हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने में जुटे सेना के जवान

गोविन्दघाट : श्री हेमकुंट साहिब यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य इंडियन आर्मी के जवानों द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद सेना के जवान लगातार मार्ग को साफ कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सेना के इस सराहनीय प्रयास से यात्रा मार्ग को शीघ्र ही पूरी तरह सुचारु किया जाएगा । प्रशासन द्वारा भी यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

श्री हेमकुंट साहिब के कपाट आगामी 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इसके मद्देनजर संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं और यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

चंपावत के बनबसा में होगा आधुनिक लैंड पोर्ट का निर्माण – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

नई दिल्ली : उत्तराखण्ड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जयंत सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। इस परियोजना को एशियन हाईवे से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित उत्तराखण्ड राज्य के पिथौरागढ़ जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों धारचूला एवं झूलाघाट में सीमा व्यापार, आवागमन तथा आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किए जाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहितों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाया जाए, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के उत्पादों को बेहतर बाजार भी उपलब्ध हो सकेगा। 

मुख्यमंत्री ने लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों की सुविधा हेतु चल रहे कार्यों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पौड़ी में पंचायत सशक्तिकरण पर मंथन, प्रशिक्षण सह-सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास को नयी दिशा देने के उद्देश्य से पंचायतीराज तथा ग्राम्य विकास विभाग द्वारा प्रेक्षागृह, पौड़ी में प्रशिक्षण सह-सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला ने प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों एवं प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण हेतु सकारात्मक सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें पंचायतों को अधिक वित्तीय अधिकार प्रदान करने, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि गांव विकास की मूल इकाई है और राज्य की प्रगति का आधार ग्रामीण क्षेत्र ही हैं। उन्होंने पंचायतों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब ग्राम स्तर पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक आदर्श गांव विकसित करने तथा आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से विशेष योजनाएं संचालित करने पर भी जोर दिया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, साक्षरता एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों को ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें।

जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण सह-सम्मेलन कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि में सहायक सिद्ध होते हैं, जिससे विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो पाता है। 

कार्यक्रम का संचालन गणेश खुगशाल ‘गणी’ द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, एएमए भावना रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष पंकज पोखरियाल सहित विभिन्न ब्लॉक प्रमुख, प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से मिलकर चारधाम यात्रा में शत प्रतिशत LPG आपूर्ति का किया अनुरोध

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में भेंट कर उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों एवं आपदाजन्य संवेदनशीलता के दृष्टिगत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

 

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन हेतु व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत् 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने अवगत कराया कि राज्य में अप्रैल से नवम्बर तक संचालित होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जून से सितम्बर के मध्य मानसून अवधि में राज्य को प्रतिवर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पर्वतीय भू-भाग एवं दुर्गम परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में एलपीजी गैस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। इस परिप्रेक्ष्य में उन्होंने व्यावसायिक सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत (लगभग 48,397 सिलेंडर) आवंटन सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन एवं साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान एवं आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया और राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।

ITI श्रीनगर में लगेगा रोजगार मेला, ऑटोमोबाइल सेक्टर की बड़ी कंपनियां लेंगी हिस्सा

श्रीनगर : कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में 5 मई को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), श्रीनगर (गढ़वाल) में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी, लैंसडाउन उत्तम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में हरिद्वार परिक्षेत्र की ऑटोमोबाइल सेक्टर की प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे जेके टायर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज मोटर्स, रॉकमैन, शिवम ऑटोटेक तथा मुंजाल शोवा सहित लगभग 10 से 12 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिभाग करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मेले के माध्यम से लगभग 700 से 800 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, हालांकि रिक्तियों की संख्या आवश्यकता के अनुसार परिवर्तनीय हो सकती है।

सेवायोजन अधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, ऑटोमोबाइल), डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल) तथा बीएससी स्नातक निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गयी है कि वे अपने साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, अद्यतन बायोडाटा, सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर मेले में उपस्थित हों।

पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, जिला योजना में रोजगार व नवाचार को बढ़ावा

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला योजना वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित परिव्यय पर चर्चा एवं समग्र समीक्षा के लिए विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी मंत्री (पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना) मदन कौशिक ने की। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत तथा अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रभारी मंत्री, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत तथ अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा “पौड़ी प्रगति पोर्टल” का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जिला योजना, राज्य सरकार, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने विगत वित्तीय वर्ष 2025-26 की जिला योजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें राजकीय जिला पुस्तकालय, राहु मंदिर, प्रेरणा कोचिंग, धारी देवी मंदिर परिसर में वॉल वॉशर लाइटिंग, विज्ञान संग्रहालय, पालकोट में प्रस्तावित ईको एडवेंचर पार्क तथा कंडोलिया इंडोर स्टेडियम, कंडोलिया मैदान सुदृढ़ीकरण, प्रोजेक्ट बचपन, बर्ड फेस्टिवल, नयार घाटी फेस्टिवल, मोहन चट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल रहे। साथ ही उन्होंने प्रस्तावित अन्य कार्यों जैसे जेल संग्रहालय की भी जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों के प्रस्तुतिकरण एवं नेतृत्व क्षमता के लिए जिलाधिकारी तथा जिला प्रशासन की सराहना की। म उन्होंने सभी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत व्यय पर प्रसन्नता जताते हुए निर्देश दिए कि पुस्तकालय के लिए नवीन पुस्तकों की आवश्यकता संबंधी प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भी आवश्यकतानुसार धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 11,997.70 लाख रुपये के जिला योजना परिव्यय पर विस्तृत चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करें, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जमीनी स्तर के सशक्त माध्यम होते हैं, जिन्हें क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं का गहन ज्ञान होता है। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्व से लंबित एवं अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जिला योजना में शामिल किया जाए तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों को समान रूप से वरीयता दी जाए। 

प्रभारी मंत्री ने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026-27 की जिला योजना में कुल बजट का 15 प्रतिशत हिस्सा स्वरोजगार आधारित विभागों को आवंटित किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने क्लस्टर आधारित कार्य योजनाओं को प्राथमिकता देने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन से पूर्व कार्यस्थलों के चयन एवं भूमि विवादों के निस्तारण को सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। प्रभारी मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बजट का उपयोग अधिक उपयोगी, स्थायी एवं परिणामोन्मुखी विकास कार्यों में किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना एवं समयसीमा निर्धारित करे तथा उसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करे। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और कार्यों की निगरानी फील्ड स्तर पर नियमित रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग योजनाओं में नवाचार अपनाते हुए स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग करें तथा प्रत्येक योजना के परिणामों को मापने योग्य बनाया जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने नए ब्लॉक प्रमुखों को इस संवादात्मक सत्र में शामिल होने के लिए उनके उज्जवल भविष्य की बधाई दी। बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित विभिन्न विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए गए। 

इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, उपाध्यक्ष आरती नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जल निगम मो. मीशम, लोनिवि निर्भय सिंह, विवेक कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अपर मुख्य अधिकारी भावना रावत, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डे, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश चंद्र काला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

पौड़ी गढ़वाल : बिना सत्यापन रहने वालों पर पुलिस की नजर, 11 व्यक्तियों पर की चालानी कार्यवाही

पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार  सगन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहा है। इसी क्रम में कार्यवाही करते हुए थाना सतपुली पुलिस टीम द्वारा  थाना क्षेत्र अंतर्गत चलाए सघन सत्यापन व चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्र में बिना निवासरत बाहरी व्यक्तियों कुल 11 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस एक्ट के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की गई।

इसके अतिरिक्त, चौकी क्षेत्र लाल घाटी अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर हुड़दंग करने वाले 06 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस टीम द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई। जनपद में पुलिस टीम द्वारा लगातार ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए सख्त चेतावनी दी जा रही है।

नंदप्रयाग में मॉडल वेटनरी अस्पताल की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के नंदप्रयाग में निर्माणाधीन माॅडल वेटनरी अस्पाल के निर्माणाधीन स्थल पर अतिक्रमण को लेकर क्षेत्रीय जनता ने डीएम को ज्ञापन देकर इसका संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

जिला पंचायत सदस्य विपिन फरस्वाण, क्षेपंस नंदन कुमार, तेफना की प्रधान प्रीति  का आरोप है कि नंदप्रयाग के राजकीय पशु चिकित्सालय को मॉडल वेटनरी हॉस्पिटल के में विकसित करने को चल रहे निर्माण कार्य के बीच सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। उनका आरोप है कि एक स्टोन क्रशर संचालक की ओर से  बीते दो दिनों से चिकित्सालय की भूमि पर अवैध रूप से मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। कहा कि इस अस्पताल के बन जाने के बाद क्षेत्र के 40 से 50 गांवों के पशुपालकों को इसका लाभ मिल सकेगा।

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि स्टोन क्रशर का संचालन वर्ष 2004 से अस्पताल के समीप क्षेत्र में हो रहा है और पहले से ही सामग्री ढुलाई के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जाता रहा है। बावजूद इसके, अब बिना किसी अनुमति के नए मार्ग का निर्माण कर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर इस संबंध में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है, ताकि निर्माणाधीन अस्पताल और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान देवर कंडेरी की प्रधान सरोजनी देवी, पलेठी की प्रधान चंद्रकला देवी, पार्षद अनसूया प्रसाद व श्याम लाल मुनियाल आदि मौजूद रहे।

कोटद्वार : बंद दुकान में लगी भीषण आग, फायर टीम की तेजी से टला बड़ा हादसा

कोटद्वार : कोटद्वार से एक बड़ी खबर सामने आई, जहां लकड़ी पड़ाव क्षेत्र में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जैसे ही फायर स्टेशन कोटद्वार को PFT-112 के माध्यम से सूचना मिली, तुरंत एक्शन लेते हुए टीम मौके के लिए रवाना हो गई।

फायर स्टेशन प्रभारी के निर्देशन में तेज़ कार्रवाई

चालक अमजद के नेतृत्व में 2 फायर टेंडर बिना देरी किए घटनास्थल पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा गया कि दिनेश गुंसाई की कई वर्षों से बंद पड़ी टिन शेड की दुकान में भीषण आग लगी हुई थी।

ताला तोड़कर किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

फायर यूनिट ने तुरंत डोर ब्रेकर की मदद से दुकान का ताला तोड़ा और पंपिंग सेट के जरिए होजरील से लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाया।

बड़ा हादसा टला – कोई जनहानि नहीं

सबसे राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर टीम की सतर्कता और तेजी के कारण आसपास की दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

दुकानों पर 200 रुपये यूजर चार्ज का विरोध, उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने उठाए सवाल

कोटद्वार। उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने कोटद्वार नगर निगम द्वारा दुकानों से दो सौ रूपये प्रतिमाह यूजर चार्ज के रूप में लिये जाने का विरोध किया है। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी ने कहा कि मोदी सरकार गढ़वालियों की पाई पाई चूसना चाहती है इसलिए तरह तरह के चार्ज लगा कर बढ़ती मंहगाई में और बोझ आम नागरिकों पर डाल रही है। मुजीब नैथानी ने कहा कि जब एक घर का यूजर चार्ज 40 रूपये तय किया गया था तो दुकानों का दो सौ रूपये तय करना केवल सरकारी लूट है। उन्होंने कहा कि दुकानों का यूजर चार्ज घरों से कम होना चाहिए हां होटल ढाबे और जूस आदि की दुकानों के यूजर चार्ज अलग से तय किये जा सकते हैं।