मधुमक्खी पालन से बढ़ेगी किसानों की आय – कृषि मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास में शहद उत्पादन के लिए स्थापित किए गए मधुमक्खी के बक्सों से शहद निकाला। उन्होंने जानकारी दी कि 30 बक्सों से लगभग 60 किलोग्राम शहद निकाला गया। उन्होंने इस कार्य के तकनीकी विशेषज्ञों से शहद उत्पादन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कृषि मंत्री ने कहा उत्तराखण्ड में 9000 से अधिक कृषक मधुमक्खी पालन व्यवसायिक रूप से कर रहे हैं, जिससे लगभग 3300 एमटी का उत्पादन हो रहा है। इसके अतिरिक्त कई कृषक छोटे स्केल पर भी मधुमक्खी पालन कर रहे हैं। कृषिको द्वारा मुख्यतः इन्डिका और मेलिफेरा प्रजातियों से शहद का उत्पादन किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने हर जिले में एक मधुग्राम और जनपद चम्पावत व देहरादून में दो मधुग्राम भी चयनित किये गये हैं। मंत्री जोशी ने कहा कि मधुमक्खी उत्पादन से कृषक अपने आय को बढ़ा सकते हैं और यह उन कृषकों के लिए अत्यधिक लाभदायक है जिनके पास भूमि उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में शहद के प्रसंस्करण हेतु 13 मधु प्रसंस्करण इकाईयॉ स्थापित हैं, जिनकी प्रसंस्करण क्षमता 200 मै0टन प्रतिदिन से भी अधिक है। राज्य में मौनपालन को बढ़ावा देने हेतु केन्द्रपोषित बागवानी मिशन योजनान्तर्गत 40 प्रतिशत अनुदान, राज्य सेक्टर की मधुग्राम योजनान्तर्गत 40 प्रतिशत टॉपअप प्रदान करते हुए कुल 80 प्रतिशत अनुदान से लाभान्वित किया जा रहा है। पर-परागण के लिए परिवहन पर 750 रुपये प्रति मौनबॉक्स अनुदान प्रदान किया जा रहा है। केन्द्रपोषित राष्ट्रीय मधुमक्खीपालन एवं शहद मिशन योजनान्तर्गत मौनपालन से सम्बन्धित इकाई स्थापना हेतु 90 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

कृषि मंत्री जोशी ने कहा प्रदेश को शहद एवं सह-मौन उत्पादों के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान दिलाने हेतु सरकार द्वारा 110 करोड़ से अधिक की लागत से मौनपालन नीति अनुमोदित की गयी है, जिसके अन्तर्गत विस्तृत वेल्यूचैन स्थापित करते हुए मौनपालकों तथा कृषकों को 80 प्रतिशत तक अनुदान से लाभान्वित करने की व्यवस्था की गयी है। उत्तराखण्ड में उत्पादित होने वाला शहद उच्च गुणवत्ता युक्त है। सरकार के विभिन्न प्रयासों के माध्यम से शहद उत्पादन के लिए किसानों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा सरकार का प्रयास है कि किसानों की आय दोगुनी हो उस दिशा में यह शहद उत्पादन से जुड़कर कृषक अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकते है।

इस अवसर पर बागवानी मिशन के निदेशक महेन्द्र पाल, मुख्य उद्यान अधिकारी डा0 डी0के0 तिवारी, पिंकी स्वयं सहायता समूह से पिंकी, किरन आदि सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ज्योतिर्मठ में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ पौराणिक तिमुंडिया मेला

ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ स्थित प्रसिद्ध नरसिंह मंदिर में शनिवार को ‘त्रिमुडिया मेले’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसके साथ ही जगत के पालनहार भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने की धार्मिक प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, प्राचीन काल में पीपलकोटी के पास ‘ह्यूणा’ नामक स्थान पर त्रिमुडिया वीर का भारी आतंक था और वह नरबलि लिया करता था; तब माँ दुर्गा अपनी यात्रा के दौरान उसे वश में कर जोशीमठ ले आईं और शर्त रखी कि प्रतिवर्ष बद्रीनाथ के कपाट खुलने से पूर्व उसे बकरे, कच्चे चावल और गुड़ का भोग लगाया जाएगा। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए आज देव पूजाई समिति के तत्वावधान में उग्रवीर देवता को भोग अर्पित किया गया। मेले के दौरान विभिन्न देवियों के पश्वा अवतरित हुए और उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस विशिष्ट आयोजन को संपन्न करने में रैंकवाल पंचायत की मुख्य भूमिका रही, जिनके द्वारा माता दुर्गा का आलम त्रिमुडिया वीर के लिए लाया गया।

​इस अवसर पर उपाध्यक्ष बीकेटीसी ऋषि प्रसाद सती, नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह, देव पुजाई समीति के अध्यक्ष अनिल नंबूदरी, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र सती, सचिव प्रकाश नेगी, और कोषाध्यक्ष आशिष चंद्र सती उपस्थित रहे। साथ ही, रैंकवाल पंचायत के अध्यक्ष अनूप नेगी, उपाध्यक्ष सोहन सिंह बैजवाणी, और सचिव सुभाष पंवार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मेले में धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न करने में दुर्गा जी के पश्वा भोला सिंह नामण, भुवनेश्वरी के पश्वा आदित्य भूषण सती, चंडिका जी के पश्वा प्रकाश नेगी, दाणी माता के पश्वा अंकित मेहरा और त्रिमुडिया के पश्वा कन्हैया बेजवाड़ी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

मसूरी विकास पर एक्शन मोड में कृषि मंत्री गणेश जोशी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यो की समीक्षा करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में मसूरी विधानसभा क्षेत्र की विकास योजनओं की समीक्षा बैठक शनिवार को देहरादून के कालीदास रोड़ स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बैठक में मसूरी में वेडिंग जोन के विकास हेतु समुचित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त, सुवाखोली के भुवनेश्वरी देवी मंदिर में सौन्दर्यीकरण के निर्माण कार्य एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिये। उन्होंने न्यू कैंट रोड, नैशविला रोड तथा संतला देवी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही, मुख्यमंत्रीघोषणा के क्रम में सालावाला एवं पुरकुल में सामुदायिक केन्द्रों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा।

उन्होंने मसूरी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापना तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिये गये। इसके अतिरिक्त मसूरी क्षेत्र के भवनों के वन-टाइम सेटलमेंट के संबंध में नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश प्रदान किये गये। उन्होंने मसूरी में खुली पड़ी पेयजल लाइनों को भूमिगत करने तथा बिलासपुर कांडली, नैशविला रोड एवं कैनाल रोड की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बैठक में मसूरी नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, ईई एनएच विजय कुमार जलसंसथान के ईई सतेन्द्र पाल सिंहख् राजीव सेनी, जिला खेल अधिकारी रविन्द्र भण्डारी, एमडीडीए के ईई सुनील कुमार, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा को बताया उत्सव, सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकता – सीएम

’मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं’

’राज्य सरकार का संकल्प प्रत्येक श्रद्धालु को कराएंगे चार धाम के दर्शन-मुख्यमंत्री’

’यात्रा के सुखद अनुभव लेकर लौटे श्रद्धालु, यह हमारा प्रयास-मुख्यमंत्री’

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में रविवार 19 अप्रैल से प्रारम्भ हो रही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामना देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा हेतु आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे बाबा केदार, मां गंगोत्री और मां यमनोत्री एवं बद्री विशाल से प्रार्थना करते हैं कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी चारधाम यात्रा सकुशल संपन्न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी। राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रयासरत है। इस संबंध में प्रत्येक स्तर पर चारधाम यात्रा संबंधी तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। हमारा प्रयास रहेगा कि जो भी श्रद्धालु, यात्रा पर आये वे वापस लौटने पर देवभूमि उत्तराखंड में बिताए गए समय की स्वर्णिम यादों को साथ लेकर जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा राज्य के लिए एक उत्सव के समान है। चारधाम यात्रा में देश विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम तथा सुरक्षित हो इसकी व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम व सफल हो इसके लिये हम सबको सहयोगी बनना होगा ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु हमारी देवभूमि के संदेश को देश व दुनिया में पहुंचाने में भी मददगार बने। मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा में लगे सफाई कर्मचारियों से लेकर सुरक्षा में तैनात रहने वाले प्रत्येक पुलिस के जवान और प्रशासनिक अधिकारी से अपील करते हुए कहा कि हम सभी यात्रा व्यवस्था के दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करे ताकि यात्रा में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। आपसी सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से हम सभी इस बार की यात्रा को भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से सम्पन्न कराने में सफल होंगे, इसकी भी कामना है।

अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 06 सिलेंडर और उपकरण जब्त
  • एलपीजी  सिलेंडर कालाबाजारी व अवैध गैस रिफिलिंग पर जिला प्रशासन का सख्त एक्शन, प्राथमिकी दर्ज
  • 06 सिलेंडर, इलैक्ट्रानिक कांटा, हैंगिंग वेइंग मशीन जब्त, आवश्वक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही 
देहरादून। जिलाधिकारी  सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने हेतु गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा सत्त प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा निरंतर प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
 
इसी क्रम में क्यूआरटी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सुधोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर आनंदी हाउस के समीप एक मकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना का संज्ञान लेते हुए क्यूआरटी टीम द्वारा तत्काल मौके पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके बरामद सामग्री को पुलिस के सहयोग से कब्जे में ले लिया गया हैं, जिनमें 19 किलोग्राम के 02 गैस सिलेंडर, 14 किलोग्राम के 04 गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 01 हैंगिंग वेटिंग मशीन, 01 बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) जब्त किए गए हैं। मौके पर शिवम पुत्र मुकेश को अवैध रिफिलिंग कार्य करते हुए पाया गया। जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। उक्त प्रकरण में संबंधित के विरुद्ध थाना प्रेमनगर में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग जैसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन की टीमें आगे भी जनपद में सत्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही जारी रखेंगी, जिससे उपभोक्ताओं को सुचारू एवं सुरक्षित रूप से एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
 
जिला प्रशासन द्वारा प्रसारित  1077, 0135-2626066, 2726066  और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से कुल 09 शिकायतें एलपीजी गैस की आपूर्ति के सम्बन्ध में दर्ज हुई है, वही कंट्रोलरूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी प्रकार की समस्या को लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज लगभग 13913 से अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू तथा 1005 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है।एलपीजी का घरेलू 25861 तथा व्यवसायिक का 4313 स्टॉक उपलब्ध है।  घरेलू के साथ ही व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर का लोड निंरतर बढाया जा रहा है। 
विधिक अभिभावक नियुक्ति से दिव्यांगजनों को मिलेगा सशक्त सहारा

प्रत्येक तिमाही में होगी समीक्षा, सुनिश्चित होगा दिव्यांग कल्याण

गोपेश्वर (चमोली)। निशक्त व्यक्तियों को विधिक अभिभावक नियुक्त करने के लिए प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए जिला स्तरीय लोकल लेवल कमेटी की बैठक में चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विधिक अभिभावकों की नियुक्ति कर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। डीएम गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निशक्त व्यक्तियों के लिए विधिक अभिभावक नियुक्त किए जाने तथा दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला स्तरीय लोकल लेवल कमेटी की बैठक में दिव्यांगजनों के हितों के संरक्षण एवं उनके समग्र कल्याण के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों की सहमति के आधार पर प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए पात्र मामलों में विधिक अभिभावकों की नियुक्ति कर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक तिमाही में इन मामलों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि यह देखा जा सके कि दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन एवं अन्य सुविधाओं का उपयोग उनके हित में ही हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने को भी कहा। कहा कि दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके जीवन स्तर में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने को कहा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि नेशनल ट्रस्ट पोर्टल के माध्यम से विधिक अभिभावक नियुक्त किए जाने के लिए तीन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सोनी पुत्री स्व. अयोध्या प्रसाद के लिए संतोष गैरोला को विधिक अभिभावक, विनोद प्रसाद पुत्र स्व. जानकी प्रसाद के लिए सविता देवी तथा सुशील चंद्र रतूड़ी पुत्र स्व. मदन किशोर रतूड़ी के लिए अनिल कुमार रतूड़ी को विधिक अभिभावक नियुक्त किए जाने आवेदन मिले हैं। बताया कि समिति की ओर से नियुक्त विधिक अभिभावकों की कार्यप्रणाली की प्रत्येक तीन माह में समीक्षा की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन एवं अन्य आर्थिक सहायता का समुचित उपयोग उनके कल्याण में ही किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, जिला शासकीय अधिवक्ता मनोज भट्ट समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन में चित्र आधारित काव्य कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का सफल समापन

लैंसडौन : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में आयोजित तीन दिवसीय ‘चित्र आधारित काव्य’ कला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का 18 अप्रैल को भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। 16 से 18 अप्रैल तक चले इस सृजनात्मक आयोजन ने विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति कौशल एवं कलात्मक प्रतिभा को नई दिशा प्रदान की।

कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति, सुप्रसिद्ध कलाकार एवं साहित्यकार देवेंद्र नैथानी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि, “विद्यार्थियों में अद्भुत कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति की क्षमता है। यदि उन्हें सही दिशा और मंच मिले, तो वे कला और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे सकते हैं। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और रचनात्मकता का परिचय दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है।”

समापन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित चित्र एवं काव्य की प्रदर्शनी ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकगण एवं अभिभावकों को अत्यंत प्रभावित किया। अभिभावकों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ाया। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

प्राइमरी वर्ग में बेस्ट ड्राइंग के लिए अधीक्षिता कक्षा 2 एवं अजलान कक्षा 4, जूनियर वर्ग में नव्या अग्रवाल कक्षा 7 तथा सीनियर वर्ग में अर्नव रावत कक्षा 9 को श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त बेस्ट क्रिएटिविटी के लिए विद्यालय के चेयरमैन द्वारा दिव्यांशी जुयाल कक्षा 12 को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने संसाधन व्यक्ति देवेंद्र नैथानी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते हुए कहा कि, “यह कार्यशाला विद्यार्थियों के भीतर छिपी सृजनात्मक प्रतिभा को उभारने का एक सफल प्रयास रही है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और नवाचार की दिशा में भी आगे बढ़ाते हैं।

उन्होंने विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, वीएसएम, कमांडेंट जीआरआरसी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग  से यह भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हो पाया है।

बाल संप्रेषण गृह गडोली में सुविधाओं का निरीक्षण, विधिक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश

पौड़ी : राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), गडोली में आयोजित किशोर न्याय बोर्ड की मासिक बैठक में प्रतिभाग किया गया।

बैठक के दौरान किशोर न्याय से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को किशोरों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके पुनर्वास एवं सुधारात्मक उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), गडोली, पौड़ी में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे आवास, भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं एवं शिक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया। साथ ही, वहां स्थापित लीगल एड क्लिनिक का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र किशोरों को समय-समय पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।

बैठक के दौरान किशोरों को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर प्रधान मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड प्रतिभा केसरवानी, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार, अधीक्षिका बाल संप्रेषण गृह (किशोर) मीना नेगी, पीएलवी अवतार सिंह सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

जन शिकायतों पर सख्ती, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों की तय की जवाबदेही

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को फोर्स क्लोज करने के मामलों में जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति के बिना किसी भी स्तर पर फोर्स क्लोज की कार्रवाई न की जाए।

सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना पर्याप्त कार्यवाही किए यदि कोई अधिकारी शिकायत को फोर्स क्लोज करता है, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905 केवल एक दूरभाष संख्या नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं और विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि सुनिश्चित होने तक किया जाए।

उन्होंने शासन के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों तथा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर उनके शीघ्र समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्राप्त प्रत्यक्ष शिकायत की तरह गंभीरता से लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी स्तर पर प्रत्येक सप्ताह तथा विभागीय सचिव स्तर पर प्रत्येक माह में कम से कम दो बार शिकायतों की समीक्षा की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की सफलता का वास्तविक आकलन तभी संभव है, जब शिकायतकर्ता यह अनुभव करें कि सरकार ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक प्राप्त किया जाए तथा उच्च स्तर पर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये ए.आई. डेटा संचालन एवं शिकायत प्रबन्धन पर ध्यान दिया जा रहा है। इसमें शिकायतों का पूर्वानुमान एवं हाॅट स्पाॅट की पहचान कर प्राथमिकता के साथ मजबूत समाधान एवं निगरानी प्रणाली को विकसित करने में मदद मिली है। ए.आई. आधारित प्रक्रिया से विभिन्न मौसमों के अनुरूप प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान में मदद मिल रही है। ग्रीष्म कालीन शिकायतों में प्रमुख रूप से पेयजल, ऊर्जा, शहरी विकास एवं गृह विभाग से संबंधित शिकायतें शामिल रही हैं, जिनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया गया है। सीएम हेल्प लाइन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ने के साथ काॅल वाॅल्यूम में वृद्धि के साथ समाधान की राह भी प्रशस्त हुई है। सीएम हेल्पलाइन में जनपद वार जन शिकायतों के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ है कि देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं, जबकि उत्तरकाशी और चम्पावत बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा के दौरान अधिकतम शिकायतों का निस्तारण करने वाले अधिकारियों से वार्ता कर उनकी सराहना की और उन्हें सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग, उत्तरकाशी में कार्यरत अधिशासी अभियंता श्री मनोज गुसाई और ऊर्जा विभाग, पौड़ी में कार्यरत अधिशासी अभियंता श्री  अभिनव रावत से वार्ता की तथा उनके प्रयासों की सराहना की। 

मनोज गुसाई ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके द्वारा नियमित रूप से 1905 में आई शिकायत की मॉनिटरिंग की जाती है। साथ ही विभाग के अंतर्गत एक स्पेशल सेल बनाई गई है, जो लोगों से बात कर उनकी समस्याओं का समाधान करती है। श्री अभिनव रावत ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके द्वारा विभाग के अंतर्गत कोऑर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है और 1905 मोबाइल ऐप के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग की जाती है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से भी वार्ता की। इसी क्रम में उन्होंने देहरादून की व बीना ढींगरा की समस्या सुनी। बीना ढींगरा ने बताया कि वह मार्च 2023 में सहायक अध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुई थी, जिसके बाद से उन्हें एनपीएस पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है । मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 2 दिन के भीतर उनकी समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। श्रीमती बीना ढींगरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। 

हरिद्वार के तरुण सिंह ने पानी निकासी की समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से जुड़े हरिद्वार के जिलाघिकारी को तुरंत समस्या के समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के श्री सुरेंद्र कुमार नागपाल से भी वार्ता की। श्री सुरेंद्र कुमार नागपाल ने बताया कि सहस्त्रधारा रोड स्थित उनके आवास में स्ट्रीट लाइट विगत दिनों से खराब थी, जिस पर उन्होंने 1905 पर शिकायत की। श्री सुरेंद्र कुमार नागपाल ने बताया कि अगले ही दिन उनकी समस्या का समाधान हो गया, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में दो दिवसीय स्टार नाइट, 27 अप्रैल को प्रियंका मेहर और 28 अप्रैल को बाॅलीवुड गायक विशाल मिश्रा का लाइव काॅन्सर्ट

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में 27 और 28 अप्रैल को सुर-संगीत की भव्य महफिल सजने जा रही है। 27 अप्रैल को प्रियंका मेहर अपनी मधुर आवाज से उत्तराखण्डी लोक संगीत की छटा बिखेरेंगी। डीजे निक के हाई-वोल्टेज साउंड के साथ धमाकेदार म्यूजिक का ऐसा जबरदस्त संगम होगा, जो हर किसी को झूमने पर मजबूर कर देगा। वहीं 28 अप्रैल की शाम बॉलीवुड सिंगर विशाल मिश्रा के लाइव कॉन्सर्ट से गुलजार होगी। एसजीआरआर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं में इस दो दिवसीय आयोजन को लेकर खासा उत्साह और बेसब्री देखी जा रही है। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के वार्षिक फैस्ट जैनिथ 2026 को लेकर जोरशोर से तैयारियों को पूरा किया जा रहा है।

पथरी बाग स्थित विश्वविद्यालय के हैलीपैड को कार्यक्रम स्थल के रूप में विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। 27 अप्रैल को प्रियंका मेहर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक धुनांें से इस आयोजन को और खास बनाएंग, जहां पहाड़ की मिट्टी की खुशबू गीतों के जरिए हर दिल तक पहुंचेगी। लोक संगीत की मधुर तानें न केवल संस्कृति से जोड़ेंगी बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों से भी रूबरू कराएंगी। 28 अप्रैल को बॉलीवुड का तड़का युवाओं की धड़कनों को और तेज कर देगा। विशाल मिश्रा की सुरीली आवाज और हिट गानों की प्रस्तुति से माहौल रोमांचक और यादगार बनने वाला है, जहां हर बीट पर युवाओं का उत्साह चरम पर नजर आएगा। दो दिनों तक चलने वाला यह संगीत उत्सव सांस्कृतिक और युवा जोश का अनूठा संगम साबित होगा।