों के साथ निदेशालय पहुंचे थे। इस दौरान अधिकारियों से बातचीत के समय विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने कार्यालय परिसर में हंगामा करते हुए कुर्सियां व अन्य सामान फेंककर नुकसान पहुंचाया। घटना में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को चोटें आने की भी जानकारी है।

इस मामले में अजय कुमार नौडियाल की शिकायत पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर लोक सेवक के कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा, सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त विधायक की सुरक्षा में तैनात कर्मी सुशील रमोला की ओर से भी अलग शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी/वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

गिरफ्तार आरोपी

अरविन्द पुंडीर उर्फ कल्ली, लक्ष्मण नवीन, राकेश थपलियाल, अक्षय राणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *