कोटद्वार : नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

कोटद्वार : 12 मार्च 2026 को कोतवाली कोटद्वार पर थाना राजेंद्र नगर, दिल्ली से स्थानांतरित एक जीरो FIR प्राप्त हुई। उक्त प्रकरण में पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि ध्रुवपुर, कोटद्वार क्षेत्र में अभियुक्त द्वारा उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए गए, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 56/2026, धारा 64(1) बीएनएस एवं धारा 5(j)(2)/6 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

प्रकरण नाबालिग बालिका से संबंधित एवं अत्यंत संवेदनशील होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।

निर्गत निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर मामले में त्वरित कार्यवाही कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों का संकलन करते हुए प्रकरण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहनता से जांच की गई। साक्ष्यों एवं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अभियुक्त दिवाकर, निवासी सतपुली की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस टीम द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने के पश्चात जेल भेज दिया गया।

 

नाम पता अभियुक्त

दिवाकर,निवासी- बिजौली, सतपुली जिला- पौड़ी गढ़वाल

एआई और टेक्नोलॉजी से जुड़े आयोजन राज्य को देंगे नई दिशा : सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.), टेक्नोलॉजी और साइंस से जुड़े विविध विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कांफ्रेंस से प्राप्त निष्कर्ष और सुझाव भविष्य में सकारात्मक परिणाम देने के साथ-साथ राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। इसके साथ ही राज्य पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण राज्य है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिवर्ष 06 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर आते हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण अनेक आकर्षक डेस्टिनेशन उपलब्ध हैं। राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण है, जिससे फिल्म उद्योग के क्षेत्र में व्यापक बदलाव संभावनाएं मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त औद्योगिक निवेश के लिए भी राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध हैं, जिन्हें और विकसित करने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं। सरकार इस दिशा में आवश्यक आधारभूत संरचना और सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इस दौरान सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एन.टी.टी. ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कन्ट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेजीडेंट  ज्योति माल्दे, नेटफॉर चाईस डाटा सेंटर के फाउण्डर समीर यादव एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

मुख्य सचिव ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण का किया स्थलीय निरीक्षण

पंतनगर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरूवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया व एयरपोर्ट विस्तारीकरण प्रस्तावित कार्यो की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान डीजीएम सिविल अनूप गुप्ता ने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डा अन्तराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनाया जा रहा है। जिसे 380 करोड़ की लागत से पंतनगर हवाई अड्डा विस्तारीकरण कार्य किये जा रहे है। उन्होने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण हेतु 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण के नाम आवंटित हो गयी है साथ ही टीडीसी, पंतनगर विश्वविद्यालय, सैनिक फर्म आदि की जो भी भूमि एयरपोर्ट को आंवटित की गयी है उसमे भवनों का ध्वस्तीकरण व पेड़ों का कटान कार्य कर दिया गया है। गुप्ता ने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्यो में चाहर दीवारी निर्माण कार्य प्रगति पर है, आमागी माह जून तक पूर्ण कर लिया जायेगा। अन्तराष्ट्रीय मानकों के अनुसार 03 हजार मीटर का रनवें बनाया जायेगा तथा नया टर्मिनल के साथ ही हैंगर, आइएलएस सुविधा, कार्गो बनाया जायेगा व नाईट लैडिंग सुविधा भी होगी। उन्होने बताया कि वर्तमान एयरपोर्ट में भी यात्रियों की सुविधा देने हेतु एटीम, कार पार्किंग, टैक्सी रिटेल काउंटर, वाईफाई सुविधा कार्य किये जायेगें साथ ही यात्रियों के लिए हैल्पडैक्स व प्राथमिक चिकित्सा व एम्बुलेंस सुविधा भी रखी गयी है। एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्यो का ईन्वायरमेंट क्लीयरेन्स हेतु अप्लाई किया गया है।

पीडी एनएचएआई ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आ रहे राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने कार्य का सर्वे कर टेण्डर कर लिये गये है शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ किया जायेगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट से लगी भूमि पर गेस्टहाउस भी प्रस्तावित किया गया है साथ ही उन्होने बताया एयरपोर्ट से लगी भूमि आर्मी को भी आवंटित की गयी है। मुख्य सचिव ने पंतनगर एयरपोर्ट से संचालित हवाई सेवाओं की विस्तृत जानकारियां ली। उन्होने सभी अधिकारियों को एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्यो को आपसी समन्वय से कराने के निर्देश दिये। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने पीपीटी के माध्यम से जनपद के विकास कार्यो की जानकारी दी। उन्होने बताया कि जनमन योजना में जनपद द्वितीय स्थान पर आने पर महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। इसी तरह जनपद में 372 ग्राम पंचायतो में से 229 ग्राम पंचायते टीबी मुक्त होने पर टीबी मुक्त अभियान में द्वितीय स्थान पर रहने पर महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होने बीस सूत्रीय कार्यक्रम, सम्पूर्णता अभियान, रूद्रपुर वाईपास, अमृत योजना, गौशाला निर्माण, मेडिकल कॉलेज निर्माण, सर्किट हाउस निर्माण, ट्रांजिट कैम्प व सिडकुल में वर्किगं ओमन हास्टल निर्माण, सितारगंज में पार्किगं एवं पार्क निर्माण आदि की विस्तृत जानकारियां दी। इसके उपरांत मुख्य सचिव ने वर्ल्ड ऑन व्हील्स डिजिटल लर्निगं लैब एजुकेशन कार्यक्रम के अन्तर्गत 03 माह कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों के साथ संवाद किया व प्रमाण पत्र दिये।

इस दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत, कुलपति जीबी पंतनगर विश्वविद्यालय डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, डीएफओ यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट पवन कुमार, डीजीएम पूरन सिंह, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, पीडी एनएचएआई अंचल जिंदल आदि मौजूद थे।

लोक भवन में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास, एक ही परिसर में मिलेंगी समेकित सुविधाएं

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास

पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप बनेंगे लोक भवन के नए भवन

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया। लोक भवन परिसर में निर्मित किए जाने वाले इन भवनों में विभिन्न आवश्यक सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। प्रथम भवन में एक समेकित डिस्पेंसरी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा कक्ष शामिल होंगे। वहीं दूसरे भवन में सूचना परिसर एवं कैफेटेरिया, तृतीय भवन में लोक निर्माण विभाग कार्यालय एवं चतुर्थ भवन में उद्यान विभाग कार्यालय का निर्माण किया जाना है। इन भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा, जिससे स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ किया जा सके। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इन नवीन भवनों के निर्माण से लोक भवन परिसर में विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आमजन को भी बेहतर एवं त्वरित सेवाएं प्राप्त होंगी। समेकित सुविधाओं के माध्यम से समय एवं संसाधनों की बचत होगी तथा कार्यों में दक्षता आएगी।

राज्यपाल ने कहा कि इस परियोजना में आधुनिक तकनीक के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत का समन्वय किया गया है, जो इसे विशिष्ट बनाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बहुउद्देशीय भवन लोक सेवा की भावना को और अधिक सशक्त करेगा तथा प्रशासनिक कार्यों के कुशल एवं प्रभावी निष्पादन में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोक भवन परिसर में विकसित की जा रही यह बहुउद्देशीय अवसंरचना सुशासन एवं सेवा प्रदान करने की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न विभागों एवं सुविधाओं के उपलब्ध होने से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा तथा नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किए जाने से न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह स्थानीय संसाधनों एवं कारीगरों को भी प्रोत्साहन देगा।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज त्रिपाठी, सहायक अभियंता दिवाकर धस्माना, अपर सहायक अभियंता अमित सेमवाल सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

चमोली : डीएम गौरव कुमार के सख्त निर्देश, स्वजल और रीप योजनाएं समय पर हों पूरी

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्वजल तथा रीप के तत्वाधान में संचालित योजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया है। स्वजल एवं रीप कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए डीएम ने संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुये संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्वजल के अंतर्गत  किए जा रहे पेयजल एवं स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला स्वजल परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि सभी कार्यों का फोटो सहित विस्तृत विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यों की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

रीप की समीक्षा करते हुए डीएम गौरव कुमार ने परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि वे फील्ड विजिट को और अधिक सक्रिय बना कर जागरूकता पर जोर दें। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की प्रभावी मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग पर जोर रहना चाहिए। उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देने पर बल देते हुए कहा कि इससेे ही स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। 

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, परियोजना प्रबंधक रीप शशिकान्त यादव समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बलूनी पब्लिक स्कूल ने 100% परिणाम के साथ रचा नया कीर्तिमान

कोटद्वार : बलूनी पब्लिक स्कूल कोटद्वार ने इस वर्ष की परीक्षाओं में 100% परिणाम हासिल कर एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों और शिक्षकों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।विद्यालय की छात्रा अरुणिमा बर्थवाल ने 96% अंक प्राप्त कर टॉप किया और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह विद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को दर्शाती है।इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है कि विद्यालय के 90% विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक प्राप्त किए। यह परिणाम विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था, प्रभावी शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के निरंतर मार्गदर्शन को दर्शाता है।विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का योगदान इस सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सही दिशा में मार्गदर्शन देकर, उनकी अवधारणाओं को मजबूत किया और एक सकारात्मक अध्ययन वातावरण प्रदान किया।

यह सफलता न केवल विद्यालय की विश्वसनीयता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि बलूनी पब्लिक स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयासरत है।विद्यालय सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता है और भविष्य में और भी बेहतर परिणामों की आशा करता है।

 

मंडल मार्ग पर सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो जवान घायल

गोपेश्वर (चमोली)। गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर मंडल से आगे दिलोंबैंड के पास आर्मी का एक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से दो जवान घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। जहां से गंभीर घायल धवन सिंह को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार को गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर मंडल से आगे दिलोंबैंड के पास आर्मी का वाहन अनियंत्रित होकर खड्ड साइड में जा गिरा। वाहन में सिग्लन कंपनी के चालक जाबाज सिंह (29) व धवन सिंह (23) सवार थे। दुर्घटना में दोनों की सिपाही घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना गोपेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला कर घायलों को बाहर निकाला। बताया कि घायल चालक जाबाज सिंह पर हल्की चोंटे आई हैं। जबकि धवन सिंह के सर पर चोंटे आई हैं। जो अचेत अवस्था में होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

युवक ने लगाई अलकनंदा में छलांग, मौत

गोपेश्वर (चमोली)। कर्णप्रयाग संगम पर एक युवक ने अलकनंदा नदी में छलांग लगाकर मौत को गले लगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक ने अचानक उफनती अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस बिना देरी किए मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान युवक बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस कर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही युवक को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन दिया। मुंह से ऑक्सीजन देकर उसकी सांसें वापस लाने का भरसक प्रयास किया। तत्काल 108 आपातकालीन सेवा के जरिए युवक को उप जिला चिकित्सालय, कर्णप्रयाग लाया गया। डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया। मृतक की पहचान नारायणबगड़ ब्लाॅक के खैनोली गांव निवासी भोपाल सिंह नेगी के रूप में हुई है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

 

सामाजिक संगठन ने किया अच्छी चिकित्सकीय सेवा पर डाक्टर व सहकर्मी को सम्मानित

गोपेश्वर (चमोली)। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को हमरू मुल्क, हमरू क्षेत्र के तत्वाधान में सम्मानित किया गया। हमरू मुल्क, हमरू क्षेत्र सामाजिक संगठन के तत्वाधान में एक अभिनव पहल के तहत जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. अनुराग धनिक, डा. अंबरीश कुमार, डा. दीपक नेगी, डा. अमिता, सिस्टर अंजलिना, वार्ड ब्बाय राकेश नेगी, सफाईकर्मी राजू व राजा आदि को अंगवस्त्र तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करने के निमित्त सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से अन्य चिकित्साकर्मियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और वे भी समर्पण भाव से मरीजों की सेवा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि कहा कि यह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भविष्य में सम्मान से नवाजा जाएगा।

इस दौरान  समाजसेवी सुनील नाथन बिष्ट, नेह ट्रस्ट फाउंडेशन के निदेशक सुनील पुंडीर, सुशीला सेमवाल, नीरज थपलियाल, कमल किशोर डिमरी, दर्शन बत्र्वाल, सरिता तोपाल, योगेंद्र बिष्ट, मुकुल बिष्ट, बल्लभ प्रसाद थपलियाल, कुलदीप करासी, ललित मोहन बिष्ट समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

मुख्य सचिव ने किया निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर, किच्छा का स्थलीय निरीक्षण

जुलाई 2026 तक निर्माणकार्य पूर्ण किया जाए, ताकि अगस्त में की जा सके ओपीडी शुरू: मुख्य सचिव

एम्स सैटेलाइट सेंटर का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण

पंतनगर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को किच्छा में 351 करोड़ की लागत से 280 बेड का निर्माणाधीन सेटेलाइट एम्स का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने श्रमिकों की संख्या व उपकरण बढ़ाते हुए कार्याे में गति लाकर आगामी माह जुलाई तक चिकित्सालय कार्य पूर्ण करने के निर्देश अभियन्ता सी पी डब्लू डी को दिये। उन्होने कहा चिकित्सालय भवनों को कार्ययोजना बनाते हुए प्राथमिकता से करें ताकि माह अगस्त से ओपीडी प्रारम्भ की जा सकें। अभियंता सी पी डब्लू डी उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि चिकित्सालय का कार्य 30 जुलाई तक पूर्ण कर कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवासीय भवनों का कार्य 85 प्रतिशत से अधिक हो गया है माह मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। चिकित्सालय की सड़कों को भी मई तक पूर्ण कर ली जाएगी तथा प्लांटेशन जून में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एम्स में 250 बेड, 10 ओटी, 30 आईसीयू बेड, डायग्नोसेस एंड लेब, कार्डियोलोजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलोजी, न्यूरोलॉजी,जनरल सर्जरी, आर्थाे, जनरल मेडिसिन, पेडियाट्रिक, इमरजेंसी एंड ट्रॉमा बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में सराय व शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी बनाएं जा रहे हैं। निदेशक एम्स ऋषिकेश प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि चिकित्सालय कार्य पूर्ण कर जुलाई में हस्तगत होता है तो अगस्त से ओपीडी प्रारम्भ कर दी जाएगी। अधीक्षण अभियंता सिंचाई ने बताया कि एम्स के हाईवे साइड तीन एप्रोच गेट है जहां जुलाई से पूर्व नाला निर्माण कर एप्रोच पुलिया बना दी जायेंगी।

इस दौरान मुख्य सचिव व मंडलायुक्त ने परिसर में पौधा रोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सिंचाई पी के दीक्षित, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी एस डांगी, लो नि वि गजेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, एजीएम एनसीसी अजौय, प्रबंधक शंकर बालू ,हरिशंकर, सहायक अभियंता सीपीडब्लूडी राकेश पटेल आदि मौजूद थे।