कैबिनेट मंत्री ने खेल मैदान का शिलान्यास और 2.875 किमी मोटर मार्ग का किया लोकार्पण

श्रीनगर : कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने तीन दिवसीय भ्रमण के अंतिम दिन चौथान क्षेत्र में धार्मिक, खेल और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर विकास कार्यों को नई गति प्रदान की। इस दौरान उन्होंने विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र के विकास, खेल मैदान निर्माण तथा सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

कैबिनेट मंत्री ने बूंगीधार में आयोजित बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी, उप जिलाधिकारी थलीसैंण तथा दूधातोली विनसर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में भूमि हस्तांतरण से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने और जनभावनाओं के अनुरूप कार्यवाही आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र धार्मिक आस्था, संस्कृति और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है तथा इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इसके बाद उन्होंने देवराणी देवी (बूंगीधार) में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान बनने से क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं उन्होंने थलीसैंण क्षेत्र के अंतर्गत 230.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित 2.875 किलोमीटर लंबे मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने को कहा। 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी टीकाराम, जिला युवा कल्याण अधिकारी रोहित सिंह फोनिया, जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा, घेस मार्ग पर टैक्सी खाई में गिरी, चार की मौत, तीन गंभीर

चमोली। जनपद चमोली के देवाल विकासखंड अंतर्गत घेस मोटर मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सात यात्रियों को लेकर जा रही एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैक्सी घेस मार्ग पर एक खतरनाक मोड़ से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए देवाल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूचना पर प्रशासन, पुलिस एवं राहत-बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

पौड़ी गढ़वाल : 30 सितम्बर तक कर सकेंगे छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन

पौड़ी : समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त ऑनलाइन पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। इसके लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा 30 सितम्बर, 2026 तक रहेगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी पौड़ी गढ़वाल रोहित दुबड़िया ने बताया कि जनपद के शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति आवेदन से पूर्व राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीपी) नम्बर जनरेट करना होगा। इसके उपरांत ओटीआर नम्बर के माध्यम से लॉग इन कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते हुए आवश्यक अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। उन्होंने बताया कि ओटीआर एवं आधार सीडिंग प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शी वीडियो विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसमें लिए पात्र छात्र-छात्राओं का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है, जिससे छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जा सके। साथ ही विद्यार्थियों को अपना बैंक खाता छात्रवृत्ति प्राप्त होने तक सक्रिय अवस्था में बनाए रखना होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आवेदन करते समय अपनी श्रेणी जैसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग अथवा डीएनटी श्रेणी का सही चयन करने तथा संबंधित छात्रवृत्ति योजना को ध्यानपूर्वक चुनने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदन करने वाले शैक्षणिक संस्थानों के लिए संबंधित विनियामक निकायों एवं विश्वविद्यालय/परिषद से शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु मान्यता एवं संबद्धता प्रमाणपत्र प्राप्त होना आवश्यक है। संस्थानों के नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों के फेस ऑथेंटिकेशन संबंधी दिशा-निर्देश भी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित तकनीकी सहायता के लिए आईटी सेल, समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड के टोल फ्री नम्बर 18001804236, मोबाइल नम्बर 6395221188 तथा ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है। अधिक जानकारी विभागीय वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से भी पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा सभी आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

 

दोबारा NEET परीक्षा के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा

देहरादून : उत्तराखण्ड में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलत होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।

उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ मिलेगा। यह सुविधा अभ्यर्थियों को परीक्षा से 02 दिन पूर्व तथा परीक्षा समाप्ति के 02 दिन बाद तक मान्य होगी। 

राज्य सरकार द्वारा नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले प्रदेश के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार सन्त द्वारा प्रबंध निदेशक उत्तराखण्ड परिवहन निगम को आदेश जारी कर दिए गए हैं। 

जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही अनुमन्य होगी। जो नीट (यूजी)-2026  द्वारा निर्गत प्रवेश पत्र के आधार पर ही मान्य होगी। यह सुविधा उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित केवल साधारण श्रेणी की बसों तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग के लिए ही मान्य होगी। 

इस सुविधा के तहत परीक्षा की तिथि से 02 दिवस पूर्व से लेकर परीक्षा की तिथि तक अभ्यर्थी अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान प्रवास से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र से वापसी के लिए परीक्षा समाप्ति की तिथि से 02 दिवस के भीतर अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान प्रवास के पते तक की वापसी यात्रा मान्य होगी।

कोटद्वार : 16 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ 1 अभियुक्त गिरफ्तार

कोटद्वार : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौड़ी सर्वेश पंवार के दिशा-निर्देशन में जनपद में नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने एवं नशा तस्करी की रोकथाम हेतु पौड़ी पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम दैनिक चेकिंग के दौरान कार्यवाही करते हुए कोतवाली कोटद्वार पुलिस द्वारा एक व्यक्ति नवभारत, निवासी-कोटद्वार को 65 पव्वे 8PM गोल्ड (16 बोतल लगभग) अंग्रेजी शराब के साथ कौडिया कैम्प कोटद्वार के पास से गिरफ्तार किया गया है अभियुक्त के विरूद्ध कोतवाली कोटद्वार पर मु0अ0सं0 -136/2026, धारा- 60आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई।

नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त

1-नवभारत, निवासी- कोटद्वार 

बरामद शऱाब

65 पव्वे 8PM गोल्ड अंग्रेजी शराब

सीता सर्किट परियोजना को मिलेगा पारंपरिक स्वरूप, डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश

पौड़ी : मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित सीता सर्किट परियोजना के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने गुरुवार को फलस्वाड़ी गांव पहुंचकर प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रस्तावित सीता सर्किट में सीता मंदिर के साथ-साथ रघुनाथ मंदिर, वाल्मीकि मंदिर एवं लक्ष्मण मंदिर को भी शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को एकीकृत कर एक समग्र आध्यात्मिक एवं पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के आर्किटेक्ट ने जिलाधिकारी को प्रस्तावित सीता सर्किट के लेआउट एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना का विकास स्थानीय पहाड़ी वास्तुकला एवं पारंपरिक स्वरूप को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आधुनिक टाइल्स के स्थान पर स्थानीय पत्थर, लकड़ी एवं पठाल जैसी पारंपरिक निर्माण सामग्री का उपयोग किया जाए, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान एवं प्राकृतिक सौंदर्य अक्षुण्ण बना रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला, प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), सार्वजनिक सुविधाएं तथा आकर्षक एवं भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण प्रस्तावित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंदिर तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की मांग रखी। पटवारी द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में प्रस्तावित सड़क मार्ग के अंतर्गत कुछ निजी नापखेत भूमि आ रही है, जिसके कारण सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने से पूर्व भूमि का स्पष्ट चिन्हीकरण एवं संबंधित ग्रामीणों की सहमति आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए बीडीओ को निर्देशित किया कि कल ही संबंधित ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाए। बैठक में प्रस्तावित सड़क के संरेखण (एलाइनमेंट), भूमि की स्थिति तथा निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाए, ताकि सभी प्रक्रिया शीघ्रता से प्रारंभ की जा सके और क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित संरचनाओं के लिए उपयुक्त स्थल चयन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सीता सर्किट को अधिक आकर्षक एवं धार्मिक दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए रघुनाथ मंदिर, वाल्मीकि मंदिर एवं लक्ष्मण मंदिर को भी इस सर्किट से जोड़ा जाए तथा संपूर्ण क्षेत्र में धार्मिक थीम आधारित साइनेज स्थापित किए जाएं, जिससे आगंतुकों को एक समग्र आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पेयजल, शौचालय, विश्राम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संस्कृति, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण एवं अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त बैठक आयोजित कर परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग को प्रस्तावित सड़क के अलाइनमेंट का परीक्षण कर शीघ्र विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सीता सर्किट के अंतर्गत आने वाले लक्ष्मण मंदिर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक आधुनिक एमिनिटी सेंटर विकसित करने के निर्देश दिए, जिसमें प्रतीक्षालय, शेड, वॉशरूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। साथ ही पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने को भी कहा।

स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने सड़क से मंदिर होते हुए गदेरे तक पहुंच मार्ग के निर्माण हेतु विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीता सर्किट परियोजना का प्राक्कलन दो चरणों में तैयार किया जाए, ताकि कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से क्रियान्वित किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना का अंतिम डिजाइन एवं प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर प्रधान मीनाक्षी भट्ट, खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण, डीटीडीओ खुशाल सिंह नेगी, प्रभारी अधिकारी पुरातत्व अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, आर्किटेक्ट धीरेंद्र सिंह, पटवारी दुर्गेश सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। ‌

लक्ष्मणझूला एवं रामझूला क्षेत्र में बिछड़ी दो मासूम बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

लक्ष्मणझूला : बीती 10 जून को लक्ष्मणझूला एवं रामझूला क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में अपने परिजनों से बिछड़ी दो मासूम बालिकाएं पुलिस को अकेली, घबराई हुई एवं रोते हुए अवस्था में मिलीं। दोनों बालिकाओं के साथ कोई अभिभावक मौजूद न होने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्परता, संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल अपने संरक्षण में लिया तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित स्थान पर रखकर देखभाल की। पहली घटना में लक्ष्मणझूला क्षेत्र में लगभग 07 वर्षीय एक बालिका भीड़ के बीच अकेली एवं डरी-सहमी अवस्था में मिली, जिसे पुलिस द्वारा थाना लाकर बाल कल्याण अधिकारी की देखरेख में रखा गया। वहीं दूसरी घटना में रामझूला क्षेत्र में हरियाणा के पानीपत निवासी एक बालिका अपने परिजनों से बिछड़ गई थी, जिसे चौकी रामझूला पर तैनात पुलिस कर्मियों ने सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया।

दोनों बालिकाओं के परिजनों का शीघ्र पता लगाने हेतु तत्काल सभी चौकी प्रभारियों, चीता मोबाइल एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना प्रसारित की गई। साथ ही बालिकाओं के फोटो साझा कर व्यापक स्तर पर खोजबीन प्रारंभ की गई। बालिकाओं द्वारा दी गई सीमित जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों का उपयोग करते हुए लगातार प्रयास किए। पुलिस कर्मियों की सतर्कता, सक्रियता एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप कुछ ही समय में पहली बालिका के पिता संजीव कुमार निवासी ग्राम चुचेला धनोरा, जनपद अमरोहा (उत्तर प्रदेश) तथा दूसरी बालिका के पिता पवन निवासी पानीपत (हरियाणा) का पता लगा लिया गया। इसके उपरांत दोनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

आपदा पुनर्वास कार्यों में देरी पर डीएम नाराज, अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के नन्दानगर और थराली क्षेत्र में आपदा से हुई क्षति के पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं राहत कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को आपदा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने तथा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त आवासों, सड़कों, पैदल मार्गों, पेयजल योजनाओं और अन्य पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दकिशोर जोशी ने बताया कि थराली क्षेत्र के रामलीला मैदान, अपर बाजार और चैपड़ों की तीन महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सिंचाई विभाग जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू किया जाएगा। बताया कि तहसील नन्दानगर, नारायणबगड़ एवं जिलासू क्षेत्र के 32 प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास के लिए 109.75 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। पात्र परिवारों को प्रथम किस्त भी वितरित कर दी गई है। इसके अलावा आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों, पेयजल लाइनों, सड़कों और पैदल मार्गों के मरम्मत कार्यों के लिए एसडीआरएफ मानकों के अनुरूप धनराशि संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। बताया कि थराली और नन्दानगर के प्रभावित क्षेत्रों से मलबा हटाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं नन्दानगर के मोख और सेरा क्षेत्रों में मोक्ष नदी के चैनलाइजेशन का कार्य भी पूरा हो चुका है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, चमोली के एसडीएम राजकुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी केके पंत समेत विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

छात्रों के लिए ज्ञान-विज्ञान का नया केंद्र बनेगा जिला विज्ञान संग्रहालय – आयुक्त गढ़वाल

पौड़ी : गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को श्रीनगर रोड स्थित निर्माणाधीन जिला विज्ञान संग्रहालय तथा 15 जून को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला विज्ञान संग्रहालय के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों से संग्रहालय में विकसित की जा रही विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों, प्रदर्शनों एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जिला विज्ञान संग्रहालय जनपद के विद्यार्थियों, युवाओं तथा आमजन के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संबंधी ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। संग्रहालय के माध्यम से छात्रों को आधुनिक वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने और नई तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित होगी।

मंडलायुक्त ने कहा कि विज्ञान संग्रहालय शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा नई पीढ़ी को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने का कार्य करेगा। उन्होंने निर्माण एवं साज-सज्जा के अंतिम चरण में चल रहे कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि संग्रहालय का लाभ जल्द से जल्द विद्यार्थियों और आमजन को मिल सके।

इसके उपरांत मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के आयोजन स्थल रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच मार्ग, मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान एवं उसके आसपास जहां कहीं भी क्षतिग्रस्त संरचनाएं या टूट-फूट हो, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित कर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, शिक्षक मनीष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

गैरजमानती वारंट में 1 वारण्टी अभियुक्त को लैंसडाउन पुलिस ने किया गिरफ्तार

लैंसडाउन : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही करने के साथ-साथ न्यायालय से प्राप्त गैर जमानती वारण्ट (N.B.W) की शत प्रतिशत तामील कर अभियुक्तो को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किये जाने हेतु निर्देश दिये है। 

जिसके क्रम में आपरेशन प्रहार के तहत कार्यवाही करते हुए कोतवाली लैंसडाउन पुलिस टीम द्वारा माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट लैंसडाउन द्वारा जारी  गैरजमानती वारण्ट से संबंधित वाद संख्या-65/26, धारा-115(2), 351(3), 324(5), 304(2), 241, 352 बीएनएस से संबंधित वारण्टी अभियुक्त निखिल भाटिया, निवास- कोटद्वार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा वारण्टी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

 

नाम पता वारंटी

निखिल भाटिया, निवासी- पालकोट लैन्सडोन।