चमोली पुलिस ने व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों संग कसी कमर, समन्वय पर दिया जोर

चमोली। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद भर में बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में आज गोपेश्वर, गौचर और ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में पुलिस अधिकारियों ने व्यापार संघ, होटल व्यवसायियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने व्यापारियों से ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ श्रद्धालुओं से सौम्य व्यवहार करने और बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की।

बैठकों के दौरान होटल संचालकों को यात्रियों के अनिवार्य पंजीकरण और निर्धारित दरों के पालन के सख्त निर्देश दिए गए। गौचर और ज्योतिर्मठ में थाना प्रभारियों ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने पर जोर दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान धामों की पवित्रता और नशामुक्त वातावरण बनाए रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। समन्वय की इस पहल का उद्देश्य देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को एक सुखद और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।

मुख्य सचिव की बैठक में वन संसाधन प्रबंधन पर अहम फैसले

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन समिति की उच्चाधिकार समिति की बैठक संपन्न हुयी। बैठक के दौरान उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन समिति के विभिन्न कार्यकलापों की जानकारी समिति के समक्ष रखी गयी एवं विभिन्न प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गयी।

मुख्य सचिव ने अखरोट विकास कार्यक्रम के तहत् लगाए गयी अखरोट की पौध की अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी। उन्होंने सम्बन्धित प्रभाग के डीएफओ से इसका मूल्यांकन कर अवगत कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के अंतर्गत किसानों द्वारा इससे होने वाले फलोत्पादन की भी अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के मूल्यांकन से आगे की कार्ययोजना बनायी जा सकेगी।

मुख्य सचिव ने योजना के अंतर्गत जापान के तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन से मृदा अपरदन नियंत्रण और अवसाद आपदा शमन (Erosion Control & Sediment Disaster Mitigation) के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों को आपदा प्रबन्धन विभाग के साथ जापानी तकनीक के महत्त्वपूर्ण पहलुओं को साझा किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखण्ड में लैंड स्लाईड मिटिगेशन में सहायता मिल सकती है।

मुख्य सचिव ने योजना के अंतर्गत आजीविका से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, क्लस्टर्स और राज्य स्तरीय फेडरेशन की क्षमता विकास, बाजार की उपलब्धता के साथ ही हैंड होल्डिंग किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिरूल की तर्ज पर लैंटाना पर भी कार्य किए जाने की जरूरत है।

इस अवसर पर पीसीसीएफ कपिल लाल, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी पुरूषोत्तम एवं धीराज गर्ब्याल, सी. रविशंकर, एपीसीसीएफ नरेश कुमार, अपर सचिव हिमांशु खुराना सहित वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश शुरू, 10 मई तक करें आवेदन

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग द्वारा शैक्षिक सत्र 2026–27 हेतु प्रदेश के आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है। इच्छुक बालक एवं बालिकाएं 10 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स एवं तैराकी (केवल बालक वर्ग) में अवसर उपलब्ध हैं। इसी प्रकार, पिथौरागढ़ स्थित हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज में फुटबॉल, बॉक्सिंग एवं एथलेटिक्स, जबकि चंपावत के बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं बॉक्सिंग में प्रवेश की व्यवस्था की गयी है।

उन्होंने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2015 के मध्य निर्धारित की गयी है। साथ ही अभ्यर्थी का कक्षा 5 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है तथा वह केवल एक ही खेल में प्रतिभाग कर सकता है। साथ ही अभ्यर्थी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला क्रीड़ा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

शुगर मरीज बनकर पहुंची SDM, खुल गया फर्जी डॉक्टर का खेल

दिनेशपुर : उधम सिंह नगर जनपद के दिनेशपुर क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी डॉक्टर के अवैध दवा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। आरोपी आयुर्वेदिक उपचार के नाम पर एलोपैथिक दवाओं का इस्तेमाल कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था।

 

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को इस मामले में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जांच की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह को सौंपी गई। मामले की सच्चाई जानने के लिए एसडीएम ऋचा सिंह खुद शुगर मरीज बनकर आरोपी के पास पहुंचीं और दवा ली। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर एलोपैथिक शुगर की दवाएं दे रहा था।

पुख्ता सबूत मिलने के बाद प्रशासन ने पुलिस, ड्रग विभाग और अन्य टीमों के साथ संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान मौके से भारी मात्रा में दवाएं बरामद की गईं, जिनमें करीब 60 हजार एलोपैथिक गोलियां, विटामिन की दवाएं, पैकिंग सामग्री और दवा बनाने की मशीनें शामिल हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी, इसके बावजूद वह लंबे समय से इलाज कर रहा था। छापेमारी के दौरान एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

इसके अलावा मौके से बारहसिंघा के सींग भी मिले हैं, जिसके बाद वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन के अनुसार आरोपी का नेटवर्क काफी बड़ा था और वह देश-विदेश तक दवाओं की सप्लाई कर रहा था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।

प्रशासन ने उन लोगों से अपील की है जिन्होंने आरोपी से दवा ली है, वे तुरंत दवाओं का सेवन बंद करें और अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।

बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुई शंकराचार्य की गद्दी व गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा, 23 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

जोशीमठ: चारधाम यात्रा के तहत मंगलवार को नृसिंह मंदिर परिसर से विशेष पूजा-अर्चना के बाद आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और गाडू घड़ा तेल कलश को बदरीनाथ धाम के लिए विधिवत रवाना किया गया।

इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। भगवान बदरी विशाल के भजनों, महिलाओं के मंगल गीतों और सेना के बैंड की मधुर धुनों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

जानकारी के अनुसार, यात्रा का रात्रि विश्राम योग ध्यान बदरी में किया जाएगा। इसके बाद अगले दिन भगवान कुबेर और उद्धव की डोली, आदि गुरु आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी तथा गाडू घड़ा तेल कलश के साथ बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया जाएगा। इस धार्मिक यात्रा में बदरीनाथ धाम के रावल भी शामिल रहे और परंपरागत विधि-विधान के साथ यात्रा आगे बढ़ रही है।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार, 23 अप्रैल को शुभ मुहूर्त में बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का प्रमुख चरण शुरू हो जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

लेंसकार्ट ड्रेस कोड विवाद पर हंगामा, बजरंग दल का प्रदर्शन, दो दिन में माफीनामे की मांग

देहरादून: लेंसकार्ट के ड्रेस कोड को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को देहरादून में भी स्थिति गरमा गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चकराता रोड और एक मॉल स्थित लेंसकार्ट शोरूम में पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शोरूम के कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाया और उनके हाथों में कलावा बांधा। बजरंग दल का आरोप है कि कंपनी ने कर्मचारियों को तिलक और कलावा पहनने से रोकने का निर्देश जारी किया है, जिसका उन्होंने कड़ा विरोध किया।

बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने कहा कि यह आदेश धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कंपनी दो दिन के भीतर माफीनामा जारी नहीं करती है, तो देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, लेंसकार्ट की ओर से सामने आया है कि यह एक पुराना आदेश था, जिसे लेकर पहले ही स्पष्टीकरण और खेद जताया जा चुका है। कंपनी का कहना है कि कर्मचारियों की धार्मिक अभिव्यक्ति पर कोई रोक नहीं है।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने घटना की निंदा की है और इसे गुंडागर्दी बताया है।

कोटद्वार : महापौर ने निर्माणाधीन बुद्धा पार्क का किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर

कोटद्वार : नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने आज निर्माणाधीन बुद्धा पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों-जैसे पाथवे निर्माण, हरित क्षेत्र का विकास, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं जल निकासी प्रणाली-का विस्तार से अवलोकन किया।

महापौर रावत ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि बुद्धा पार्क को शीघ्र ही आमजन के लिए समर्पित किया जा सके।

महापौर ने कहा कि बुद्धा पार्क क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नागरिकों को स्वच्छ, हरित एवं शांत वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि पार्क में बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है, जिससे यह स्थान सामाजिक एवं पारिवारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की तकनीकी या गुणवत्ता संबंधी कमी को तत्काल दूर किया जाए। महापौर रावत ने विश्वास व्यक्त किया कि बुद्धा पार्क का निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को एक सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक पार्क उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर नगर आयुक्त पी एल शाह, अधिशाषी अभियंता, सह नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा उपस्थित रहे।

उत्तराखंड : ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत, 7 घायल, खाई में गिरने से युवक की मौत

टिहरी : जिले के कौडियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:05 बजे State Disaster Response Force (SDRF) को चौकी व्यासी से सूचना मिली कि कौडियाला के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।

सूचना मिलते ही SDRF टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पता चला कि सड़क किनारे खड़े सरिया लदे भारी ट्रक से एक कार टकरा गई थी। कार में चालक सहित कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे।

हादसे में 55 वर्षीय धूमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू उपकरण (RR Saw) की मदद से वाहन को काटकर बाहर निकाला। शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

उत्तरकाशी में खाई में गिरने से मौत

वहीं उत्तरकाशी जिले में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सोमवार देर शाम थाना मोरी क्षेत्र में जखोल से आगे सिरगा मोटर मार्ग पर एक व्यक्ति खाई में गिर गया।

सूचना मिलने पर SDRF टीम मुख्य आरक्षी सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, व्यक्ति का पैर फिसलने से वह करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया और पुलिस को सौंप दिया। मृतक की पहचान 41 वर्षीय खेम चंद, निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित होटल और ढाबों में मिलेगा स्वच्छ और शुद्ध भोजन

देहरादून : चारधाम यात्रा मार्ग के होटल – ढाबों में तीर्थयात्रियों को स्वच्छ और शुद्ध भोजन मिलेगा, इसके लिए खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने यात्रा मार्ग पर क्विक रिस्पांस टीमों और मोबाइल फूड सेफ्टी वैन की तैनाती की है। साथ ही विभाग ने यात्रा मार्ग के होटल- ढाबों और खाद्य कारोबारियों के साथ व्यापक स्तर संवाद और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा को ग्रीन यात्रा की थीम पर संचालित करने पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग यात्रा मार्ग के प्रमुख शहरों में होटल और खाद्य कारोबारियों के साथ प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कर रहा है। 

विभाग ने चारधाम मार्ग पर शुद्ध और ताजा भोजन उपलब्ध करवाने के लिए रोटेशन के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात किए हैं। साथ ही यात्रा मार्ग पर खाद्य पदार्थों की जांच और जन जागरुकता के लिए मोबाइल फूड सेफ्टी वैन और शिकायत रिस्तारण के लिए क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात की गई है। विभाग ने शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर -18001804246 भी जारी किया है।

आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन सचिन कुर्वे के निर्देश पर विभाग यात्रा मार्ग के होटल, ढाबा संचालकों के साथ मीटिंग कर ग्रीन यात्रा, स्वच्छता और मिलावट रहित भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण दे रहा है। उपायुक्त मुख्यालय गणेश कंडवाल ने बताया कि आयुक्त के दिशानिर्देशों के क्रम में अब तक उत्तरकाशी, श्रीनगर, देवप्रयाग, तीनधारा, चंबा, घनसाली, रुद्रप्रयाग, घट्टूगाड़ में 250 से अधिक होटल कारोबारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि ईट राइट अभियान के क्रम में खाद्य तेल को तीन बार से अधिक इस्तेमाल करने के बजाय इसे बायोफ्यूल बनाने के लिए उपलब्ध कराने के लिए कहा जा रहा है। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में देश-विदेश के लाखों यात्री उत्तराखण्ड पहुंचते हैं। हमारा प्रयास है कि ना सिर्फ तीर्थ यात्रियों को शुद्ध भोजन और स्वच्छ वातावरण मिले, बल्कि यात्रा के चलते हमारे पवित्र तीर्थस्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक की समस्या भी पैदा न हो, हम सिंगल यूज प्लास्टिक का रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं।

गंगा घाटों पर बढ़ी सतर्कता, पुलिस ने शुरू किया जागरूकता अभियान

लक्ष्मण झूला : चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से यात्रा मार्गों के साथ-साथ लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा घाटों के किनारे चिन्हित खतरनाक घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी साइन बोर्ड एवं जन-जागरूकता बोर्ड स्थापित किए जा रहे हैं।

पुलिस टीम द्वारा लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर ऐसे जोखिमपूर्ण स्थानों एवं सड़क मार्गों की पहचान की जा रही है, जहाँ यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सतर्कता आवश्यक है। चिन्हित स्थलों पर स्पष्ट एवं प्रभावी संदेशों वाले साइन बोर्ड लगाकर यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को संभावित खतरों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस टीम द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को गंगा घाटों पर सावधानी बरतने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। सभी यात्रियों एवं आमजन से अपील है कि वे लगाए गए साइन बोर्डों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।