दारमा मार्ग पर बोल्डर गिरने से स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, तीन घायल

पिथौरागढ़। धारचूला क्षेत्र के दारमा मार्ग पर दर के पास पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डरों की चपेट में आने से एक स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

एसडीआरएफ को जिला नियंत्रण कक्ष पिथौरागढ़ से दुर्घटना की सूचना मिलते ही पोस्ट अस्कोट से अपर उपनिरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे। अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने के कारण वाहन उसकी चपेट में आ गया। दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए, जबकि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले जिला पुलिस और जीआरईएफ की टीम ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया था तथा दोनों मृतकों के शव वाहन से बाहर निकाल लिए थे।

इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने जिला पुलिस और जीआरईएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। टीम ने दुर्गम और ढलानयुक्त मार्ग से दोनों शवों को सुरक्षित रूप से रोड हेड तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।

बरसात के मौसम में भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

गुचुपानी पर्यटक स्थल में ड्रोन के माध्यम से भी हो रहा है फोटोशूट

देहरादून : राजधानी देहरादून में गर्मी और वीकेंड की छुट्टियों के बीच गढ़ी कैंट क्षेत्र की पहाड़ियों के बीच स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुचुपानी (रॉबर्स केव) पर्यटको की पहली पसंद बनता जा रहा है। जहाँ गर्मी की छुट्टियों में राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे रहे पर्यटक गुचुपानी के प्राकृतिक गुफाओं और ठंडे पानी का आनंद लेकर अपनी थकान मिटा रहे हैं।

वीकेंड के दौरान पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी है। वही गुचुपानी में पर्यटकों की भीड़ से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। खाने-पीने की दुकानों, स्थानीय उत्पादों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल रहा है।

पर्यटन स्थल पर कई पर्यटक ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद कर सुनहरी यादो के अनुभव को अपने साथ लेकर जा रहे हैं। पर्यटक गुचुपानी की स्वच्छता, प्राकृतिक सुंदरता और सस्ती पर्यटन सुविधाओं की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश भी दे रहे हैं।

पटियाला से आए पर्यटक जतिन ने बताया कि वह देहरादून दूसरी बार आए हैं लेकिन गुचुपानी पहली बार अपनी फैमिली के साथ आए हैं। जतिन ने बताया उन्होंने गुचुपानी केवल वीडियो में देखा था, लेकिन आज गुचुपानी आकर यहां का सौंदर्य और यहां का वातावरण वाकई में बहुत सुंदर है। साथ ही उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की शरण करते हुए कहा कि जो भी पर्यटक गुचुपानी आये तो साफ सफाई व स्वच्छता का ध्यान दें। गुचुपानी का ठंडा और स्वच्छ जल, प्राकृतिक गुफाएं तथा मनोरम वातावरण पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है, जिसके चलते गुचुपानी इन दिनों देहरादून के सहस्त्रधारा के बाद पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।

देवरियाताल-चोपता ट्रेक मार्ग पर भटके पांच ट्रैकर्स का सफल रेस्क्यू

रुद्रप्रयाग। देवरियाताल-चोपता ट्रेक मार्ग पर घने जंगल में रास्ता भटक जाने से फंसे पांच ट्रैकर्स को एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।

रविवार को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली कि देवरियाताल से चोपता के बीच ट्रेकिंग के दौरान पांच ट्रैकर्स निर्धारित मार्ग से भटककर जंगल में पहुंच गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस और डीडीआरएफ की टीम भी बचाव अभियान में शामिल हुई।

संयुक्त टीमों ने दुर्गम एवं घने जंगल क्षेत्र में सघन खोजबीन अभियान चलाया और सभी ट्रैकर्स को सकुशल खोज निकाला। रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स में अभिजीत कुमार (गोपालगंज, बिहार), साहिल कुमार, पुरुषोत्तम चौधरी, सचिन कुमार और आलोक कुमार शामिल हैं।

इसके बाद संयुक्त रेस्क्यू टीम ने सभी ट्रैकर्स को सुरक्षित मार्ग से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया तथा उनकी कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के बाद जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सहसपुर हिंसा पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, कहा- प्रदेश का सौहार्द बिगाड़ने वालों को नहीं बख्शेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में हिंसा और अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों को ऐसा दंड दिया जाएगा, जो भविष्य के लिए नजीर बने। गौरतलब है कि शनिवार को बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया था। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि खेतों में पानी देने को लेकर शुरू हुए विवाद ने बाद में गंभीर रूप ले लिया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों के आसपास आगजनी और पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रशासन ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

आईएमए से पासिंग आउट कर सेना में बने लेफ्टिनेंट प्रियांशु रावत

श्रीनगर। टिहरी गढ़वाल के चौरास के युवा प्रियांशु रावत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। Indian Military Academy आईएमए देहरादून से सफलतापूर्वक पासिंग आउट परेड पूर्ण करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कदम रखा। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे श्रीनगर, टिहरी गढ़वाल और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

प्रियांशु रावत, राजकीय शिक्षक संघ टिहरी गढ़वाल के जिला अध्यक्ष दिलवर सिंह रावत के सुपुत्र हैं। उनकी माता का नाम मंगला रावत है। प्रियांशु की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

प्रियांशु की प्रारंभिक शिक्षा श्रीनगर स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल से कक्षा 5 तक हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 12 तक सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में शिक्षा ग्रहण की। वर्ष 2022 में उनका चयन National Defence Academy एनडीए में हुआ। कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन के बाद वर्ष 2025 में उन्होंने आईएमए देहरादून में प्रवेश लिया और अब 2026 में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों ने सपरिवार भेंट कर प्रियांशु रावत को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, सफल सैन्य जीवन और राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

प्रियांशु रावत की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे श्रीनगर, चौरास, टिहरी गढ़वाल के लिए गर्व का विषय बन गई है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि उनकी सफलता युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

उत्तराखंड : भाजयुमो नेता की हत्या के बाद विकासनगर में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

विकासनगर: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश और खेत में सिंचाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमले में भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) से जुड़े नेता विनोद (45) की मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

जानकारी के अनुसार विनोद और उनके भाई अशोक तथा राजेश सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोप है कि इम्तियाज सहित कई लोगों ने धारदार एवं भारी हथियारों से तीनों भाइयों पर हमला कर दिया।

घायलों को तत्काल हरबर्टपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद ने दम तोड़ दिया। अशोक और राजेश का इलाज जारी है तथा उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक विनोद भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े हुए थे और पूर्व में बीडीसी चुनाव भी लड़ चुके थे। घटना की सूचना फैलते ही विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ता गांव पहुंच गए। इसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी हुए। दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

आईएमए से पासिंग आउट कर सेना में बने लेफ्टिनेंट प्रियांशु रावत

 श्रीनगर: टिहरी गढ़वाल के चौरास के युवा प्रियांशु रावत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। आईएमए देहरादून से सफलतापूर्वक पासिंग आउट परेड पूर्ण करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कदम रखा। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे श्रीनगर, टिहरी गढ़वाल और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

प्रियांशु रावत, राजकीय शिक्षक संघ टिहरी गढ़वाल के जिला अध्यक्ष दिलवर सिंह रावत के सुपुत्र हैं। उनकी माता का नाम मंगला रावत है। प्रियांशु की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

प्रियांशु की प्रारंभिक शिक्षा श्रीनगर स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल से कक्षा 5 तक हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 12 तक सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में शिक्षा ग्रहण की। वर्ष 2022 में उनका चयन एनडीए में हुआ। कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन के बाद वर्ष 2025 में उन्होंने आईएमए देहरादून में प्रवेश लिया और अब 2026 में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों ने सपरिवार भेंट कर प्रियांशु रावत को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, सफल सैन्य जीवन और राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

प्रियांशु रावत की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे श्रीनगर, चौरास, टिहरी गढ़वाल के लिए गर्व का विषय बन गई है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि उनकी सफलता युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

चमोली के अपूर्व रावत बने सेना अधिकारी, क्षेत्र में खुशी की लहर

चमोली : जनपद के नागनाथ पोखरी निवासी अपूर्व रावत के भारतीय सेना में अधिकारी बनने पर क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। अपूर्व ने वर्ष 2022 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर सैन्य सेवा की दिशा में कदम बढ़ाया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शनिवार को आईएमए में आयोजित पासिंग आउट परेड (पीओपी) के बाद अपूर्व रावत भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल हो गए। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। अपूर्व की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

लच्छीवाला टोल के ई-डिटेक्शन सिस्टम ने काटे 42 चालान, जुर्माना पहुंचा सवा चार लाख

देहरादून। देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा के ई-डिटेक्शन सिस्टम ने एक टैक्सी मालिक को भारी परेशानी में डाल दिया है। वाहन की फिटनेस समाप्त होने के बाद टैक्सी के 42 ई-चालान कट गए, जिनकी कुल राशि ₹4 लाख 15 हजार तक पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार भानियावाला निवासी विजय कुमार की टैक्सी ऑनलाइन बुकिंग ऐप के माध्यम से देहरादून, ऋषिकेश और भानियावाला क्षेत्र में संचालित होती है। वाहन की फिटनेस अवधि समाप्त होने के बावजूद टैक्सी नियमित रूप से लच्छीवाला टोल प्लाजा से गुजरती रही। फरवरी माह से यहां शुरू हुई ई-डिटेक्शन व्यवस्था के तहत हर बार टोल पार करने पर वाहन का स्वतः चालान कटता गया।

चालान की सूचना लगातार मोबाइल पर आती रही, लेकिन वाहन चला रहे चालक ने इन्हें सामान्य रिमाइंडर संदेश समझकर नजरअंदाज कर दिया। जब टैक्सी मालिक को इसकी जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। उनका कहना है कि जुर्माने की राशि वाहन की मौजूदा कीमत से भी अधिक है और वह इतना बड़ा भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने परिवहन विभाग से राहत देने की मांग की है।

परिवहन विभाग के अनुसार लच्छीवाला टोल प्लाजा पर फरवरी से लागू ई-डिटेक्शन सिस्टम के जरिए बीमा, फिटनेस, पंजीकरण और प्रदूषण प्रमाण पत्र की वैधता की स्वचालित जांच की जा रही है। दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर तुरंत ई-चालान जारी किया जाता है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस व्यवस्था के तहत अब तक 15 हजार से अधिक चालान जारी किए जा चुके हैं, जबकि इनमें से केवल 578 चालानों का ही भुगतान हुआ है।

परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल पर आने वाले ई-चालान संबंधी संदेशों को नजरअंदाज न करें। साथ ही वाहन के पंजीकरण प्रमाण पत्र में मोबाइल नंबर अपडेट रखें, ताकि किसी भी उल्लंघन की सूचना समय पर प्राप्त हो सके और भारी जुर्माने से बचा जा सके।

विभाग ने बताया कि वाहन स्वामी एम-परिवहन (mParivahan) ऐप या परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने वाहन पर लंबित चालानों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।