पौड़ी गढ़वाल : जियो टावर से पार्ट्स चोरी कर फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा राजस्व क्षेत्रों से नियमित पुलिस को हस्तांतरित पुराने लंबित अभियोगों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में समस्त थाना क्षेत्रान्तर्गत पुलिस टीमों द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में देवप्रयाग पुलिस टीम द्वारा राजस्व क्षेत्र में पंजीकृत एक पुराने चोरी के प्रकरण में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।

वादी सुंदर सिंह निवासी- पौड़ी द्वारा 21 अगस्त 2025 को राजस्व पुलिस चौकी बनगढ़स्यूं में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जियो टावर के पार्ट्स चोरी कर लिए है। जिस संबंध में राजस्व क्षेत्र पट्टी बनगढ़स्यूं, पौड़ी में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या- 01/2025, धारा 303(2), 324(2), 334(2) एवं 3(5) BNS पंजीकृत किया गया। जिसकी विवेचना उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित की गई थी। 

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। प्रकरण में विवेचक द्वारा विवेचनात्मक कार्यवाही करने के साथ ही गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं घटना के सफल अनावरण हेतु लगातार सुरागरसी-पतारसी, साक्ष्य संकलन तथा तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं का विश्लेषण किया गया। 

पुलिस टीम द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, गोपनीय जानकारियों एवं तकनीकी माध्यमों के आधार पर अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित करते हुए उसके संबंध में निरंतर जानकारी एकत्रित की गई। लगातार किए गए अथक प्रयासों एवं प्रभावी विवेचनात्मक कार्यवाही के परिणामस्वरूप आज 10 जून को उक्त चोरी के प्रकरण में वांछित अभियुक्त नरोत्तम, निवासी- बरेली, उत्तर प्रदेश को खाण्डूसैंण क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा जियो टावर से चोरी किए गए पार्ट्स को बेच देने की बात स्वीकार की गई। अभियुक्त को माननीय न्यायालय पौड़ी के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

 

नाम पता अभियुक्त

  • नरोत्तम (उम्र 39 वर्ष) पुत्र दुखीराम, निवासी- मीरगंज, जिला- बरेली उत्तर प्रदेश
लैंसडाउन, रिखणीखाल तथा कोटद्वार क्षेत्र में सरकारी भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में सरकारी भूमि, सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं राजकीय संस्थानों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न तहसीलों में सरकारी भूमि का निरीक्षण कर अतिक्रमण के मामलों को चिन्हित किया जा रहा है तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में तहसील लैंसडौन अंतर्गत तोल्यूं तोक, ग्राम च्वरा, पट्टी डबरालस्यूं-03 में निरीक्षण के दौरान सरकारी भूमि पर अतिरिक्त तारबाड़ लगाकर अतिक्रमण किए जाने का मामला प्रकाश में आया। राजस्व विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर भूमि का सत्यापन किया गया, जिसके उपरांत सरकारी भूमि पर की गई अवैध तारबाड़ को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा सीमांकन से अधिक क्षेत्र में अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं, तहसील रिखणीखाल क्षेत्र में राजस्व विभाग द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम गुर्डेता, पट्टी बिचलाबदलपुर-4, ग्राम घेडी, पट्टी बिचलाबदलपुर-2 तथा ग्राम कण्डिया तल्ला, पट्टी बिचलाबदलपुर-5 में राजस्व भूमि से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

इसके अतिरिक्त तहसील कोटद्वार अंतर्गत ग्राम नंदपुर, पट्टी मोटाढाक में स्थित पटवारी चौकी मोटाढाक की भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी राजस्व विभाग द्वारा चिन्हित किया गया। भूमि का अभिलेखीय परीक्षण एवं स्थलीय निरीक्षण करने के बाद संबंधित अतिक्रमण को हटवाकर राजकीय भूमि को पुनः मुक्त कराया गया।

वहीं ग्राम खूनीबड़, पट्टी मोटाढाक में बंजर श्रेणी की सरकारी भूमि पर तारबाड़ लगाकर तथा गमलों और नर्सरी के माध्यम से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को राजस्व विभाग द्वारा चिन्हित किया गया। विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया गया, जिससे उक्त भूमि अतिक्रमण मुक्त हो गयी। 

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनपद में राजकीय भूमि, सार्वजनिक मार्गों, चारागाहों, बंजर भूमि एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने राजस्व विभाग को सभी तहसीलों में नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

जिलाधिकारी ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल तहसील प्रशासन अथवा राजस्व विभाग को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जनहित एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।