मौसम ने ली करवट, पहाड़ों में बारिश के आसार

देहरादून : उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के बाद अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 

भारतीय मौसम विभाग के देहरादून मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक मौसम सक्रिय रहने वाला है।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में 17 से 20 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी के चलते 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा, लेकिन तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से दोपहर और शाम के समय पहाड़ी इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम की ताज़ा जानकारी लेकर ही सफर करने की हिदायत दी गई है।

जन शिकायत की पड़ताल करने मौके पर पहुंचे सीएम धामी, वीडियो कॉल के जरिए अधिकारियों को दिखाई स्थिति

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत की पड़ताल करने खुद मौके पर पहुंचे सीएम धामी

देहरादून। सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायत को फाइलों में हल करने के बजाय, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खुद मौके पर जाकर जन समस्याओं की पड़ताल की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए, अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने, राजपुर रोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के कारण फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। मदान ने शिकायत में उल्लेख किया था कि जाखन में पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, बाद में यूपीसीएल ने इस फुटपाथ को खोदकर, अंडरग्राउंड लाइन बिछा डाली। लेकिन इस दौरान मिट्टी का भरान ठीक से नहीं किया गया, जिस कारण फुटपाथ की टाइल्स बैठ गई हैं। इससे फुटपाथ का पूरा लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करनी थी, लेकिन सीएम ने समीक्षा बैठक से पहले शिकायत की पड़ताल करने सीधे जाखन का रुख किया।

अपने मोबाइल से अधिकारियों को दिखाई हकीकत

मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता विवेक मदान को साथ लेकर अपने मोबाइल से ही अधिकारियों को वीडियो कॉल के जरिए फुटपाथ की स्थिति दिखाई। मुख्यमंत्री ने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड होने के बावजूद कई जगह बिजली लाइन ऊपर दिखाई दे रही है। जिस कारण जन सामान्य को खतरा पैदा हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी प्लानिंग के साथ काम करें, वरना बार बार कार्य होने से एक और पब्लिक को परेशानी का सामना करता है, वहीं धन की भी बर्बादी होती है।

प्रदेश भर में चलाएं अभियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वे प्रदेश भर के आगामी दौरों पर इसी तरह नियमित निरीक्षण करेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेश में यदि कहीं और भी इस तरह की शिकायत आ रही है तो उन्हें दूर किया जाए, इसके लिए प्रदेश भर में अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत की।

उत्तराखण्ड : संसद में थमी महिला अधिकारों की गूँज, विधानसभा अध्यक्षा ने जताया दुःख

देहरादून : संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न हो पाने और इसके क्रियान्वयन से जुड़ी प्रक्रिया के बाधित होने पर उत्तराखण्ड विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने इस दिन को भारतीय लोकतंत्र और देश की महिलाओं के लिए “काला दिवस” करार देते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर था, जो दुर्भाग्यवश हाथ से निकल गया।

ऋतु खंडूरी ने कहा, “यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा विषय है।” उन्होंने आगे कहा कि 18 अप्रैल का दिन भारत के संसदीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो सकता था, लेकिन प्रक्रिया रुकने से यह सपना अधूरा रह गया।

हालांकि, उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि आने वाले समय में देश की लगभग 50% महिला आबादी को लोकसभा और विधानसभाओं में 33% आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे महिलाएं नीति निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।

कोटद्वार : कार चोरी प्रकरण का खुलासा, एक गिरफ्तार, नाबालिग संरक्षण में

कोटद्वार : 14 अप्रैल को वादी मनीष आर्या द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ दिनांक 13 अप्रैल को कोटद्वार सगाई में आए थे जहां उन्होंने अपनी कार XUV3XO को फ्रेडल पब्लिक स्कूल निंबूचौड़ के सामने वाली गली में पार्क किया था। जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया, उस कार में हमारी कुछ ज्वैलरी और अन्य कीमती सामान भी था। इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में तत्काल मु0अ0सं0-88/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा शीघ्र अनावरण हेतु प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्गत निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में 03 पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ ही, तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी से जुटायी गई आवश्यक जानकारी के क्रम में इस प्रकरण में 03 युवकों की संलिप्तता प्रकाश में आई। 

विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान जांच में सामने आया कि ध्रुव दुआ ने अपने दो साथियों साहिल व राजू (काल्पनिक नाम) जो कि नाबालिग है, के साथ मिलकर वाहन चोरी की योजना बनाई थी। जिसके पश्चात अभियुक्तों द्वारा दिनांक 13 अप्रैल की रात निम्बूचौड़ क्षेत्र से उक्त वाहन चोरी कर लिया था, जिसे लेकर वह कोटद्वार से जा रहे थे लेकिन जाफराबाद क्षेत्र में पुलिस बैरियर व चेकिंग होने के कारण वाहन को आगे नहीं ले जा सके और चोरी किये वाहन को पास के जंगल में छिपा दिया। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों से की गई पूछताछ एवं उनकी निशानदेही पर नजीबाबाद रोड स्थित शुक्रो नदी पुल के पास जंगल से चोरी की गई कार, वाहन में रखे जेवरात व कपड़े बरामद किए गए। उक्त प्रकरण में एक अभियुक्त साहिल खन्ना, निवासी- रूद्रपुर, जनपद- उधमसिहं नगर फरार है जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है। अभियुक्त ध्रुव दुवा के विरूद्ध जनपद उधम सिंह नगर में भी मारपीट व धोखाधड़ी संबंधी अभियोग पंजीकृत हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को मा0 न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है साथ ही संरक्षण में लिए नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

पंजीकृत अभियोग

मु0अ0सं0- 88/2026, धारा- 303(2) बीएनएस धारा बढोत्तरी 61(2), 317(2) बीएनएस 

 

नाम पता अभियुक्त गण

1-ध्रुव दुवा पुत्र केवल दुआ, निवासी- ग्राम बडाखेडा, थाना- गदरपुर, जिला-उधमसिह नगर 

 

आपराधिक इतिहास

1. मु0अ0स0 110/24 धारा- 323,504,506 भादवि – थाना गदरपुर उधम सिहं नगर

2. मु0अ0स0 154/2026 धारा- 318(4) बीएनएस कोतवाली रूद्रपुर जनपद उधमसिहं नगर 

 

फरार अभियुक्त

3- साहिल खन्ना पुत्र मदन खन्ना, निवासी- नियर नीलकठं मन्दिर आदर्श कालोनी, थाना- रूद्रपुर,जनपद उधमसिहं नगर।

 

बरामद माल

1- UK06BP 8506 XUV3XO कार सफेद रंग

2- एक सोने का मंगल सूत्र

3- 04 जोडी कोट-पैन्ट

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में कोताही बर्दास्त नही – डीएम गौरव कुमार

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली बर्दास्त नहीं होगी। सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण पर जोर देना होगा। कहा कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर जल्द समाधान भी करना होगा।  डीएम ने शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि कोशिश यही की जानी चाहिए कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हों। उन्होंने अधिकारियों को शिकायातों को गंभीरता से लेते हुए फील्ड विजिट कर मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। जनहित से जुड़े मसलों पर तत्परता पर बल देते हुए उन्होंने संवेदनशीलता से काम करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि जनपद में एल-1, एवं एल-2 स्तर पर कुल 252 शिकायतें लंबित हैं। इसके बावजूद एल-3 स्तर पर 40 तथा एल-4 स्तर पर 17 शिकायतें निस्तारण की प्रक्रिया में हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे समेत विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर में 40 शिकायतें दर्ज

पोखरी (चमोली)। विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच कर्णप्रयाग की ओर से पोखरी में आयोजित शिविर में 40 शिकायतें दर्ज की गई। इनमें से 35 का मौके पर ही निवारण किया गया। पोखरी में आयोजित उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के शिविर में अधिकतर शिकायत झूलते तारों, विद्युत बिलों गड़बड़ी की शिकायतें दर्ज की गई। शिविर में जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, कुजासू की प्रधान मधु देवी, पैणी के प्रधान सतीश सिंह, सिमखोली के प्रधान ईश्वर सिंह ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखते हुए उनके समाधान की मांग रखी। उपभोक्ता मंच के विधिक सदस्य रघुवीर सिंह ने बताया कि शिविर में 40 शिकायतें झूलते तारों और बिजली बिलों में बढ़ोत्तरी की दर्ज की गई। इनमें से 35 शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। जबकि पांच शिकायतों का समाधान उपभोक्ता निवारण मंच के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे उपभोक्ताओं की समस्याओं को गम्भीरता से लेकर त्वरित निस्तारण करने का प्रयास करें।

इस मौके पर मंच के सदस्य अर्जुन बिष्ट, कार्यालय सहायक सतीश मैठाणी, उपखंड अधिकारी आशीष चैधरी, अवर अभियंता धीरेन्द्र भंडारी आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विजन हो रहा साकार, आढ़त बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना ने पकड़ी रफ्तार
  • एमडीडीए की पारदर्शी कार्यशैली, प्रभावितों को मिल रहा समय पर मुआवजा, 52 को लगभग 21 करोड़ का भुगतान, व 34 संपत्ति धारकों की जल्द होगी रजिस्ट्री
  • स्वेच्छा से हट रहीं संपत्तियां, आढ़त बाजार, तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण कार्य ने पकड़ी गति

देहरादून : देहरादून शहर के यातायात को सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विजन अब जमीन पर उतरता दिखाई दे रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित आढ़त बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना में तेजी आई है और इससे जुड़े प्रभावितों को मुआवजा एवं पुनर्वास की प्रक्रिया भी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा मुख्यमंत्री के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया जा रहा है।

52 संपत्ति धारकों को 21 करोड़ का भुगतान

परियोजना के तहत प्रभावित होने वाली कुल 410 संपत्तियों में से अब तक 52 संपत्ति धारकों को लगभग 21 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। मुआवजा प्राप्त करने के बाद इन संपत्ति धारकों ने अपनी प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग के नाम कर दी है। यह प्रक्रिया न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को दर्शाती है, बल्कि प्रभावितों के विश्वास को भी मजबूत कर रही है। कई प्रभावितों ने अपनी संपत्तियों के हिस्सों को हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया है, जिससे परियोजना को गति मिल रही है।

34 संपत्ति धारकों की जल्द होगी रजिस्ट्री

एमडीडीए द्वारा शेष संपत्तियों के दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। जिनके दस्तावेज सही हैं उनकी प्राथमिकता के आधार पर रजिस्ट्री की जा रही है। ऐसे ही 34 संपत्ति धारकों के दस्तावेजों का परीक्षण कर लिया गया है। जिनकी रजिस्ट्री की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबधित अधिकारियों का दावा है कि सभी पात्र प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा प्रदान कर दिया जाएगा। इसके साथ ही भूखंड आवंटन की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी प्रभावित को असुविधा का सामना न करना पड़े। प्राधिकरण का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

नवीन आढ़त बाजार का निर्माण अंतिम चरण में

परियोजना के तहत बनाए जा रहे नवीन आढ़त बाजार में विकास कार्य तेजी से चल रहा है। यहां लगभग 95 प्रतिशत तक पार्किंग व्यवस्था तैयार हो चुकी है, जबकि अन्य विकास कार्य 80 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। शेष कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह नया आढ़त बाजार न केवल व्यापारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि शहर के भीतर यातायात के दबाव को भी कम करेगा।

यातायात सुधार और शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

आढ़त बाजारदृतहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना देहरादून के यातायात तंत्र को सुधारने में अहम भूमिका निभाएगी। इस मार्ग के चौड़ीकरण से जाम की समस्या में कमी आएगी और आम जनता को राहत मिलेगी। इसके साथ ही यह परियोजना शहर के समग्र शहरी विकास को भी नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री धामी का फोकस केवल सड़क चौड़ीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से एक सुव्यवस्थित और स्मार्ट शहर की परिकल्पना को साकार करना है।

प्रभावितों का बढ़ता भरोसा, पारदर्शिता बनी आधार

परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें प्रभावितों के हितों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुआवजा वितरण और पुनर्वास की प्रक्रिया में पारदर्शिता ने लोगों का भरोसा जीता है। कई प्रभावितों ने स्वयं आगे आकर प्रशासन का सहयोग किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार की नीतियों और कार्यशैली में लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।

जल्द पूरा होगा आढ़त बाजार निर्माण- बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत आढ़त बाजारदृतहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मुआवजा प्रदान किया जा रहा है, जिससे लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। तिवारी ने कहा कि अब तक 52 संपत्ति धारकों को लगभग 21 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है और शेष प्रभावितों को भी शीघ्र मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नवीन आढ़त बाजार का निर्माण तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही सभी सुविधाओं के साथ इसे व्यापारियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।

शेष संपत्तियों के दस्तावेजों का परीक्षण जारी- मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत शेष संपत्तियों के दस्तावेजों का परीक्षण तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। बर्निया ने यह भी बताया कि नवीन आढ़त बाजार में पार्किंग और अन्य विकास कार्य अंतिम चरण में हैं और शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न किया जाएगा।

शानदार उपलब्धि : दून इंटरनेशनल स्कूल का सीबीएसई 10वीं में शत-प्रतिशत रिजल्ट

देहरादून। दून इंटरनेशनल स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कुल 142 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 47 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया।

विद्यालय के छात्र रुद्राक्ष रावत (रोल नंबर 25113331) ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर स्कूल परिवार में हर्ष का माहौल है।

विषयवार प्रदर्शन भी बेहद उत्कृष्ट रहा। 22 विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी में, 22 विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में तथा 8 विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान में पूर्णांक 100 अंक प्राप्त किए।

विद्यालय के निदेशक एच.एस. मान, प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश बर्त्वाल एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर मेहनत, अनुशासन और समर्पण से विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। वर्षों से विद्यालय के छात्र लगातार उत्कृष्ट परिणाम देकर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।