चारधाम यात्रा : बद्रीनाथ में पुलिस अलर्ट, व्यापक सत्यापन अभियान से कसी सुरक्षा

बदरीनाथ/चमोली। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए बद्रीनाथ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत धाम और आसपास के क्षेत्रों में रह रहे बाहरी व्यक्तियों, नेपाली मूल के नागरिकों तथा कंडी संचालकों का सघन सत्यापन किया गया।

यात्रा सीजन के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर हर स्तर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने न केवल संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की, बल्कि उनकी पहचान और गतिविधियों की गहन जांच करते हुए आवश्यक दस्तावेजों का मिलान भी सुनिश्चित किया। बद्रीनाथ पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने के लिए पुलिस टीम द्वारा स्थानीय होटलों, धर्मशालाओं और होम-स्टे में भी लगातार चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे “सुरक्षित यात्रा, सबकी जिम्मेदारी” के मंत्र को अपनाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस अभियान से यात्रा शुरू होने से पूर्व असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

पौड़ी गढ़वाल : शादी के जश्न में जानलेवा सफर, शराब के नशे में मदहोश 2 चालक गिरफ्तार
पौड़ी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना रिखणीखाल पुलिस टीम द्वारा मैन्दणी तिराहा मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो वाहन चालक की एल्कोमीटर से जांच करने पर दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिस पर पुलिस टीम ने तत्काल दोनों चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को मौके पर ही सीज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। वाहनों में सवार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम द्वारा तुरंत वैकल्पिक वाहन से सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

 

अपील:

अक्सर खुशी के माहौल में लोग लापरवाही कर बैठते हैं, लेकिन याद रखें— नशे में वाहन चलाना न सिर्फ आपकी, बल्कि कई निर्दोष लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल सकता है।

 

नाम पता चालक:

अजय गुसांई पुत्र ध्यानपाल गुसांई, निवासी ग्राम शिब्बूनगर, पदमपुर सुखरो, कोटद्वार, उम्र 32 वर्ष

सतेन्द्र प्रसाद पुत्र मंगतु, निवासी ग्राम हिटोली, रिखणीखाल, उम्र 45 वर्ष